नोएडा, रफ़्तार टूडे। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं राजस्थान के पूर्व राज्यपाल पंडित कलराज मिश्रा की धर्मपत्नी श्रीमती सत्यवती मिश्रा का शनिवार रात नोएडा में निधन हो गया। उनके निधन की खबर सामने आते ही राजनीतिक, सामाजिक और सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोगों ने नोएडा पहुंचकर दिवंगत सत्यवती मिश्रा को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। श्रीमती सत्यवती मिश्रा का पार्थिव शरीर बी-49, सेक्टर-51, नोएडा स्थित आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। यहां परिजन, रिश्तेदार, भाजपा के नेता, कार्यकर्ता, शुभचिंतक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग पहुंचकर उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।

दोपहर में निकलेगी अंतिम यात्रा

प्राप्त जानकारी के अनुसार श्रीमती सत्यवती मिश्रा की अंतिम यात्रा आज दोपहर करीब 1 बजे सेक्टर-51 स्थित आवास से निकलेगी। इसके बाद अंतिम यात्रा लगभग 1:30 बजे नोएडा सेक्टर-94 स्थित अंतिम संस्कार स्थल पहुंचेगी, जहां पूरे सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंतिम संस्कार में राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक लोगों के शामिल होने की संभावना है।

मेट्रो अस्पताल में चल रहा था उपचार

बताया गया है कि श्रीमती सत्यवती मिश्रा की तबीयत खराब होने के बाद उन्हें नोएडा के मेट्रो अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया था। उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक भी अस्पताल पहुंचे थे। उपचार के दौरान उनके निधन की दुखद खबर सामने आई। उनके निधन से परिवार के साथ-साथ लंबे समय से उनसे जुड़े लोगों और शुभचिंतकों में भी गहरा शोक है।

राजनीतिक और सामाजिक जगत ने जताया दुख

सत्यवती मिश्रा के निधन पर भाजपा सहित विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्रों के लोगों ने शोक व्यक्त किया है। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कलराज मिश्रा एवं उनके परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।।भाजपा नेता वीरेश तिवारी ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व राज्यपाल आदरणीय कलराज मिश्रा जी की धर्मपत्नी श्रीमती सत्यवती मिश्रा जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

सत्यवती मिश्रा के निधन पर लगातार शोक संवेदनाओं का सिलसिला जारी है। उनके अंतिम दर्शन के लिए सेक्टर-51 स्थित आवास पर पहुंच रहे लोग परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। अंतिम संस्कार के साथ ही उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी।