निम्नदुनियाप्रदेश
Trending

Greater Noida News में माहौल बिगाड़ने की साजिश, भगवान परशुराम की प्रतिमा तोड़ी, ब्राह्मण समाज में रोष, शाम तक लगेगी नई मूर्ति

भगवान परशुराम की मूर्ति खंडित होने की सूचना पर ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष पीतांबर शर्मा, दादरी नगरपालिका अध्यक्ष गीता पंडित, मांगेराम शर्मा, उमाशंकर शर्मा सहित भारी संख्या में लोग मंदिर पहुंचे

नोएडा में भगवान परशुराम की मूर्ति खंडित, ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष पीतांबर शर्मा, गीता पंडित ने समर्थकों के साथ किया हंगामा

ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टुडे। थाना दादरी क्षेत्र के गुलावठी गांव में स्थित एक मंदिर में स्थापित भगवान परशुराम की मूर्ति को अज्ञात असामाजिक तत्वों ने खंडित कर दिया। इस घटना से ब्राह्मण समाज में आक्रोश व्याप्त है। ब्राह्मण समाज के लोगों ने इस मामले में पुलिस में शिकायत की है।

गुलावटी गांव में भगवान परशुराम की प्रतिमा लगी थी। गांव के बाहर चारदीवारी के अंदर प्रतिमा को लगाया गया था। मंगलवार को प्रतिमा का धनुष खंडित होने की सूचना पुलिस को दी गई। प्रतिमा खंडित होने की सूचना सुनकर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। दादरी नगरपालिका अध्यक्ष गीता पंडित भी समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गईं। ग्रामीणों ने मूर्ति खंडित होने को लेकर हंगामा किया। उनका आरोप था कि जनभावना को ठेस पहुंचाने के लिए ऐसा कृत्य किया गया है, जो सर्वसमाज में मान्य नहीं है।


भगवान परशुराम की मूर्ति खंडित होने की सूचना पर ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष पीतांबर शर्मा, मांगेराम शर्मा, उमाशंकर शर्मा  सहित भारी संख्या में लोग मंदिर पहुंचे। जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। ब्राह्मण समाज के लोगों को समझा-बुझाकर अधिकारियों ने वहां पर दूसरी मूर्ति रखवाने का आश्वासन दिया। जिला प्रशासन के लोग ब्राह्मण समाज के लोगों के साथ मेरठ से मूर्ति लेने के लिए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार शाम तक मूर्ति आ जाएगी।

मौके पर मौजूद अधिकारियों ने इस घटना को कारित करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की आश्वासन दिया। खंडित मूर्ति को गंगानगर में विसर्जित किया गया है। ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष पीतांबर शर्मा ने मांग की है कि इस तरह के कार्य करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो, तथा उनके खिलाफ रासुका लगे। उन्होंने कहा कि इस घटना से ब्राह्मण समाज में भारी रोष है।

ग्रेटर नोएडा एडीसीपी अशोक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने हंगामा कर रहे ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी। जिसके बाद हंगामा कर रहे ग्रामीण शांत हुए। इस संबंध में एडीसीपी का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के जरिए ऐसे लोगों की पहचान की जा रही है, जो प्रतिमा स्थल की तरफ गए थे। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button