BJP Breaking News: भाजपा संगठन में एक नेता का अंतर्विरोध!, जिला अध्यक्ष से खुले टकराव के आरोपों में घिरे जिला महामंत्री, पुराने बयान और व्यवहार फिर बने चर्चा का विषय, मंच पर सक्रिय, ज़मीनी काम पर सवाल, सभी से संबंध, लेकिन किस कीमत पर?

गौतम बुद्ध नगर, रफ़्तार टूडे। भारतीय जनता पार्टी गौतम बुद्ध नगर इकाई में संगठनात्मक मजबूती के दावों के बीच अंदरूनी मतभेदों की चर्चा एक बार फिर तेज हो गई है। पार्टी के एक जिला महामंत्री पर वर्तमान जिला अध्यक्ष को लेकर लगातार आपत्तिजनक टिप्पणियां करने और संगठनात्मक मर्यादाओं को नजरअंदाज करने के गंभीर आरोप सामने आ रहे हैं। ये आरोप न केवल वर्तमान कार्यकाल से जुड़े हैं, बल्कि वर्ष 2010 से चले आ रहे पुराने विवादों की ओर भी इशारा करते हैं।
जिला अध्यक्ष बनने पर खुलेआम असहमति के आरोप
सूत्रों के अनुसार, जब वर्तमान जिला अध्यक्ष की नियुक्ति हुई थी, उसी समय इस जिला महामंत्री ने कथित तौर पर कहा था कि वे उनके साथ काम नहीं करेंगे। आरोप है कि उन्होंने जिला अध्यक्ष के लिए आपत्तिजनक और अभद्र भाषा का प्रयोग किया और यहां तक कह दिया कि “कल-परसों का लड़का हमें क्या सिखाएगा”।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि यह बयान संगठनात्मक गरिमा के विपरीत था और इससे संगठन में तनाव का माहौल बन गया था।
वरिष्ठ नेता की मध्यस्थता से टला बड़ा टकराव
बताया जा रहा है कि स्थिति उस समय और बिगड़ सकती थी, लेकिन पार्टी के एक वरिष्ठ क्षेत्रीय नेता के हस्तक्षेप से जिला महामंत्री और जिला अध्यक्ष के बीच मनमुटाव को उस वक्त संभाल लिया गया। हालांकि, यह भी कहा जा रहा है कि मतभेद केवल ऊपर-ऊपर शांत हुए, जड़ से समाप्त नहीं हुए।
2010 से चला आ रहा विरोध?
पार्टी से जुड़े जानकारों का दावा है कि उक्त जिला महामंत्री वर्ष 2010 से ही वर्तमान जिला अध्यक्ष के विरोध में सक्रिय रहे हैं। आरोप है कि वे समय-समय पर न केवल जिला अध्यक्ष की आलोचना करते रहे, बल्कि निजी स्तर पर अपशब्दों का भी प्रयोग करते रहे।
कुछ नेताओं का यह भी कहना है कि कथित तौर पर जिला अध्यक्ष के साथ-साथ उनके पिता को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं, जिससे मामला और संवेदनशील हो गया।
मंच पर सक्रिय, ज़मीनी काम पर सवाल
भाजपा के ही कुछ कार्यकर्ताओं का आरोप है कि यह जिला महामंत्री मंचों पर तो काफी सक्रिय दिखाई देते हैं, लेकिन संगठनात्मक और ज़मीनी कार्यों में उनकी भूमिका सीमित रही है। एक कार्यकर्ता ने नाम न छापने की शर्त पर कहा—
“मंच पर ये खुद को हीरो की तरह पेश करते हैं, लेकिन काम के नाम पर ज़ीरो हैं। यही इनका काम करने का तरीका है।”
सभी से संबंध, लेकिन किस कीमत पर?
पार्टी के अंदर यह भी चर्चा है कि उक्त नेता संगठन में अपनी पकड़ बनाए रखने के लिए अलग रणनीति अपनाते हैं। आरोप है कि वे पक्ष-विपक्ष के नेताओं को अपने निजी फार्महाउस या रेस्टोरेंट में आमंत्रित कर संबंध मजबूत करने की कोशिश करते हैं।
हालांकि समर्थकों का कहना है कि इसे उनकी संपर्क क्षमता के रूप में देखा जाना चाहिए, वहीं आलोचकों का मानना है कि यह तरीका संगठनात्मक पारदर्शिता पर सवाल खड़े करता है।
जिला अध्यक्ष बनने के बाद बदला रवैया?
दिलचस्प बात यह है कि जिला अध्यक्ष बनने के बाद कथित तौर पर अपशब्दों और खुले विरोध में कमी आई है। पार्टी के अंदरखाने में यह चर्चा है कि अब विरोध का तरीका बदला गया है, लेकिन असहमति पूरी तरह खत्म नहीं हुई है।
संगठन के लिए चेतावनी?
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि ऐसे अंदरूनी मतभेदों को समय रहते गंभीरता से नहीं सुलझाया गया, तो इसका असर संगठन की एकजुटता और आगामी चुनावी रणनीति पर पड़ सकता है।
भाजपा जैसे अनुशासित संगठन में सार्वजनिक और निजी दोनों स्तरों पर मर्यादा बनाए रखना अनिवार्य माना जाता है।
गौतम बुद्ध नगर भाजपा इकाई में उठे ये सवाल केवल व्यक्तिगत टकराव तक सीमित नहीं हैं, बल्कि संगठनात्मक संस्कृति, अनुशासन और नेतृत्व के सम्मान से भी जुड़े हैं। अब देखना यह होगा कि पार्टी नेतृत्व इन आरोपों को कितनी गंभीरता से लेता है और संगठन में सामंजस्य बनाए रखने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।



