Noida Authority News : बारिश के बीच नोएडा प्राधिकरण का ग्राउंड एक्शन, महाप्रबंधक (सिविल) ए.के. अरोड़ा ने किया सेक्टरों का निरीक्षण, जलभराव रोकने के दिए सख्त निर्देश,सेक्टर-94 से 127 तक किया व्यापक निरीक्षण, हर क्षेत्र में डेडिकेटेड लेबर गैंग तैनात रखने के निर्देश, लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई, बारिश के मौसम में अलर्ट मोड पर नोएडा प्राधिकरण
महाप्रबंधक ए.के. अरोड़ा ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक क्षेत्र में Dedicated Labour Gang लगातार सक्रिय रहे, ताकि बारिश के दौरान यदि कहीं भी पानी जमा होने की स्थिति बने तो तत्काल कार्रवाई कर उसे दूर किया जा सके। उन्होंने कहा कि जल निकासी व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी टीमें 24 घंटे अलर्ट मोड में रहें।

नोएडा, रफ़्तार टूडे। लगातार हो रही बारिश के बीच शहर में जलभराव की स्थिति पर नजर बनाए रखने के लिए नोएडा प्राधिकरण ने फील्ड स्तर पर निगरानी और निरीक्षण तेज कर दिया है। शुक्रवार को नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक (सिविल) ए.के. अरोड़ा ने वर्क सर्किल-9 के अंतर्गत आने वाले विभिन्न आवासीय एवं संस्थागत सेक्टरों का स्थलीय निरीक्षण कर जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी क्षेत्र में जलभराव की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए और सभी टीमें पूरी सतर्कता के साथ मौके पर तैनात रहें।
सेक्टर-94 से 127 तक किया व्यापक निरीक्षण
महाप्रबंधक (सिविल) ए.के. अरोड़ा ने वर्षा के मद्देनज़र वर्क सर्किल-9 के अंतर्गत आने वाले सेक्टर-94, 125, 126, 127, सेक्टर-94 अंडरपास, सेक्टर-96 अंडरपास, हाजीपुर अंडरपास तथा इन क्षेत्रों से जुड़ी 45 मीटर चौड़ी मुख्य सड़कों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ वर्क सर्किल-9 के वरिष्ठ प्रबंधक अनिल कुमार, प्रबंधक उमेश त्यागी, प्रबंधक अंकित राजपूत, अवर अभियंता तथा स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौजूद रही। निरीक्षण के दौरान अधिकांश स्थानों पर जलभराव की स्थिति नहीं मिली, हालांकि कुछ स्थानों पर पनकटों (जल निकासी बिंदुओं) में गंदगी जमा होने के कारण पानी रुकने की समस्या सामने आई। अधिकारियों ने तत्काल सफाई कराकर जल निकासी सुचारु कराई।
हर क्षेत्र में डेडिकेटेड लेबर गैंग तैनात रखने के निर्देश
महाप्रबंधक ए.के. अरोड़ा ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक क्षेत्र में Dedicated Labour Gang लगातार सक्रिय रहे, ताकि बारिश के दौरान यदि कहीं भी पानी जमा होने की स्थिति बने तो तत्काल कार्रवाई कर उसे दूर किया जा सके। उन्होंने कहा कि जल निकासी व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी टीमें 24 घंटे अलर्ट मोड में रहें।
सेक्टर-135 में आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों के साथ किया निरीक्षण
निरीक्षण के क्रम में महाप्रबंधक ने सेक्टर-135 स्थित एचआईजी डुप्लेक्स आवासीय परिसर का भी दौरा किया। यहां उन्होंने आवासीय कल्याण समिति (RWA) के प्रतिनिधियों के साथ क्षेत्र का निरीक्षण किया और स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान यहां भी कहीं जलभराव की स्थिति नहीं मिली, जिससे क्षेत्रीय जल निकासी व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।
लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक (सिविल) ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बारिश के पूरे मौसम में नियमित मॉनिटरिंग जारी रखी जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी क्षेत्र में जलभराव की स्थिति उत्पन्न होती है और उसमें संबंधित अधिकारियों की लापरवाही सामने आती है तो उनके विरुद्ध सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों से यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि नालों, पनकटों और जल निकासी तंत्र की समय-समय पर सफाई होती रहे, जिससे बारिश के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बारिश के मौसम में अलर्ट मोड पर नोएडा प्राधिकरण
नोएडा प्राधिकरण ने मानसून के दौरान शहर को जलभराव से बचाने के लिए सभी वर्क सर्किलों को अलर्ट पर रखा है। अधिकारियों को लगातार फील्ड में रहकर निरीक्षण करने, संवेदनशील स्थानों की निगरानी करने तथा शिकायत मिलते ही तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्राधिकरण का उद्देश्य है कि भारी बारिश के बावजूद शहर की यातायात व्यवस्था और जनजीवन सामान्य बना रहे तथा नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।



