रोहतकएक घंटा पहले
- कॉपी लिंक

प्रदर्शन कर किसान और पुलिस के बीच भागदौड़ होती हुई।
तीन कृषि कानूनों को लेकर हरियाणा में किसान भाजपा-जजपा के नेताओं, कार्याकत्ताओं के कार्यक्रमों का पूरजोर विरोध कर रहे है। इसी क्रम में रोहतक के महम में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में शिरकत करने पहुंचे राज्यसभा सदस्य रामचंद्र जांगड़ा को किसानों का विरोध झेलना पड़ा। किसानों को हालांकि कार्यक्रम स्थल में घु़सने से पहले ही पुलिस ने रोक लिया। किसानों व पुलिस के बीच कार्यक्रम खत्म होने तक तनातनी बनी रही। महम के जुलाना रोड स्थित श्रीकृष्ण गोशाला में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में राज्यसभा सदस्य रामचंद्र जांगड़ा बतौर मुख्यातिथि व श्मशेर खरकड़ा बतौर अध्यक्ष आमंत्रित किए गए थे। कार्यक्रम में भाजपा नेताओं के आगमन की सूचना पर चढूनी यूनियन ने बुधवार को ही वीडियो वायरल कर विरोध करने का ऐलान किया था।
चकमा देने के लिए बदली गाड़ी और कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे
किसानों की चेतावनी के बाद से ही प्रशासन अलर्ट हो गया। वीरवार को सुबह ही पुलिस ने कार्यक्रम स्थल के दोनों तरफ बैरीकेड लगाकर उन्हें रोकने का प्रबंध कर लिया। वहीं किसान भी सुबह दस बजे के बाद ही कार्यक्रम स्थल पर जुटना शुरु हो गए। 11 बजे तक करीब सवा 100 से किसान व महिलाएं मौके पर पहुंच गए। साढ़े 11 बजे के करीब राज्यसभा सदस्य रामचंद्र जांगड़ा व श्मशेर खरकड़ा किसानों को चकमा देने के लिए गाड़ी बदली और बदली हुई गाड़ी में कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए।

किसानों और पुलिस के बीच झड़प होती हुई।
चकमे का पता लगा तो भड़के किसान
जब किसानों को उन्हें दिए गए चकमे का पता लगा तो किसानों ने बैरीकेड तोड़ने का प्रयास किया तो पुलिस के साथ हल्की झड़प भी हुई। हालांकि पुलिस ने सड़क पर बस अड़ाकर उन्हें रोक लिया। प्रदर्शनकारी किसानों का नेतृत्व कर रहे भाकियू चढूनी के प्रदेशाध्यक्ष अंकुश सिवाच को एएसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने समझाने का प्रयास किया लेकिन वे अपनी जिद पर अड़े रहे व राज्यसभा सदस्य रामचंद्र जांगड़ा के जाने तक विरोध जारी रखने की बात कही। इधर, राज्यसभा सदस्य रामचंद्र जांगड़ा ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि क्षेत्र के लोग उन्हें आदर के साथ धार्मिक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए न्यौता देते हैं तो वे जरुर आएंगें। उन्होंने कहा कि वे चंद लोगों के रोकने से रुकने वाले नहीं हैं।