Police News : जीटी रोड पर हॉर्न बजा तो चढ़ गया खून! गुस्से में बरसाईं गोलियां, फिर कार में छिपा रखा था हथियारों का जखीरा, बादलपुर पुलिस ने तीन शातिरों को दबोचा, दो राउंड फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले बदमाश गिरफ्तार, 6 अवैध हथियार, 159 कारतूस और सैकड़ों खोखे बरामद; दो आरोपी अब भी फरार

ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। सिर्फ बार-बार हॉर्न बजाने की बात को लेकर सड़क पर खूनी खेल खेलने वाले तीन शातिर बदमाशों को थाना बादलपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जीटी रोड पर चलती कार से फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले इन आरोपियों के पास से पुलिस ने हथियारों का ऐसा जखीरा बरामद किया है, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया। दो पिस्टल, चार तमंचे, दर्जनों जिंदा कारतूस, 127 खोखा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई टोयोटा ग्लैंजा कार बरामद की गई है। पुलिस अब इस गैंग के दो अन्य फरार साथियों की तलाश में जुटी हुई है।
एक हॉर्न ने भड़का दिया गुस्सा, सड़क पर शुरू हो गया गोलियों का खेल
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 15 जून को डायल-112 पर सूचना मिली थी कि बुलंदशहर से दादरी की ओर जा रही एक टोयोटा ग्लैंजा कार में सवार कुछ युवक जीटी रोड पर फायरिंग कर रहे हैं। इस घटना से सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही थाना बादलपुर पुलिस सक्रिय हुई और मामले में तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।
घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों, मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। कई दिनों की मेहनत के बाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी।
अंबुजा सीमेंट फैक्ट्री के पास पुलिस ने बिछाया जाल, तीन बदमाश गिरफ्तार
बुधवार को पुलिस ने अंबुजा सीमेंट फैक्ट्री के पास कच्चे रास्ते पर घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राहुल निवासी साकीपुर थाना सूरजपुर, नीटू उर्फ कुलदीप निवासी बड़पुरा थाना दादरी और मनोज उर्फ गुड्डू निवासी बरमदपुर थाना गुलावटी जनपद बुलंदशहर के रूप में हुई है।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से दो पिस्टल (.32 बोर), चार तमंचे (.315 बोर), 32 जिंदा कारतूस, 19 खोखा कारतूस (.32 बोर), 108 खोखा कारतूस (.315 बोर) तथा दो तमंचों की नाल बरामद की। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई टोयोटा ग्लैंजा कार भी जब्त कर ली गई।
पूछताछ में खुला राज, सिर्फ डराने के लिए चला दी थीं गोलियां
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना वाले दिन वे बुलंदशहर से दादरी की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान पीछे चल रहे एक वाहन चालक ने लगातार हॉर्न बजाना शुरू कर दिया। बार-बार हॉर्न बजाने से वे गुस्से में आ गए और चालक को डराने के लिए दो राउंड फायरिंग कर दी। इसके बाद वे मौके से फरार हो गए। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि वे हथियारों और कारतूसों का इस्तेमाल कर लोगों में भय का माहौल पैदा करते थे और अपने रसूख का प्रदर्शन करने के लिए भी अवैध हथियार साथ रखते थे।
नीटू उर्फ कुलदीप निकला बड़ा अपराधी, पहले से दर्ज हैं कई संगीन मुकदमे
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी नीटू उर्फ कुलदीप का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गैंग से जुड़े अन्य बदमाशों और इनके नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। फरार चल रहे दो आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
सड़क पर दबंगई और हथियारों का प्रदर्शन पड़ा भारी
इस पूरी घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि मामूली विवाद भी किस तरह गंभीर वारदात का रूप ले सकते हैं। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों का प्रदर्शन और फायरिंग किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। स्थानीय लोगों ने भी बादलपुर पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते इन आरोपियों की गिरफ्तारी से बड़ी घटनाओं को रोका जा सका है।



