Vijay Mahotsa Ramlila “विजय, भक्ति और देशभक्ति के संगम से गूंजा ग्रेटर नोएडा, साइट-4 सेंट्रल पार्क में विजय महोत्सव 2025 का हुआ रंगारंग आगाज़, गांधी जयंती पर होगी “ऑपरेशन सिंदूर” प्रस्तुति, यज्ञ, दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण से हुई शुभ शुरुआत

ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टुडे। श्री रामलीला कमेटी ग्रेटर नोएडा द्वारा आयोजित विजय महोत्सव 2025 की शुरुआत सोमवार को एक यादगार और सांस्कृतिक धरोहर से भरे आयोजन के साथ हुई। यह भव्य आयोजन साइट-4 स्थित सेंट्रल पार्क में आयोजित किया गया, जहां भक्ति और देशभक्ति संगीत-नृत्य प्रतियोगिता ने ऐसा रंग जमाया कि दर्शक देर रात तक मंत्रमुग्ध होकर तालियां बजाते रहे।
यज्ञ, दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण से हुई शुभ शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत कमेटी के अध्यक्ष सरदार मनजीत सिंह और समिति पदाधिकारियों द्वारा यज्ञ, दीप प्रज्वलन और भगवान श्रीराम के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। इस आध्यात्मिक शुरुआत ने पूरे पार्क के माहौल को भक्ति और ऊर्जा से भर दिया। जजों ने दीप प्रज्वलित कर औपचारिक उद्घाटन किया और बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
नृत्य और गीतों ने बांधा समां
प्रतियोगिता में 20 स्कूलों और 15 डांस एकेडमी के 700 से अधिक बच्चों ने भाग लिया। जब छोटे-छोटे बच्चों ने भक्ति गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया तो दर्शकों की आंखें नम हो गईं। वहीं, बड़े बच्चों ने जब देशभक्ति गीतों पर प्रस्तुति दी, तो पूरा पंडाल “भारत माता की जय” और “जय हिंद” के नारों से गूंज उठा।
“ऐ मेरे वतन के लोगों” और “वंदे मातरम्” पर प्रस्तुतियों ने सभी का दिल जीत लिया, जबकि “राम सिया राम” और “भज मन राम चरण सुखदाई” जैसे भक्ति गीतों पर नृत्य ने सभी को भावविभोर कर दिया।
तीन श्रेणियों में होगी घोषणा
कमेटी के महासचिव बिजेंद्र सिंह आर्य ने बताया कि प्रतियोगिता को तीन श्रेणियों—भक्ति, देशभक्ति और अकादमी—में विभाजित किया गया है। प्रत्येक श्रेणी में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। इस बार कुल 35 प्रस्तुतियां हो रही हैं।

विजेताओं की घोषणा होगी कार्यक्रम उपरांत
मीडिया प्रभारी विनोद कसाना ने बताया कि खबर लिखने तक प्रतियोगिता जारी थी और विजेताओं की घोषणा कार्यक्रम की समाप्ति के उपरांत की जाएगी। उन्होंने यह भी जोड़ा कि यह आयोजन केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बच्चों को मंच देकर उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को निखारने का अवसर भी प्रदान करता है।
गांधी जयंती पर होगी “ऑपरेशन सिंदूर” प्रस्तुति
महोत्सव का कार्यक्रम 23 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक चलेगा। इसकी सबसे खास आकर्षण होगी 2 अक्टूबर गांधी जयंती के दिन आयोजित होने वाली “ऑपरेशन सिंदूर” विशेष प्रस्तुति। यह कार्यक्रम भारत के वीर जवानों और उनके बलिदान को समर्पित रहेगा, जो देशभक्ति की भावना को और ऊंचाई देगा।
संस्कृति और परंपरा का मिला अद्भुत संगम
विजय महोत्सव का यह शुभारंभ न केवल बच्चों की कला और प्रतिभा का प्रदर्शन था, बल्कि इसने यह संदेश भी दिया कि भक्ति और देशभक्ति की धारा जब एक साथ बहती है तो समाज को नई ऊर्जा और प्रेरणा मिलती है। यह आयोजन आने वाले दिनों में और भी भव्य प्रस्तुतियों के साथ शहरवासियों के दिलों में लंबे समय तक यादगार रहेगा।
जहां भक्ति और देशभक्ति संगीत-नृत्य प्रतियोगिता ने ऐसा रंग जमाया कि दर्शक देर रात तक मंत्रमुग्ध होकर तालियां बजाते रहे।
गणमान्य लोगों की गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर कई प्रमुख लोग मौजूद रहे। इनमें सरदार मंजीत सिंह, बिजेंद्र सिंह आर्य, धर्मपाल भाटी, मनोज गर्ग, सौरभ बंसल, विनोद कसाना, कुलदीप शर्मा, कमल सिंह आर्य, हरेंद्र भाटी, के.के. शर्मा, अमित गोगल, मुकेश शर्मा, मुकुल गोयल, अरुण गुप्ता, रमेश गोयल, चाचा हिंदुस्तानी, सुनील प्रधान, अजय रामपुर, गिरीश जिन्दल, अतुल जिन्दल, विशाल जैन, मनोज यादव, श्यामवीर भाटी, दीपक भाटी, श्रीचंद भाटी, विकास भाटी, रिंकू भाटी, अंकुर गर्ग, टी.पी. सिंह, प्रभाकर देशमुख, प्रमोश मास्टर जी सहित अन्य अनेक सदस्य और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



