ग्रेटर नोएडाअथॉरिटीताजातरीन

Delte 2 News : सूखे पार्क, टूटी हरियाली और नाराज़ निवासी!, आखिरकार जागा ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, डीजीएम समेत अफसरों की टीम पहुंची डेल्टा-2 — सेक्टरवासियों ने दिखाया “जमीन पर विकास” का असली हाल, “ग्रीन सेक्टर” का सपना हुआ फीका

ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। ग्रेटर नोएडा के पॉश और व्यवस्थित माने जाने वाले सेक्टरों में शामिल सेक्टर डेल्टा-2 इन दिनों अपनी बदहाल हरियाली, सूखे पार्कों और लापरवाह रखरखाव को लेकर चर्चा में है। लंबे समय से पार्कों और ग्रीन बेल्ट की खराब स्थिति से परेशान सेक्टरवासियों का सब्र आखिरकार टूट गया, जिसके बाद रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए लगातार शिकायतें दर्ज कराईं। अब जाकर प्राधिकरण हरकत में आया और डीजीएम समेत अधिकारियों की पूरी टीम मौके पर पहुंची।


सेक्टर डेल्टा-2 के आरडब्ल्यूए महासचिव आलोक नागर ने जानकारी देते हुए बताया कि हॉर्टिकल्चर विभाग की लगातार लापरवाही के कारण सेक्टर के पार्कों और ग्रीन बेल्ट की हालत बेहद खराब हो चुकी थी। हरियाली सूख रही थी, पौधों का रखरखाव नहीं हो रहा था, घास जगह-जगह से उखड़ी हुई थी और पार्कों में साफ-सफाई की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई थी। कई बार शिकायत करने के बावजूद जब कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तब सेक्टरवासियों ने सामूहिक रूप से इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया।

शिकायत के बाद एक्शन मोड में आया प्राधिकरण
लगातार बढ़ते दबाव और सेक्टरवासियों की नाराज़गी के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने मामले का संज्ञान लिया। बुधवार को प्राधिकरण के डीजीएम श्री संजय जी, टेक्निकल टीम, जेई और संबंधित ठेकेदारों की टीम सेक्टर डेल्टा-2 पहुंची और मौके का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सेक्टरवासियों ने अधिकारियों को पार्कों की वास्तविक स्थिति दिखाई। कई जगहों पर सूखी घास, टूटे हुए फुटपाथ, खराब लाइटें, गंदगी और अनियमित सफाई की समस्याएं सामने आईं। सेक्टर के लोगों ने आरोप लगाया कि रखरखाव के नाम पर केवल कागजी कार्रवाई की जा रही थी, जबकि जमीनी स्तर पर हालात लगातार बिगड़ते जा रहे थे।

“ग्रीन सेक्टर” का सपना हुआ फीका
सेक्टरवासियों का कहना है कि ग्रेटर नोएडा को “ग्रीन सिटी” के रूप में विकसित करने के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन कई सेक्टरों में हरियाली की हालत खुद उन दावों की पोल खोल रही है। डेल्टा-2 में बच्चों के खेलने वाले पार्कों से लेकर ग्रीन बेल्ट तक उपेक्षा का शिकार हैं।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, सुबह-शाम टहलने आने वाले बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को खराब पार्कों के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई पार्कों में झाड़ियां इतनी बढ़ गई थीं कि वहां बैठना तक मुश्किल हो गया था।

आरडब्ल्यूए ने रखीं प्रमुख मांगें
निरीक्षण के दौरान आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने अधिकारियों के सामने कई अहम मांगें भी रखीं। इनमें प्रमुख रूप से—
पार्कों का नियमित रखरखाव
सूखे पौधों और घास को बदलना
ग्रीन बेल्ट की साफ-सफाई
पार्कों में लाइट व्यवस्था सुधारना
बच्चों के खेलने के उपकरणों की मरम्मत
नियमित पानी और बागवानी व्यवस्था जैसी मांगें शामिल रहीं।

अधिकारियों ने दिया जल्द समाधान का भरोसा
निरीक्षण के दौरान प्राधिकरण अधिकारियों ने सेक्टरवासियों को आश्वस्त किया कि पार्कों और ग्रीन बेल्ट से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान कराया जाएगा। अधिकारियों ने संबंधित ठेकेदारों को आवश्यक निर्देश भी दिए और कहा कि रखरखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीजीएम और टेक्निकल टीम ने मौके पर कई स्थानों का जायजा लेते हुए आवश्यक सुधार कार्यों की सूची भी तैयार की।

सेक्टर हित में लगातार आवाज उठाने का संकल्प
आरडब्ल्यूए महासचिव आलोक नागर ने कहा कि सेक्टर के हितों से जुड़ी समस्याओं को लेकर संगठन लगातार सक्रिय रहेगा और जब तक सभी समस्याओं का समाधान नहीं हो जाता, तब तक आवाज मजबूती से उठाई जाती रहेगी।
उन्होंने कहा— “सेक्टरवासी टैक्स और मेंटेनेंस शुल्क समय पर देते हैं, इसलिए उन्हें बेहतर सुविधाएं मिलना उनका अधिकार है। हम चाहते हैं कि डेल्टा-2 को फिर से स्वच्छ, सुंदर और हराभरा बनाया जाए।”

शहर की छवि से जुड़ा है हरियाली का सवाल
ग्रेटर नोएडा तेजी से विकसित हो रहा शहर है, जहां नई-नई सोसाइटियां और सेक्टर बस रहे हैं। ऐसे में पार्क और ग्रीन बेल्ट केवल सुंदरता का हिस्सा नहीं, बल्कि शहर के पर्यावरण और लोगों के स्वास्थ्य से भी जुड़े हुए हैं। यदि समय रहते रखरखाव व्यवस्था मजबूत नहीं की गई तो आने वाले समय में यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है।
अब देखना यह होगा कि प्राधिकरण का यह निरीक्षण केवल औपचारिकता बनकर रह जाता है या वास्तव में सेक्टर डेल्टा-2 के पार्कों और हरियाली की तस्वीर बदलती है।

बड़ी संख्या में सेक्टरवासी रहे मौजूद
इस निरीक्षण के दौरान आरडब्ल्यूए अध्यक्ष बॉबी भाटी, महासचिव आलोक नागर, उपाध्यक्ष रिंकू भाटी, सह सचिव सुनीता चौधरी, गजराज भाटी, वेदपाल चौधरी, रामवीर चौधरी, सुमित कसाना सहित बड़ी संख्या में सेक्टरवासी मौजूद रहे।

रफ़्तार टूडे की न्यूज

Raftar Today
Raftar Today

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button