Breaking News : दिल्ली-NCR की हवाई तस्वीर बदलने को तैयार!, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से टिकटों की बिक्री शुरू, 15 जून को लखनऊ से आएगी पहली उड़ान, इंडिगो बनेगी इतिहास रचने वाली पहली एयरलाइन, अब दिल्ली नहीं जाना पड़ेगा, NCR को मिलेगा अपना नया एयर हब
इंडिगो ने जताया गर्व, उद्घाटन दिन पर ही कई उड़ानों का संचालन, एयरपोर्ट नहीं, पश्चिमी यूपी की अर्थव्यवस्था का नया इंजन, एयरपोर्ट नहीं, पश्चिमी यूपी की अर्थव्यवस्था का नया इंजन

ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर के करोड़ों लोगों का वर्षों पुराना सपना अब आखिरकार हकीकत में बदलता नजर आ रहा है। देश की सबसे बड़ी ग्रीनफील्ड एविएशन परियोजनाओं में शामिल नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट अब अपने पहले व्यावसायिक संचालन के लिए पूरी तरह तैयार हो चुका है। सबसे बड़ी खबर यह है कि एयरपोर्ट से उड़ान सेवाओं के लिए टिकटों की बिक्री शुरू हो गई है और 15 जून 2026 को इस एयरपोर्ट पर पहली कमर्शियल फ्लाइट उतरने जा रही है।
यह ऐतिहासिक उड़ान देश की प्रमुख एयरलाइन इंडिगो संचालित करेगी, जो नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की पहली लॉन्च कैरियर बनने जा रही है। जैसे ही यह घोषणा सामने आई, पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश, ग्रेटर नोएडा, नोएडा, गाजियाबाद, बुलंदशहर, अलीगढ़ और आसपास के जिलों में उत्साह की लहर दौड़ गई। लोग अब इसे केवल एक एयरपोर्ट नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की आर्थिक और विकासात्मक तस्वीर बदलने वाला “एविएशन गेम चेंजर” मान रहे हैं।
15 जून को बनेगा ऐतिहासिक दिन, सुबह लखनऊ से आएगी पहली फ्लाइट
अधिकारियों के अनुसार, 15 जून 2026 की सुबह इंडिगो की पहली फ्लाइट लखनऊ से उड़ान भरकर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचेगी। यह विमान सुबह 7:05 बजे लखनऊ से रवाना होगा और लगभग 8:05 बजे जेवर स्थित एयरपोर्ट पर लैंड करेगा। यानी अब लखनऊ से नोएडा की दूरी महज एक घंटे की हवाई यात्रा में तय हो सकेगी। इस फ्लाइट का शुरुआती किराया करीब 11,267 रुपये निर्धारित किया गया है।
एयरपोर्ट प्रशासन और एयरलाइन अधिकारियों का कहना है कि यह सिर्फ शुरुआत है। आने वाले समय में देश के कई प्रमुख शहरों के लिए यहां से नियमित उड़ानें शुरू होंगी, जिससे यात्रियों को दिल्ली एयरपोर्ट पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
अब दिल्ली नहीं जाना पड़ेगा, NCR को मिलेगा अपना नया एयर हब
अब तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश और नोएडा-ग्रेटर नोएडा के यात्रियों को फ्लाइट पकड़ने के लिए दिल्ली के IGI एयरपोर्ट तक जाना पड़ता था। लंबा ट्रैफिक, समय की बर्बादी और महंगा सफर यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी बना रहता था।
लेकिन नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट शुरू होने के बाद तस्वीर पूरी तरह बदलने वाली है। अब यात्रियों को अपने ही क्षेत्र में विश्वस्तरीय एयरपोर्ट सुविधा मिलेगी। इससे न केवल यात्रा आसान होगी, बल्कि समय और पैसे दोनों की बड़ी बचत होगी।
इंडिगो का बड़ा प्लान, 16 से ज्यादा शहरों से जुड़ेगा एयरपोर्ट
इंडिगो ने घोषणा की है कि वह चरणबद्ध तरीके से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को देश के 16 से अधिक शहरों से जोड़ेगी। इनमें—बेंगलुरु, हैदराबाद, मुंबई, जयपुर, लखनऊ, श्रीनगर, अमृतसर, चंडीगढ़, धर्मशाला, पंतनगर, अयोध्या
वाराणसी, नवी मुंबई जैसे प्रमुख शहर शामिल होंगे।
यह कनेक्टिविटी न केवल यात्रियों को फायदा देगी, बल्कि व्यापार, पर्यटन, आईटी सेक्टर और औद्योगिक निवेश को भी नई रफ्तार देगी।
उद्घाटन दिन पर ही कई उड़ानों का संचालन
15 जून को सिर्फ लखनऊ से नोएडा आने वाली फ्लाइट ही नहीं, बल्कि उसी दिन नोएडा से अन्य शहरों के लिए भी उड़ानें संचालित होंगी। जानकारी के मुताबिक—
लखनऊ से नोएडा – प्रस्थान 07:05, आगमन 08:05
नोएडा से बेंगलुरु – प्रस्थान 08:35
नोएडा से लखनऊ – शाम 6:55 बजे प्रस्थान, रात 8 बजे आगमन। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरा शेड्यूल सार्वजनिक किया जाएगा।
एयरपोर्ट नहीं, पश्चिमी यूपी की अर्थव्यवस्था का नया इंजन
विशेषज्ञों का मानना है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट केवल एक ट्रांसपोर्ट प्रोजेक्ट नहीं है, बल्कि यह पश्चिमी उत्तर प्रदेश की आर्थिक क्रांति का आधार बनने जा रहा है।
एयरपोर्ट शुरू होने के बाद— होटल उद्योग को बढ़ावा मिलेगा
लॉजिस्टिक्स सेक्टर का विस्तार होगा
आईटी और कॉर्पोरेट निवेश बढ़ेगा
लाखों रोजगार के अवसर पैदा होंगे
रियल एस्टेट को नई गति मिलेगी
यमुना एक्सप्रेसवे और एयरपोर्ट कॉरिडोर के आसपास तेजी से औद्योगिक और कॉमर्शियल गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है।
मल्टी-मोडल कनेक्टिविटी बनेगी सबसे बड़ी ताकत
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को सड़क, मेट्रो, रेल और एक्सप्रेसवे नेटवर्क से जोड़ने की योजना पर तेजी से काम चल रहा है। यह एयरपोर्ट— यमुना एक्सप्रेसवे
ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे
प्रस्तावित हाई स्पीड रेल
मेट्रो कनेक्टिविटी से जुड़कर NCR का सबसे आधुनिक मल्टी-मोडल ट्रांसपोर्ट हब बनने जा रहा है।
इंडिगो ने जताया गर्व
इंडिगो के चीफ स्ट्रेटेजी ऑफिसर आलोक सिंह ने कहा कि—
“हमें खुशी है कि इंडिगो नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान सेवाएं शुरू करने वाली पहली एयरलाइन बनेगी। यह एयरपोर्ट NCR और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए नया प्रवेश द्वार साबित होगा।” उन्होंने कहा कि इंडिगो अब NCR के तीनों प्रमुख एयरपोर्ट—IGI दिल्ली, हिंडन और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट—से सेवाएं देने वाली एयरलाइन बन जाएगी।
लोगों में जबरदस्त उत्साह
जैसे ही टिकट बुकिंग शुरू होने की खबर सामने आई, सोशल मीडिया पर लोगों ने खुशी जाहिर करनी शुरू कर दी। खासकर ग्रेटर नोएडा, नोएडा वेस्ट, जेवर, दादरी और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के लोग इसे “ऐतिहासिक पल” बता रहे हैं।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि एयरपोर्ट शुरू होने से पूरा क्षेत्र अंतरराष्ट्रीय पहचान हासिल करेगा और रोजगार व व्यापार के नए अवसर खुलेंगे।



