Congress News : मनरेगा पर जिला कांग्रेस का “मनरेगा बचाओ संग्राम” तेज, पंचायत स्तर तक जन-जागरूकता अभियान, कलक्ट्रेट पर अनशन कल

ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) एवं ग्राम रोजगार गारंटी कानून को कमजोर किए जाने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर ने “मनरेगा बचाओ संग्राम” अभियान को तेज कर दिया है। इसी क्रम में जिला कांग्रेस कार्यालय, ग्रेटर नोएडा वेस्ट (बिसरख) में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता आयोजित की गई।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर मनरेगा तथा ग्राम रोजगार गारंटी कानून को लगातार कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मनरेगा देश के करोड़ों ग्रामीण गरीबों, मजदूरों और किसानों के लिए रोजगार, सम्मान और जीवन-यापन का मजबूत आधार है, लेकिन वर्तमान सरकार की नीतियों के कारण मनरेगा का बजट घटाया जा रहा है। मजदूरों को समय पर मजदूरी नहीं मिल रही, जॉब कार्ड निरस्त किए जा रहे हैं और काम की मांग के बावजूद रोजगार उपलब्ध नहीं कराया जा रहा, जो कानून और संविधान की भावना के विपरीत है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मनरेगा केवल एक योजना नहीं, बल्कि एक कानूनी अधिकार है। इसके बावजूद “काम की मांग पर काम” की मूल भावना को कुचला जा रहा है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर गंभीर संकट उत्पन्न हो रहा है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार योजनाबद्ध तरीके से इस जनकल्याणकारी कानून को समाप्त करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
प्रेस वार्ता के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी ने “मनरेगा बचाओ संग्राम” के अंतर्गत आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। बताया गया कि 12 से 29 जनवरी तक जिले की अधिकांश ग्राम पंचायतों में जन-जागरूकता बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में ग्रामीणों और मनरेगा लाभार्थियों को उनके अधिकारों की जानकारी दी जाएगी तथा सरकार की जनविरोधी नीतियों के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।
इसके अलावा कल 11 जनवरी 2026 रविवार, दोपहर 11 बजे से 5 बजे तक जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर द्वारा केन्द्र की मोदी सरकार द्वारा महात्मा गांधी ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के “मजदूर व रोजगार हितैषी” प्रावधानों को तहस नहस कर दिए जाने के विरोध में एक दिवसीय अनशन किया जाएगा।
दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि जब तक मनरेगा को पूरी मजबूती से लागू नहीं किया जाता, बकाया मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित नहीं होता और मजदूरों के अधिकार सुरक्षित नहीं होते, तब तक कांग्रेस पार्टी पंचायत से लेकर जिला स्तर तक संघर्ष जारी रखेगी।
प्रेस वार्ता के माध्यम से जिला कांग्रेस कमेटी ने आम जनता, मजदूर संगठनों, किसानों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे “मनरेगा बचाओ संग्राम” में सक्रिय भागीदारी करें।
प्रेस वार्ता में जिला उपाध्यक्ष मुकेश शर्मा, रिजवान चौधरी, निशा शर्मा, धर्म सिंह बाल्मीकि, सतीश शर्मा, महाराज सिंह नागर, श्रुति कुमारी, अरुण भाटी, रमा नैय्यर, आर.के. प्रथम, हरिंदर शर्मा, रूबी चौहान, अमित कुमार, सुबोध भट्ट, रमेश यादव, बिन्नू भाटी, रमेश बाल्मीकि सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



