धार्मिकगौतमबुद्ध नगरताजातरीननोएडा

Noida Ramlila News : दिव्यता और भक्ति से सराबोर हुआ नोएडा, रामलीला महोत्सव का भव्य शुभारंभ, सांसद डॉ. महेश शर्मा ने किया दीप प्रज्ज्वलन, “नारद मोह प्रसंग” ने बांधा समां, संस्कृति और अध्यात्म का संगम,आरती और प्रसाद वितरण से हुआ समापन, गणेश वंदना से हुई शुरुआत

नोएडा, रफ़्तार टुडे। नोएडा सेक्टर-62 के रामलीला मैदान में रविवार की शाम भक्ति, संस्कृति और उत्साह का संगम देखने को मिला। श्रीराम मित्र मंडल नोएडा रामलीला समिति द्वारा आयोजित बारह दिवसीय श्रीरामलीला महोत्सव का शुभारंभ पूरे वैदिक विधि-विधान और धूमधाम के साथ हुआ। इस मौके पर मुख्य अतिथि क्षेत्रीय सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा तथा अनिल सिंह ने दीप प्रज्ज्वलन कर आयोजन का उद्घाटन किया और धर्म व मर्यादा की ध्वजा को और ऊँचा उठाया।

स्वागत और सम्मान की भव्य परंपरा

रामलीला समिति के चेयरमैन उमाशंकर गर्ग, अध्यक्ष धर्मपाल गोयल और महासचिव मुन्ना कुमार शर्मा ने अतिथियों का पारंपरिक अंदाज़ में अंगवस्त्र ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। इस पल ने पूरे वातावरण को और भी गरिमामय बना दिया।

गणेश वंदना से हुई शुरुआत

मंचन की शुरुआत गणेश वंदना और पूजन से हुई। कलाकारों ने इतनी मनमोहक प्रस्तुति दी कि पूरा मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। भगवान श्रीराम के इस महोत्सव की पहली कड़ी में भक्ति और कला का संगम दर्शकों को भाव-विभोर कर गया।

नारद मोह प्रसंग” बना आकर्षण का केंद्र

प्रथम दिन की मुख्य प्रस्तुति रही “नारद मोह प्रसंग”। इसमें भगवान विष्णु की माया नगरी, विश्वमोहिनी का स्वयंवर और नारद जी के अहंकार का जीवंत मंचन हुआ। जब सभा में उपहास हुआ और नारद जी ने भगवान को श्राप दिया, तो पूरा वातावरण भावनाओं से भर उठा।
इसके बाद रावण द्वारा ऋषि-मुनियों पर अत्याचार का दृश्य मंचित किया गया जिसने दर्शकों को रोंगटे खड़े कर देने वाला अनुभव दिया।

आरती और प्रसाद वितरण से हुआ समापन

पहले दिन की लीला का समापन भगवान की महा आरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ। भक्ति भाव से सराबोर भक्तों ने आरती में हिस्सा लिया और आयोजन स्थल राम नाम के जयकारों से गूंज उठा।

आने वाले दिनों की झलक

अध्यक्ष धर्मपाल गोयल ने जानकारी दी कि सोमवार 23 सितंबर को राम जन्म, विश्वामित्र द्वारा यज्ञ रक्षा हेतु राम-लक्ष्मण को साथ ले जाना, तथा ताड़का, मारीच और सुबाहु वध जैसी लीलाओं का मंचन किया जाएगा। इससे आने वाले दिनों में दर्शकों को और भी रोमांचक और भक्ति से परिपूर्ण दृश्य देखने को मिलेंगे।

संस्कृति और अध्यात्म का संगम

नोएडा की इस रामलीला ने साबित किया कि आधुनिकता की रफ्तार के बीच भी हमारी संस्कृति, परंपरा और भक्ति की जड़ें कितनी गहरी हैं। दर्शक न केवल मनोरंजन बल्कि धर्म और आस्था का गहन अनुभव लेकर लौटे। आने वाले 12 दिन पूरे शहर को राममय बनाने जा रहे हैं।

गणमान्य लोगों की रही विशेष मौजूदगी

इस अवसर पर समिति के कोषाध्यक्ष राजेन्द्र गर्ग, सह-कोषाध्यक्ष अनिल गोयल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सतनारायण गोयल, राजकुमार गर्ग, चौधरी रविन्द्र सिंह, तरुणराज, पवन गोयल, बजरंग लाल गुप्ता, एस.एम. गुप्ता, गौरव मेहरोत्रा, मुकेश गोयल, मुकेश अग्रवाल, मनोज शर्मा, मीडिया प्रभारी मुकेश गुप्ता, गिरिराज बहेडिया, राजेश माथुर, चक्रपाणि गोयल, सुधीर पोरवाल, अर्जुन अरोड़ा, आर.के. उप्रेती, साहिल चौधरी, कुलदीप गुप्ता, मनीष गोयल सहित समिति के अनेक पदाधिकारी और सैकड़ों गणमान्य लोग मौजूद रहे।

रफ़्तार टुडे की न्यूज़
Raftar Today
Raftar Today

Related Articles

Back to top button