
नोएडा, रफ़्तार टूडे। नोएडा क्षेत्र को जाम-मुक्त, सुव्यवस्थित और नागरिकों के लिए सुगम बनाने के उद्देश्य से नवीन ओखला औद्योगिक विकास प्राधिकरण (NOIDA Authority) ने अवैध अतिक्रमण और अनधिकृत वेंडिंग के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक स्तर पर अभियान तेज कर दिया है। सड़कों के किनारे, सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख चौराहों पर लंबे समय से अव्यवस्था का कारण बन रहे अवैध वेंडर्स और ठेलों के खिलाफ अब रोज़ाना कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
प्राधिकरण की इस पहल का मुख्य उद्देश्य शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना, पैदल चलने वालों को सुरक्षित रास्ता उपलब्ध कराना और सार्वजनिक स्थलों को आमजन के उपयोग के लिए मुक्त कराना है। लगातार मिल रही शिकायतों और बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए प्राधिकरण ने सभी वर्क सर्किलों में दैनिक अतिक्रमण-उन्मूलन योजना लागू की है।
हर वर्क सर्किल में तैनात की गई विशेष टीमें
नोएडा प्राधिकरण द्वारा तैयार की गई योजना के तहत प्रत्येक वर्क सर्किल में एक-एक जेसीबी मशीन और एक-एक डंपर की स्थायी व्यवस्था की गई है। इससे यह सुनिश्चित किया गया है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में किसी भी प्रकार की देरी न हो और अनधिकृत कब्जों को तुरंत हटाया जा सके।
प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार, इस कदम से न केवल अवैध वेंडर्स को हतोत्साहित किया जाएगा, बल्कि बार-बार होने वाले अतिक्रमण पर भी प्रभावी रोक लगेगी।
एक ही दिन में शहर के कई इलाकों में चला बुलडोजर
इसी क्रम में सोमवार, 9 फरवरी 2026 को नोएडा प्राधिकरण की अतिक्रमण-उन्मूलन दस्ते ने वर्क सर्किल-1 से 10 के अंतर्गत आने वाले विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक कार्रवाई करते हुए अवैध अतिक्रमण हटाया।
अभियान के दौरान जिन प्रमुख क्षेत्रों से अतिक्रमण हटाया गया, उनमें शामिल हैं— जोनल रोड नंबर-3, डी.एस.सी. रोड, न्यू अशोक नगर के समीप, एम.पी-2 रोड, सेक्टर-44, सेक्टर-51, सेक्टर-63 एवं 65, सेक्टर-66, 70, 71, 35 एवं 34, होजरी कॉम्प्लेक्स क्षेत्र फेस-2 औद्योगिक क्षेत्र ग्राम गढ़ी तिलपताबाद, सेक्टर-93ए, डी.एस.सी. रोड, भंगेल एलिवेटेड रोड के नीचे सेक्टर-124 एवं 126, सेक्टर-150 सेक्टर-155 एवं 156 इन क्षेत्रों में सड़क किनारे लगे अवैध ठेले, अस्थायी दुकानों और अनधिकृत कब्जों को हटाकर सार्वजनिक स्थानों को खाली कराया गया।
लगातार मिल रही थीं शिकायतें
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि विभिन्न माध्यमों—जनमानस, आरडब्ल्यूए, उद्योग संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और ऑनलाइन शिकायत पोर्टलों के जरिए—लगातार अवैध वेंडिंग और अतिक्रमण को लेकर शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इन शिकायतों के निस्तारण के लिए ही प्राधिकरण ने यह सख्त और नियमित कार्रवाई शुरू की है।
अधिकारियों का कहना है कि अनधिकृत वेंडर्स न केवल ट्रैफिक जाम की समस्या पैदा करते हैं, बल्कि दुर्घटनाओं का भी कारण बनते हैं। इसके अलावा फुटपाथों पर कब्जे के चलते पैदल यात्रियों को सड़क पर चलने के लिए मजबूर होना पड़ता है, जिससे उनकी सुरक्षा को खतरा रहता है।
अब रोज़ाना होगी कार्रवाई
नोएडा प्राधिकरण ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह कोई एकदिवसीय अभियान नहीं है, बल्कि दैनिक आधार पर चलने वाली स्थायी व्यवस्था है। हर दिन अलग-अलग क्षेत्रों में अतिक्रमण-उन्मूलन की कार्रवाई की जाएगी और दोबारा कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
प्राधिकरण का कहना है कि शहर को व्यवस्थित और स्मार्ट बनाने के लिए नागरिकों का सहयोग भी आवश्यक है। अवैध वेंडिंग को बढ़ावा न दें और किसी भी प्रकार के अतिक्रमण की सूचना प्राधिकरण को दें।
नोएडा को अनुशासित शहर बनाने की दिशा में बड़ा कदम
यह अभियान नोएडा को एक अनुशासित, सुरक्षित और आधुनिक शहर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्राधिकरण का लक्ष्य है कि सड़कों और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण-मुक्त कर यातायात को सुचारु बनाया जाए और नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
नोएडा प्राधिकरण ने दो टूक शब्दों में कहा है कि शहर में अवैध कब्जे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



