NPCL Breaking News : NPCL के कारण ग्रेटर नोएडा वेस्ट में 13 घंटे के ब्लैकआउट से हाहाकार, 7500 से अधिक परिवार बेहाल, बारिश के बाद ठप हुई बिजली व्यवस्था, बारिश की नमी बनी बड़ी वजह, फ्यूज और इलेक्ट्रिकल पैनल हुए खराब, नोएडा में भी सोसाइटी में भी बिजली संकट, निवासियों ने उठाए सवाल
पंचशील ग्रीन्स-1, अजनारा होम्स और राधा स्काई गार्डन सोसाइटी में तड़के हुई बारिश के बाद बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे करीब 13 घंटे तक 7500 से अधिक परिवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। उमस भरी गर्मी में बिजली गुल होने से लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया। सबसे अधिक दिक्कत बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को हुई, नोएडा के सेक्टर-79 स्थित हिल्सटन अर्बटेक सोसाइटी के निवासी भी पिछले कई दिनों से बिजली संकट से जूझ रहे हैं। यहां मुख्य ट्रांसफॉर्मर से लगातार तेल रिसने के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही है।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट, रफ़्तार टूडे। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की कई हाईराइज सोसाइटियों में मंगलवार को बिजली संकट ने हजारों परिवारों की मुश्किलें बढ़ा दीं। पंचशील ग्रीन्स-1, अजनारा होम्स और राधा स्काई गार्डन सोसाइटी में तड़के हुई बारिश के बाद बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे करीब 13 घंटे तक 7500 से अधिक परिवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। उमस भरी गर्मी में बिजली गुल होने से लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया। सबसे अधिक दिक्कत बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को हुई।
सुबह चार बजे से गुल हुई बिजली, दिनभर परेशान रहे निवासी
निवासियों के अनुसार, सुबह करीब चार बजे बारिश के बाद अचानक बिजली आपूर्ति बंद हो गई। शिकायतें दर्ज कराने के बावजूद बिल्डर प्रबंधन और एनपीसीएल एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते रहे। देर शाम तक भी कई टावरों में नियमित बिजली बहाल नहीं हो सकी। इस दौरान डीजल जनरेटर (डीजी) के माध्यम से सीमित बिजली दी गई, जिससे केवल पंखे और जरूरी लाइटें चल सकीं, जबकि एसी और अन्य उपकरण बंद रहे।
बारिश की नमी बनी बड़ी वजह, फ्यूज और इलेक्ट्रिकल पैनल हुए खराब
राधा स्काई गार्डन के निवासियों का कहना है कि बारिश के दौरान इलेक्ट्रिकल पैनल में नमी पहुंचने से फ्यूज खराब हो गए। वहीं पंचशील ग्रीन्स-1 और अजनारा होम्स में आंतरिक तकनीकी खराबी तथा समन्वय की कमी के कारण बिजली आपूर्ति लंबे समय तक बाधित रही। कई फ्लैटों तक डीजी सप्लाई भी तकनीकी कारणों से नहीं पहुंच सकी।
सेक्टर-79 की हिल्सटन अर्बटेक सोसाइटी में भी बिजली संकट
उधर, नोएडा के सेक्टर-79 स्थित हिल्सटन अर्बटेक सोसाइटी के निवासी भी पिछले कई दिनों से बिजली संकट से जूझ रहे हैं। यहां मुख्य ट्रांसफॉर्मर से लगातार तेल रिसने के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही है। सोसाइटी के एक हजार से अधिक निवासी गर्मी और उमस के बीच परेशानी झेल रहे हैं। निवासियों का कहना है कि 25 जुलाई से बिजली व्यवस्था नियमित नहीं हो पा रही है। मामले की शिकायत जिलाधिकारी के साथ-साथ स्थानीय विधायक पंकज सिंह को भी की गई है।
ट्रांसफॉर्मर से तेल रिसाव से बड़े हादसे की आशंका
सोसाइटी के लोगों का कहना है कि मुख्य डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफॉर्मर से लगातार तेल रिसकर पिट और हाईटेंशन केबल ट्रेंच तक पहुंच गया है। इससे आग लगने या किसी बड़े हादसे का खतरा बना हुआ है। बावजूद इसके अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है। निवासियों ने बिजली विभाग और संबंधित एजेंसियों से तत्काल ट्रांसफॉर्मर बदलने तथा सुरक्षित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।
निवासियों ने उठाए सवाल
लगातार हो रही बिजली कटौती और तकनीकी खामियों से परेशान लोगों का कहना है कि हर बारिश के बाद यदि बिजली व्यवस्था चरमरा जाती है तो यह रखरखाव व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उनका कहना है कि संबंधित एजेंसियों को मानसून से पहले सभी विद्युत उपकरणों, ट्रांसफॉर्मरों और इलेक्ट्रिकल पैनलों की जांच कर आवश्यक मरम्मत करानी चाहिए, ताकि हजारों परिवारों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।



