UP International Trade Show : यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2025 की तैयारियों का महा-समीक्षा अभियान, वीवीआईपी मूवमेंट, सुरक्षा और ग्लोबल मेहमानों के स्वागत के लिए प्रशासन अलर्ट, जिलाधिकारी मेधा रूपम ने दिए सख्त निर्देश, होटल दरों और आवास पर विशेष निगरानी

गौतम बुद्ध नगर, रफ़्तार टुडे। ग्रेटर नोएडा एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने को तैयार है। आगामी 25 से 29 सितम्बर 2025 तक इंडिया एक्सपो मार्ट, ग्रेटर नोएडा में होने जा रहा है तीसरा यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो, जिसकी तैयारियों का जायज़ा लेने के लिए आज प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में हर उस बिंदु पर चर्चा हुई जो इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन को सफल, सुरक्षित और ऐतिहासिक बनाने के लिए बेहद ज़रूरी है।
बैठक ने साफ कर दिया है कि ग्रेटर नोएडा प्रशासन, पुलिस और प्राधिकरण की टीमें पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। ट्रैफिक से लेकर सुरक्षा, और आतिथ्य से लेकर ब्रांडिंग तक, हर स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
अब सभी की निगाहें 25 सितम्बर पर टिकी हैं, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस शो का उद्घाटन करेंगे और ग्रेटर नोएडा एक बार फिर से ग्लोबल ट्रेड मैप पर जगमगाएगा।
ट्रैफिक व्यवस्था और वीवीआईपी मूवमेंट पर खास ध्यान
बैठक की अध्यक्षता करते हुए पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने साफ निर्देश दिए कि इस आयोजन के दौरान वीवीआईपी मूवमेंट के चलते किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। उन्होंने आदेश दिया कि प्रमुख मार्गों पर डाइवर्जन, साइनेज, बैरिकेडिंग और पुलिस बल की तैनाती समय से पूरी कर ली जाए। सड़क जाम और अफरातफरी की स्थिति न बने इसके लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया जा रहा है। आने वाले विदेशी मेहमानों और देशभर से पहुंचने वाले प्रतिनिधियों को बेहतर सुविधा देना प्रशासन की प्राथमिकता बताई गई।
जिलाधिकारी मेधा रूपम ने दिए सख्त निर्देश
जिलाधिकारी मेधा रूपम ने बैठक के दौरान कहा कि उद्घाटन समारोह के प्रोटोकॉल में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के स्वागत और गाइडेंस के लिए एक विशेष हॉस्पिटैलिटी डेस्क तैयार की जाए।
इसके साथ ही शटल बस सेवा, प्राथमिक चिकित्सा केंद्र, साफ-सफाई, पीने के पानी की सुविधा और आपातकालीन व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के आदेश दिए।
ब्रांडिंग और भव्यता पर होगा विशेष फोकस
इस शो को यादगार बनाने के लिए प्रशासन ने ब्रांडिंग और विजुअल अपील पर विशेष ध्यान देने का निर्णय लिया है। प्रमुख मार्गों पर आकर्षक होर्डिंग्स, फ्लेक्स बोर्ड, एलईडी डिस्प्ले और दिशा सूचक बोर्ड लगाए जाएंगे ताकि आने वाले मेहमानों को सुविधा के साथ-साथ आयोजन का भव्य और अंतरराष्ट्रीय माहौल महसूस हो।
एक्सपो मार्ट तक जाने वाले हर मार्ग पर साफ-सफाई और सजावट सुनिश्चित की जा रही है।

सुरक्षा और निगरानी के कड़े इंतज़ाम
बैठक में सुरक्षा को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे, कंट्रोल रूम, और क्विक रिस्पॉन्स टीमें (QRT) तैनात की जाएंगी।
हर गेट और पार्किंग स्थल पर अलग-अलग निगरानी सिस्टम होगा। इसके साथ ही पार्किंग में आने-जाने वाले वाहनों की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी।
होटल दरों और आवास पर विशेष निगरानी
विदेशी प्रतिनिधियों और प्रदर्शकों की बड़ी संख्या को देखते हुए होटल दरों को नियंत्रित करने पर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि कोई भी होटल अपनी मनमानी कीमतों से मेहमानों को परेशान न करे। इसके लिए संबंधित विभाग को नियमित जांच करने के निर्देश दिए गए।
पार्किंग और शटल सेवा का खाका तैयार
कार्यक्रम में दो लाख से अधिक आगंतुकों के आने की संभावना है। इस भीड़ को संभालने के लिए नासा पार्किंग और अन्य स्थानों पर बड़े स्तर पर वाहन खड़े करने की व्यवस्था की जा रही है। यहां 8000 से अधिक गाड़ियों को पार्किंग की सुविधा मिलेगी।
साथ ही, शटल बसों के माध्यम से आगंतुकों को पार्किंग से आयोजन स्थल तक लाने की व्यवस्था होगी।

हरियाली और साफ-सफाई अभियान
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने इस शो से पहले ग्रीनरी और ब्यूटीफिकेशन ड्राइव शुरू किया है। सेंट्रल वर्ज को पेंट किया जा रहा है, गड्ढों की मरम्मत की जा रही है और हरियाली को बढ़ावा देने के लिए पौधारोपण अभियान चल रहा है।
यह अभियान न सिर्फ शो के दौरान बल्कि आने वाले समय में भी ग्रेटर नोएडा की खूबसूरती को बढ़ाएगा।
सभी विभागों की टीम अलर्ट मोड पर
बैठक में यमुना प्राधिकरण के सीईओ राकेश कुमार सिंह, नोएडा प्राधिकरण के सीईओ लोकेश एम, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अपर सीईओ प्रेरणा सिंह और लक्ष्मी वीएस, अपर जिलाधिकारी मंगलेश दुबे सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी विभागों को निर्देश दिया गया कि अपनी-अपनी जिम्मेदारियों को समय से पूरा करें और एक सहयोगात्मक समन्वय के साथ इस आयोजन को सफल बनाएं।
उद्योग जगत से बढ़-चढ़कर भागीदारी की अपील
समीक्षा बैठक के बाद जिलाधिकारी ने औद्योगिक पदाधिकारियों के साथ भी बैठक की। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक उद्योग और कारोबारी संस्थान पंजीकरण कर इस शो का हिस्सा बनें। इससे न केवल प्रदेश की औद्योगिक छवि मजबूत होगी बल्कि स्थानीय स्तर पर भी रोजगार और व्यापारिक अवसर बढ़ेंगे।
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2025 की अहमियत
यह शो प्रदेश सरकार की एक महत्वाकांक्षी पहल है, जिसका मकसद यूपी के औद्योगिक, कृषि, हस्तशिल्प और स्टार्टअप सेक्टर को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाना है। इस बार का कंट्री पार्टनर रूस है और दुनिया भर से हजारों प्रतिनिधि इसमें भाग लेंगे।
इस आयोजन से प्रदेश की अर्थव्यवस्था, निवेश और व्यापारिक साझेदारी को नई ऊंचाई मिलने की उम्मीद है।



