CBSE Cricket Tournament News : जेपी पब्लिक स्कूल के स्टार क्रिकेटर कृष्णा रावत ने रचा इतिहास, सीबीएसई नेशनल क्रिकेट प्रतियोगिता में नॉर्थ जोन-1 को दिलाई जीत, स्कूल परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं, भविष्य के सितारे की झलक

ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टुडे। खेल जगत में ग्रेटर नोएडा का नाम रोशन करते हुए जेपी पब्लिक स्कूल, कक्षा 12 के प्रतिभाशाली छात्र कृष्णा रावत ने सीबीएसई नेशनल क्रिकेट प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। यह प्रतियोगिता 15 से 19 सितम्बर, 2025 तक एस्टर पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा में आयोजित हुई, जिसमें देशभर की टीमों ने दमखम दिखाया। कृष्णा ने अपनी धारदार गेंदबाजी से नॉर्थ जोन-1 टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। कृष्णा रावत की सफलता न केवल जेपी पब्लिक स्कूल बल्कि पूरे ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। सीबीएसई द्वारा पहली बार आयोजित नेशनल क्रिकेट प्रतियोगिता में उनकी चमकदार उपलब्धि ने यह संदेश दिया है कि नई प्रतिभाएँ भविष्य के भारतीय क्रिकेट की नींव हैं।
गेंदबाजी में दिखाया कमाल
पूरे टूर्नामेंट के दौरान कृष्णा रावत ने अपनी गेंदबाजी से सभी को प्रभावित किया। उन्होंने कुल 9 विकेट झटके, जिसमें निर्णायक क्षणों पर मिले विकेट टीम की जीत की कुंजी साबित हुए। आखिरी लीग मैच में उन्होंने विदेशी टीम ओमान (फॉरेन जोन) के खिलाफ चार ओवर में 23 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट निकाले। उनकी इस शानदार परफॉर्मेंस के चलते उन्हें “मैन ऑफ द मैच” चुना गया।
नॉर्थ जोन-1 ने जीता खिताब
कृष्णा के शानदार खेल की बदौलत नॉर्थ जोन-1 ने पहली बार आयोजित सीबीएसई नेशनल क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। उल्लेखनीय है कि सीबीएसई ने 2025-26 की खेल सूची में क्रिकेट को पहली बार शामिल किया है और इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता में कृष्णा जैसे युवा खिलाड़ियों ने अपने हुनर से सबको चौंकाया।
पहले भी किया था शानदार प्रदर्शन
इससे पहले कृष्णा रावत ने सीबीएसई नॉर्थ जोन-1 क्रिकेट प्रतियोगिता (25 से 28 जुलाई, 2025) में भी कमाल का प्रदर्शन किया था। यह प्रतियोगिता ब्राइट स्टार पब्लिक स्कूल, जसपुर (उत्तराखण्ड) में आयोजित हुई थी। वहीं से उनकी प्रतिभा ने चयनकर्ताओं को प्रभावित किया और उन्हें नेशनल स्तर की प्रतियोगिता में जगह मिली।
स्कूल परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं
कृष्णा की उपलब्धि पर पूरा जेपी पब्लिक स्कूल परिवार गर्व महसूस कर रहा है। प्रिंसिपल मीता भंडूला ने कहा – “कृष्णा ने मेहनत और लगन से यह सफलता अर्जित की है। उनकी उपलब्धि आने वाले विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है।”
स्पोर्ट्स हेड नीरज सिंह ने बताया – “कृष्णा ने पहले भी कई क्रिकेट प्रतियोगिताओं में विद्यालय का नाम रोशन किया है। उनमें अंतरराष्ट्रीय स्तर तक खेलने की काबिलियत है और हम पूरी उम्मीद करते हैं कि भविष्य में वह भारत का नाम ऊँचा करेंगे।”
भविष्य के सितारे की झलक
कृष्णा रावत की इस कामयाबी ने यह साबित कर दिया है कि समर्पण, मेहनत और अनुशासन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उनकी गेंदबाजी ने विरोधी टीमों को लगातार दबाव में रखा और निर्णायक मौकों पर उनकी विकेट लेने की क्षमता ने उन्हें खास बना दिया। अब पूरा विद्यालय और स्थानीय खेल प्रेमी उनसे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर और भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर रहे हैं।



