Noida MP News : विकास के 12 साल, उपलब्धियों की मिसाल! नोएडा में सजी तीन दिवसीय भव्य प्रदर्शनी, ‘सेल्फी विद पीएम’ बना आकर्षण का केंद्र, योजनाओं से रूबरू हुए हजारों लोग, केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर गौतमबुद्धनगर में विकास महाकुंभ का आगाज, सांसद डॉ. महेश शर्मा ने किया शुभारंभ, सरकारी योजनाओं और उपलब्धियों की दिखी शानदार झलक

गौतमबुद्धनगर, रफ़्तार टूडे। देश में केंद्र सरकार के सफल और जनकल्याणकारी शासन के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर गौतमबुद्धनगर में विकास, सुशासन और जनजागरूकता का एक भव्य उत्सव शुरू हो गया है। सेक्टर-91 स्थित पंचशील बालक इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित तीन दिवसीय “विकास प्रदर्शनी” का शुभारंभ सांसद डॉ. महेश शर्मा ने फीता काटकर किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में आम नागरिकों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को एक उत्सव का स्वरूप प्रदान कर दिया।
17 से 19 जून 2026 तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी में पहुंचने वाले लोगों ने इसे विकास की यात्रा का जीवंत दस्तावेज बताते हुए सराहना की।
12 वर्षों की विकास यात्रा को देखने उमड़ी लोगों की भीड़
प्रदर्शनी का उद्देश्य केवल योजनाओं की जानकारी देना ही नहीं, बल्कि आमजन को सरकार की उपलब्धियों से जोड़ना और उन्हें विभिन्न कल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रति जागरूक करना भी है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, महिलाएं, युवा, बुजुर्ग और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि पहुंचे। सांसद डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश दोनों विकास के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में गरीब, किसान, महिला, युवा और समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए ऐतिहासिक कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारना और पात्र लोगों तक उनका लाभ पहुंचाना है।
‘सेल्फी विद पीएम’ बना लोगों के आकर्षण का केंद्र
प्रदर्शनी में सूचना विभाग की ओर से लगाया गया “सेल्फी विद पीएम” प्वाइंट लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कटआउट के साथ युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक सेल्फी ली। कई परिवारों ने इसे यादगार क्षण बताते हुए अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया। सेल्फी प्वाइंट पर दिनभर लोगों की भीड़ लगी रही और सोशल मीडिया पर भी इसकी तस्वीरें तेजी से साझा होती दिखाई दीं।

विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर मिली योजनाओं की जानकारी
प्रदर्शनी में सूचना विभाग, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, समाज कल्याण विभाग, उद्योग विभाग, श्रम विभाग, मत्स्य विभाग, पशुपालन विभाग, वन विभाग, सेवायोजन विभाग समेत अनेक विभागों ने आकर्षक स्टॉल लगाए हैं।
इन स्टॉलों के माध्यम से लोगों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। साथ ही पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी शुरू की गई।
श्रम विभाग ने प्रदर्शनी के पहले दिन 25 श्रमिकों का पंजीकरण किया, जबकि स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए शिविर में छह लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए। अन्य विभागों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित योजनाओं की जानकारी देकर लाभार्थियों को सहायता प्रदान की।
विकसित उत्तर प्रदेश-2047 की झलक भी देखने को मिली
प्रदर्शनी में विकसित उत्तर प्रदेश-2047 के विजन को भी विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया है। यहां आधारभूत संरचना, औद्योगिक विकास, महिला सशक्तिकरण, युवा सशक्तिकरण, गरीब कल्याण, आंतरिक सुरक्षा, सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक विकास से जुड़ी उपलब्धियों को रेखांकित किया गया है। लोगों ने आधुनिक तकनीक और आकर्षक प्रस्तुति के माध्यम से दिखाई गई योजनाओं की प्रशंसा की।
छात्रों की प्रतिभा को मिला मंच, वाद-विवाद प्रतियोगिता में दिखा उत्साह
कार्यक्रम के पहले दिन शिक्षा विभाग द्वारा छात्र-छात्राओं के लिए वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। प्रतियोगिता का विषय “कृत्रिम बुद्धिमत्ता” और “संसद में महिला आरक्षण बिल” रखा गया। राजकीय इंटर कॉलेज सेक्टर-12 के 30 विद्यार्थियों ने इसमें भाग लिया। कक्षा 12 की छात्रा सादिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कक्षा 10 के छात्र अंशुमान दूसरे और कक्षा 8 के छात्र कृष्ण तीसरे स्थान पर रहे।
इसके अलावा 18 जून को निबंध लेखन प्रतियोगिता और 19 जून को चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, ताकि विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच मिल सके।

विभिन्न स्टॉलों का सांसद ने किया निरीक्षण
शुभारंभ के बाद सांसद डॉ. महेश शर्मा ने अधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया और योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचे और किसी भी लाभार्थी को जानकारी के अभाव में वंचित न रहना पड़े।
विकास की कहानी को जनता तक पहुंचाने का प्रयास
तीन दिवसीय यह विकास प्रदर्शनी केवल एक आयोजन नहीं बल्कि पिछले 12 वर्षों में हुए बदलाव, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनती नजर आ रही है। प्रदर्शनी में उमड़ रही भीड़ यह संकेत दे रही है कि लोग सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को करीब से जानने और समझने में गहरी रुचि दिखा रहे हैं।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, जिला उपाध्यक्ष विनोद शर्मा, सांसद प्रतिनिधि संजय बाली, जिला महामंत्री अमित त्यागी, जिला मंत्री पंकज झा, मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, सहायक निदेशक सूचना सुनील कुमार कनौजिया, परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, खंड शिक्षा अधिकारी चंद्र भूषण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।



