Greater Noida Authority News : हादसे रोकने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का बड़ा अभियान, 100 से अधिक संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग, सीईओ रवि कुमार एनजी की सख्त चेतावनी, कलाधाम हादसे के बाद एक्शन मोड में ग्रेनो प्राधिकरण, सड़क सुरक्षा और निर्माण स्थलों पर बढ़ाई निगरानी
प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एनजी रवि कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शहर में सड़कों, निर्माण स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर मौजूद किसी भी खुले गड्ढे, मेनहोल या अन्य दुर्घटना संभावित स्थान को तत्काल सुरक्षित किया जाए। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने कहा कि शहर के प्रत्येक वर्क सर्किल को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में दुर्घटना संभावित सभी स्थानों की पहचान कर उन्हें पूरी तरह सुरक्षित बनाएँ।

ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। नॉलेज पार्क-2 स्थित कलाधाम सोसाइटी में छह वर्षीय मासूम की गड्ढे में डूबने से हुई दर्दनाक मौत के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एनजी रवि कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शहर में सड़कों, निर्माण स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर मौजूद किसी भी खुले गड्ढे, मेनहोल या अन्य दुर्घटना संभावित स्थान को तत्काल सुरक्षित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि किसी क्षेत्र में लापरवाही के कारण कोई हादसा होता है तो संबंधित वर्क सर्किल की पूरी टीम के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
सीईओ रवि कुमार एनजी ने दिए सख्त निर्देश
सीईओ रवि कुमार एनजी ने सभी परियोजना, जल एवं सीवर विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अपने-अपने क्षेत्रों का लगातार निरीक्षण कर दुर्घटना संभावित स्थानों की पहचान करें और वहां तत्काल सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि खुले गड्ढों को तुरंत भरने, ढकने या मजबूत बैरिकेडिंग करने के साथ-साथ चेतावनी संकेतक भी लगाए जाएं ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना समाप्त हो सके।
100 से अधिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत
सीईओ के निर्देशों के अनुपालन में परियोजना विभाग और जल-सीवर विभाग की टीमें लगातार फील्ड में सक्रिय हैं। सभी वर्क सर्किलों के वरिष्ठ प्रबंधक अपनी टीमों के साथ क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहे हैं और दुर्घटना संभावित स्थानों को सुरक्षित बनाने का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। अब तक शहर में 100 से अधिक संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा चुके हैं। इन कार्यों के अंतर्गत—
- खुले गड्ढों पर मजबूत बैरिकेडिंग की गई।
- खुले मेनहोल को ढका गया।
- सड़क किनारे खुले नालों को कवर किया जा रहा है।
- ब्लैक स्पॉट और शार्प यू-टर्न पर अतिरिक्त सुरक्षा संकेत लगाए जा रहे हैं।
- क्षतिग्रस्त सड़कों और गड्ढों की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था पूरी होने तक जारी रहेगा अभियान
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने कहा कि शहर के प्रत्येक वर्क सर्किल को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में दुर्घटना संभावित सभी स्थानों की पहचान कर उन्हें पूरी तरह सुरक्षित बनाएँ। उन्होंने कहा कि जब तक सभी संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं हो जाते, तब तक यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने और किसी भी संभावित खतरे की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।

अल्फा-2 में जनसुनवाई कर सुनी गईं नागरिकों की समस्याएं
इसी क्रम में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के उपमहाप्रबंधक विजय रावल, वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार, सहायक प्रबंधक गौरव बघेल तथा कुलदीप शर्मा ने अपनी टीम के साथ सेक्टर अल्फा-2 में आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों एवं स्थानीय निवासियों के साथ जनसुनवाई की। जनसुनवाई के दौरान सेक्टर की सड़क, जल निकासी, सफाई, स्ट्रीट लाइट और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को विस्तार से सुना गया। अधिकारियों ने अधिकांश समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन देते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश भी जारी किए।
नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
कलाधाम की घटना के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शहर में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्माण स्थलों, सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा तथा जिम्मेदारी तय कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इससे शहर में दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने और नागरिकों की सुरक्षा को और मजबूत बनाने का प्रयास किया जा रहा है।



