धार्मिकगौतमबुद्ध नगरग्रेटर नोएडाटॉप न्यूजताजातरीन

Vijay Mahostav Ramlila News : धमाकेदार प्रस्तुतियों और रंगारंग झलकियों के साथ होगा विजय महोत्सव 2025 का आगाज़, 700 बच्चों की प्रस्तुति से गूंजेगा रामलीला मैदान, 2 वाटर हार्वेस्टिंग पीट मैदान में बनाए गए, सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान

ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टुडे। शहर का सबसे प्रतीक्षित सांस्कृतिक आयोजन विजय महोत्सव 2025 इस बार और भी भव्य और आकर्षक होने जा रहा है। श्री रामलीला कमेटी द्वारा आयोजित इस महोत्सव का आगाज़ 23 सितंबर को रामलीला मैदान साईट-4 से होगा। आयोजन की शुरुआत एक रंगारंग कार्यक्रम से होगी जिसमें शहर और ग्रामीण क्षेत्र के स्कूलों व अकादमियों के लगभग 700 बच्चे अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीतेंगे।

भक्ति और देशभक्ति से होगा आगाज़

कमेटी के अध्यक्ष सरदार मंजीत सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि पानी को ध्यान में रखते हुए वाटर हार्वेस्टिंग पीट 2 नए बनाए गए है मैदान में, पिछले वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी महोत्सव का शुभारंभ भक्ति और देशभक्ति पर आधारित प्रस्तुतियों से होगा। बच्चे नृत्य, नाटक और गीतों के जरिए भगवान श्रीराम की लीलाओं और देश के वीरों की गाथा प्रस्तुत करेंगे।

उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल धार्मिक भावनाओं को जीवित रखता है, बल्कि बच्चों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से भी जोड़ता है।

रामलीला मंचन – 24 सितंबर से 1 अक्टूबर तक

कमेटी के महासचिव विजेंद्र सिंह आर्य ने बताया कि 24 सितंबर से 1 अक्टूबर तक प्रतिदिन एक से बढ़कर एक रामलीला के दृश्यों का मंचन किया जाएगा। भगवान श्रीराम के जीवन की प्रमुख घटनाओं को प्रस्तुत करने वाले ये दृश्य दर्शकों को अध्यात्म और संस्कृति की गहराइयों से रूबरू कराएंगे।

उन्होंने यह भी बताया कि 2 अक्टूबर, गांधी जयंती के अवसर पर, भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम को समर्पित ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर आधारित एक विशेष प्रस्तुति दी जाएगी, जो दर्शकों के लिए मुख्य आकर्षण होगी।

विजयदशमी पर होगा रावण दहन और आतिशबाज़ी

कमेटी के कोषाध्यक्ष मनोज गर्ग ने जानकारी दी कि 2 अक्टूबर विजयदशमी पर रामलीला मंचन के बाद रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के विशालकाय पुतलों का दहन किया जाएगा। इसके बाद आकाश रंग-बिरंगी आतिशबाज़ी से जगमगा उठेगा। यह क्षण हर साल की तरह इस बार भी दर्शकों को रोमांच और उल्लास से भर देगा।

सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान

संयुक्त महासचिव सौरभ बंसल ने बताया कि इस बार सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। मैदान में सीसीटीवी कैमरों और सिक्योरिटी गार्ड्स की विशेष व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही दर्शकों को किसी भी असुविधा से बचाने के लिए सुव्यवस्थित बैठने की व्यवस्था भी की जाएगी।

उन्होंने यह भी बताया कि साकेत कला मंच के लगभग 65 कलाकार रामलीला मंचन में अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।

विशाल मेला – खाने-पीने और मनोरंजन का संगम

मीडिया प्रभारी विनोद कासना ने कहा कि इस बार विजय महोत्सव केवल रामलीला तक सीमित नहीं रहेगा। इसके साथ-साथ एक विशाल मेला भी लगाया जाएगा। खाने-पीने के शौकीनों के लिए जयंती कैटर्स और अशोका चांट वालों द्वारा खास दिल्ली-6 स्टाइल के स्टॉल लगाए जाएंगे।

मनोरंजन के लिए झूले, नाव, सर्कस और बच्चों के लिए आकर्षक खेलों की व्यवस्था होगी। खरीददारी के लिए भी कई तरह के स्टॉल्स मौजूद रहेंगे, जहां से दर्शक त्योहार की रौनक बढ़ाने वाली वस्तुएं खरीद सकेंगे।

संस्कृति, आस्था और मनोरंजन का संगम

विजय महोत्सव 2025 केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि आस्था, संस्कृति और मनोरंजन का अद्भुत संगम है। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियां, रामलीला के जीवंत दृश्य, रावण दहन का रोमांच और मेले की रौनक मिलकर इसे क्षेत्र का सबसे बड़ा आयोजन बना देंगे।

ग्रेटर नोएडा का रामलीला मैदान इस बार फिर गवाह बनेगा उस उल्लास का, जहां आस्था और उत्सव एक साथ झलकेंगे।

कमेटी के दिग्गज सदस्य रहे मौजूद

प्रेस वार्ता में कमेटी के अध्यक्ष मंजीत सिंह, महासचिव विजेंद्र आर्य, कोषाध्यक्ष मनोज गर्ग, संयुक्त महासचिव सौरभ बंसल, मीडिया प्रभारी विनोद कसाना, और अन्य सदस्य – कुलदीप शर्मा, मुकेश शर्मा, के.के. शर्मा, हरेंद्र भाटी, श्यामवीर भाटी, अमित गोयल, अरुण गुप्ता, मुकुल गोयल, गिरीश जिंदल, अनुज उपाध्याय, सुनील प्रधान, सुभाष चंदेल, मनोज यादव, अंकुर गर्ग, अतुल जैन, विशाल जैन आदि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

रफ़्तार टुडे की न्यूज़
Raftar Today
Raftar Today

Related Articles

Back to top button