फरीदाबाद41 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

फरीदाबाद। केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने सिक्स लेन खेड़ी पुल का उद्घाटन किया।
- कालिंदी कुंज से मंझावली तक चार छोटी पुलियाएं 17 करोड़ से फोरलेन होगी
- शहर को केजीपी और ताज एक्सप्रेस-वे से जोड़ने वाला नया हाईवे भी बनेगा
केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने बुधवार को 20.80 करोड़ की लागत से बने सिक्स लेन खेड़ी पुल का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा ओल्ड फरीदाबाद व नहर पार क्षेत्र को जोड़ने के लिए खेड़ी पुल काफी संकरा और जर्जर था। यह पुल ओल्ड फरीदाबाद को सेक्टर 17, 18, 19 व नहर पार के सेक्टर 85, 86, 87, 88, बीपीटीपी, भूपानी, जसाना, सिडोला व मंझावली को जोड़ता है। ऐसे में इस पुल से भारी संख्या में ट्रैफिक का आवागमन होता है। पुल संकरा होने से हमेशा जाम लगा रहता था। लोगों की समस्या को ध्यान में रखते हुए सीएम मनोहर लाल ने इस पुल की मंजूरी दी थी। आज यह पुल तैयार होकर जनता को समर्पित कर दिया गया। उन्होंने कहा सिक्स लेन इस पुल पर पैदल यात्रियों के चलने के लिए 5-5 फीट के फुटपाथ भी बनाए गए हैं। उन्होंने कहा सात वर्षों में फरीदाबाद में सड़कों व पुलों के विकास को लेकर बेहतर कार्य हुए हैं। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे का निर्माण शुरू हो चुका है। फरीदाबाद से केजीपी व ताज एक्सप्रेस-वे को जोड़ने के लिए एक नया हाईवे मंजूर किया गया है। इससे शहर के विकास को एक नया रास्ता मिलेगा। उन्होंने कहा कालिंदीकुंज से मंझावली तक नहरों पर फोर लेन रोड तो बन गया लेकिन चार पुलिया ऐसी बच गईं जिनकी चौड़ाई दस फीट से भी कम है। इससे हमेशा हादसों की आशंका बनी रहती है। उन्होंने कहा इन पुलियाओं को फोरलेन करने के लिए 17 करोड़ की मंजूरी मिल गई है। फरीदाबाद-गुरुग्राम के बीच मेट्रो को मंजूरी मिल चुकी है। एमएलए नरेंद्र गुप्ता ने कहा खेड़ी पुल के चालू होने से जाम की एक बड़ी समस्या खत्म हो जाएगी। यह लोगों की वर्षों पुरानी मांग थी जो आज पूरी हो गई।