Treanding News : फॉर्च्यूनर में घूम रहे थे ‘फिल्मी स्टाइल’ के चार शातिर, नंबर प्लेट गायब… हथियारों से लैस गैंग की बड़ी साजिश नाकाम, वारदात से पहले ही ईकोटेक-3 पुलिस ने कस दिया शिकंजादो पिस्टल, दो तमंचे, नौ कारतूस और बिना नंबर की फॉर्च्यूनर बरामद, हिस्ट्रीशीटर समेत चार बदमाश गिरफ्तार, किसी बड़ी वारदात की थी तैयारी

ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। ग्रेटर नोएडा में एक बार फिर पुलिस की सतर्कता ने बड़ी आपराधिक घटना को होने से पहले ही रोक दिया। फिल्मी अंदाज में बिना नंबर प्लेट लगी लग्जरी फॉर्च्यूनर कार में घूम रहे चार बदमाशों को ईकोटेक-3 थाना पुलिस ने धर दबोचा। बदमाशों के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन समय रहते की गई कार्रवाई से उनकी पूरी योजना ध्वस्त हो गई।
खैरपुर गोलचक्कर के पास बिछाया गया जाल, पुलिस ने दबोचे चारों आरोपी
ईकोटेक-3 कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध युवक बिना नंबर प्लेट लगी फॉर्च्यूनर कार में अवैध हथियारों के साथ इलाके में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और खैरपुर गोलचक्कर के पास सर्विस रोड पर घेराबंदी कर दी। जैसे ही संदिग्ध वाहन वहां पहुंचा, पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कार को रोक लिया। तलाशी के दौरान कार से दो अवैध पिस्टल, दो तमंचे और नौ जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके बाद कार में सवार चारों युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया।
लग्जरी कार में अपराध का सफर, बिना नंबर प्लेट की फॉर्च्यूनर भी जब्त
पुलिस ने जिस फॉर्च्यूनर कार को बरामद किया है, उस पर कोई नंबर प्लेट नहीं लगी थी। अधिकारियों का मानना है कि नंबर प्लेट न होने का उद्देश्य पहचान छिपाना और किसी घटना को अंजाम देने के बाद आसानी से फरार होना था।
लग्जरी गाड़ी और हथियारों के साथ पकड़े गए इन आरोपियों की गिरफ्तारी ने यह संकेत दिया है कि अपराधी अब हाईटेक और आधुनिक साधनों का इस्तेमाल कर पुलिस को चकमा देने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, पुलिस की सतर्कता ने उनकी इस कोशिश को नाकाम कर दिया।
हिस्ट्रीशीटर समेत चार आरोपी गिरफ्तार, कई संगीन मामलों में दर्ज हैं मुकदमे
पकड़े गए आरोपियों की पहचान होशियारपुर निवासी राहुल यादव, सादुल्लापुर गांव निवासी यश नागर, मिलक लच्छी गांव निवासी अभिषेक उर्फ अन्नू और जलालपुर गांव निवासी जोगेंद्र उर्फ हैप्पी के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि यश नागर थाना ईकोटेक-3 का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ पहले से कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार यश नागर पर बिसरख, ईकोटेक-3, कासना और सेक्टर-39 थानों में हत्या के प्रयास, मारपीट, आर्म्स एक्ट समेत कुल नौ संगीन मुकदमे दर्ज हैं।
वहीं, अभिषेक उर्फ अन्नू पर सेक्टर-39 थाने में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के दो मुकदमे दर्ज हैं। राहुल यादव के खिलाफ बिसरख और सेक्टर-49 में दो मामले दर्ज हैं, जबकि जोगेंद्र उर्फ हैप्पी के खिलाफ ईकोटेक-3 थाने में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट का मामला पहले से दर्ज है।
किस बड़ी वारदात की थी तैयारी? पुलिस कर रही गहन जांच
एडीसीपी स्वतंत्र कुमार ने बताया कि चारों आरोपी अवैध हथियारों के साथ बिना नंबर प्लेट वाली फॉर्च्यूनर कार में घूम रहे थे और प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि वे किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों का निशाना कौन था और वे किस प्रकार की वारदात को अंजाम देना चाहते थे। इसके अलावा यह भी जांच की जा रही है कि उनके पास बरामद हथियार कहां से आए और क्या इनके पीछे किसी बड़े गिरोह का हाथ है।
ईकोटेक-3 पुलिस की कार्रवाई से अपराधियों में मचा हड़कंप
लगातार सक्रिय कार्रवाई और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के कारण पुलिस की कार्यशैली की सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते यह कार्रवाई नहीं होती तो कोई बड़ी घटना घट सकती थी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
बढ़ रही पुलिस की सख्ती, अपराधियों के लिए मुश्किल होता जा रहा ग्रेटर नोएडा
पिछले कुछ समय से कमिश्नरेट पुलिस लगातार गैंगस्टरों, हिस्ट्रीशीटरों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी का परिणाम है कि कई बड़ी घटनाओं को समय रहते रोका जा रहा है।
ईकोटेक-3 पुलिस की यह कार्रवाई भी उसी कड़ी का हिस्सा मानी जा रही है, जिसने एक संभावित बड़ी वारदात को होने से पहले ही विफल कर दिया।



