GL Bajaj College News : गुणवत्ता से ‘विकसित भारत’ तक का सफ़र, ग्रेटर नोएडा में QCFI के 39वें राष्ट्रीय अधिवेशन का भव्य शुभारंभ, उद्योग-शिक्षा-नवाचार का महासंगम, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का संदेश

ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। देश में गुणवत्ता संस्कृति, सतत सुधार और औद्योगिक उत्कृष्टता को नई दिशा देने वाले क्वालिटी सर्किल फोरम ऑफ इंडिया (QCFI) के 39वें राष्ट्रीय अधिवेशन का भव्य शुभारंभ जी एल बजाज इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट, ग्रेटर नोएडा में अत्यंत गरिमामय और उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। यह आयोजन जी एल बजाज एजुकेशनल इंस्टिट्यूशंस के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है, जिसने एक बार फिर शिक्षा और उद्योग के मजबूत सेतु के रूप में अपनी पहचान को सुदृढ़ किया है।
यह राष्ट्रीय अधिवेशन केवल एक सम्मेलन नहीं, बल्कि गुणवत्ता, नवाचार, तकनीकी उत्कृष्टता और ‘विकसित भारत’ के विज़न को ज़मीनी स्तर पर साकार करने का सशक्त मंच बनकर उभरा है।
संगीत से हुआ शुभारंभ, संस्कृति और गुणवत्ता का संगम
कार्यक्रम का शुभारंभ जी एल बजाज एजुकेशनल इंस्टिट्यूशंस के विद्यार्थियों के संगीत बैंड द्वारा प्रस्तुत सुमधुर और ऊर्जावान सांस्कृतिक प्रस्तुति से हुआ। इस मनमोहक संगीत कार्यक्रम ने पूरे सभागार को सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया और यह संदेश दिया कि तकनीक और गुणवत्ता के साथ-साथ संस्कृति और रचनात्मकता भी राष्ट्र निर्माण का अहम हिस्सा हैं।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का संदेश
इसके पश्चात भारत सरकार के केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान के संदेश का वाचन किया गया। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि “गुणवत्ता, सतत सुधार और नवाचार ही भारत को वैश्विक मंच पर अग्रणी बनाएंगे। QCFI जैसे मंच उद्योगों और संस्थानों में गुणवत्ता चेतना को सुदृढ़ कर ‘विकसित भारत’ के संकल्प को गति प्रदान कर रहे हैं।”
उन्होंने इस राष्ट्रीय अधिवेशन के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा, उद्योग और गुणवत्ता का समन्वय ही आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव है।
मुख्य अतिथि योगेश चंद्र मुंजाल का प्रेरणादायक संबोधन
उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में श्री योगेश चंद्र मुंजाल, चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर – मुंजाल शोआ लिमिटेड, ने उपस्थित उद्योग जगत, शिक्षाविदों और प्रतिभागियों को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि “QCFI दशकों से भारतीय उद्योगों में गुणवत्ता के प्रति प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। यही कारण है कि आज भारतीय मैन्युफैक्चरिंग और सर्विस सेक्टर वैश्विक प्रतिस्पर्धा में मजबूती से खड़े हैं।”
उन्होंने QCFI दिल्ली चैप्टर के प्रथम चेयरमैन के रूप में अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि जिस बीज को वर्षों पहले बोया गया था, वह आज एक विशाल वटवृक्ष का रूप ले चुका है। QCFI का विस्तार और प्रभाव यह दर्शाता है कि भारत गुणवत्ता के मार्ग पर तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।
मुख्य अतिथि का सम्मान: शिक्षा और उद्योग का सम्मानजनक संवाद
इस अवसर पर जी एल बजाज एजुकेशनल इंस्टिट्यूशंस के सीईओ श्री कार्तिकेय अग्रवाल द्वारा मुख्य अतिथि श्री योगेश चंद्र मुंजाल को शाल ओढ़ाकर सम्मानित एवं अभिनंदित किया गया। यह क्षण शिक्षा और उद्योग के आपसी सम्मान, सहयोग और साझेदारी का प्रतीक बना।
‘विकसित भारत’ की थीम पर सीईओ कार्तिकेय अग्रवाल का सशक्त वक्तव्य
विशिष्ट अतिथि एवं सीईओ – जी एल बजाज एजुकेशनल इंस्टिट्यूशंस, श्री कार्तिकेय अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि “इस राष्ट्रीय अधिवेशन की थीम ‘विकसित भारत’ केवल एक नारा नहीं, बल्कि एक संकल्प है। गुणवत्ता, नवाचार और तकनीकी उत्कृष्टता के बिना विकसित भारत की कल्पना अधूरी है।”
उन्होंने कहा कि GL Bajaj Educational Institutions का लक्ष्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि उद्योग-तैयार, गुणवत्ता-सचेत और नवोन्मेषी नेतृत्व तैयार करना है। शिक्षा, उद्योग और गुणवत्ता को जोड़ते हुए संस्थान भविष्य के भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
उद्योग जगत के दिग्गजों ने साझा किए अनुभव
इस राष्ट्रीय मंच पर विभिन्न क्षेत्रों से आए उद्योग विशेषज्ञों ने अपने अनुभव साझा किए—
श्री राकेश सिंह राठौड़
चांसलर – विक्रांत यूनिवर्सिटी
उन्होंने विश्वविद्यालय में प्रत्येक शनिवार एक घंटे के संपूर्ण स्वच्छता अभियान की पहल पर प्रकाश डाला और कहा कि गुणवत्ता की शुरुआत स्वच्छता और अनुशासन से होती है।
श्री यशपाल सरदाना
प्लांट हेड – हीरो मोटोकॉर्प्स
उन्होंने रोबोटिक असेंबली लाइन, टू-व्हीलर निर्माण और आर एंड डी नवाचारों पर अपने व्यावहारिक अनुभव साझा करते हुए बताया कि कैसे ऑटोमोबाइल सेक्टर गुणवत्ता के नए मानक स्थापित कर रहा है।
श्री अमन जशनानी
निदेशक – केसरी फूड प्रोडक्ट्स
उन्होंने अपनी यूनिट्स में वर्ल्ड क्लास मैन्युफैक्चरिंग के सफल क्रियान्वयन की यात्रा साझा की और बताया कि निरंतर सुधार कैसे प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त देता है।
दीप प्रज्वलन और QCFI पत्रिका का विमोचन
अतिथियों का स्वागत शाल ओढ़ाकर श्री अविनाश मिश्रा, श्री डी. के. श्रीवास्तव एवं श्री एस. जे. कालोखे द्वारा किया गया।
दीप प्रज्वलन के पश्चात QCFI की वार्षिक पत्रिका का औपचारिक विमोचन किया गया, जिसमें गुणवत्ता, केस स्टडी और श्रेष्ठ प्रथाओं को संकलित किया गया है।
राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित पुरस्कारों का वितरण
इस अवसर पर गुणवत्ता क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को विभिन्न पुरस्कार प्रदान किए गए
बेस्ट कोऑर्डिनेटर अवार्ड
ई. नागराजन – अशोक लेलैंड
राजन मित्तल – अदानी एनर्जी सॉल्यूशंस
विग्नेश टी. – सुंदरम क्लेटन लिमिटेड
ए. संगीता – गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड
वर्ल्ड क्लास मैन्युफैक्चरिंग – जूसे अवार्ड
लेवल-5:
जुगनू फूड्स, केसरी फूड्स, टाइटन कंपनी लिमिटेड, वी. आर. एग्रो प्रोसेसर
लेवल-4:
अंबाजी फूड्स इंडिया लिमिटेड, ओम राज फूड्स, कृष्णा शाम्या फूड्स, रामकृष्णा बेकर्स प्रा. लि.
QCFI बेस्ट सपोर्टिंग ऑर्गेनाइजेशन अवार्ड
अदानी ग्रुप, अहमदाबाद
एनटीपीसी लिमिटेड, नई दिल्ली
अन्य प्रमुख पुरस्कार
बेस्ट एसएसआई अवार्ड: वी. आर. एग्रो प्रोसेसर
बेस्ट सर्विस सेक्टर अवार्ड: सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट, अहमदाबाद
एप्रिशिएशन अवार्ड: सिंधिया कन्या विद्यालय, ग्वालियर
विशेष सम्मान
एक ही यूनिट से सर्वाधिक सहभागिता: सेल भिलाई स्टील प्लांट
क्वालिटी लीडरशिप अवार्ड:
श्री राजेश कुमार – नॉर्थ ईस्टर्न रेलवे
श्री सुब्रत कुमार भद्रा – CAO, टाइटन कंपनी लिमिटेड
ऑर्गनाइज़र, जजेज और चैप्टर मीट
आज दोपहर ऑर्गनाइज़र मीट एवं जजेज मीट का आयोजन किया गया, जिसे श्री डी. के. श्रीवास्तव, श्री आर. श्रीनिवासन एवं सुश्री रंजनी ने संबोधित किया। सायंकाल आयोजित चैप्टर मीट में चैप्टर अवार्ड्स प्रदान किए जाएंगे, जिससे अधिवेशन का उत्साह और भी बढ़ेगा।
गुणवत्ता से राष्ट्र निर्माण की ओर
QCFI का यह 39वां राष्ट्रीय अधिवेशन स्पष्ट संदेश देता है कि गुणवत्ता केवल उद्योग की आवश्यकता नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का आधार है।
जी एल बजाज एजुकेशनल इंस्टिट्यूशंस द्वारा आयोजित यह आयोजन शिक्षा, उद्योग और नीति के समन्वय का सशक्त उदाहरण बनकर उभरा है।



