Breaking News : “काम में लापरवाही नहीं चलेगी, गुणवत्ता से होगा विकास का हिसाब!”, प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह की दो टूक, सांसद डॉ. महेश शर्मा बोले- किसानों की समृद्धि से ही मजबूत होगी जिले की अर्थव्यवस्था, कलेक्ट्रेट में विकास योजनाओं की हुई बड़ी समीक्षा, सड़क, बिजली, कानून व्यवस्था, उद्योग और किसानों से जुड़े मुद्दों पर अधिकारियों को मिले सख्त निर्देश
विधायक तेजपाल नागर ने दिए गुणवत्ता और समयबद्धता के निर्देश, विकास की रफ्तार के साथ गुणवत्ता का भी होगा परीक्षण

ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। गौतमबुद्ध नगर में विकास कार्यों की गति और गुणवत्ता को लेकर प्रदेश सरकार ने एक बार फिर स्पष्ट संदेश दिया है कि अब केवल योजनाओं की घोषणा नहीं, बल्कि उनका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन ही प्राथमिकता होगा। उत्तर प्रदेश सरकार में लोक निर्माण विभाग के राज्य मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में कानून व्यवस्था, राजस्व और मुख्यमंत्री के विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में चल रही विभिन्न परियोजनाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों की प्रगति का गहन मूल्यांकन किया गया।
बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकार की मंशा का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करना होगा और योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
सड़क निर्माण से लेकर विकास योजनाओं तक, गुणवत्ता पर विशेष जोर
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह ने सड़क निर्माण, सड़क चौड़ीकरण और मरम्मत कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता मानकों के साथ किसी प्रकार का समझौता न किया जाए।
उन्होंने कहा कि जनता को बेहतर सड़कें और मजबूत आधारभूत संरचना उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसलिए सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए और कार्यों की गुणवत्ता की नियमित निगरानी भी सुनिश्चित की जाए।
सांसद डॉ. महेश शर्मा बोले- कृषि क्षेत्र ही जिले की आर्थिक रीढ़
बैठक में मौजूद गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि कृषि क्षेत्र जनपद की अर्थव्यवस्था का एक महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसानों की समस्याओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और उन्हें गुणवत्तापूर्ण बीज, उर्वरक तथा अन्य आवश्यक संसाधन समय पर उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि यदि किसान मजबूत होगा तो जिले की अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी। किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने की दिशा में लगातार प्रयास किए जाने चाहिए।
विधायक तेजपाल नागर ने दिए गुणवत्ता और समयबद्धता के निर्देश
दादरी विधायक तेजपाल सिंह नागर ने भी विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर अधिकारियों को सजग रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सड़क, पुल, भवन और अन्य निर्माण कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा किया जाना चाहिए ताकि जनता को लंबे समय तक उनका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि विकास केवल कागजों में नहीं बल्कि धरातल पर दिखाई देना चाहिए और इसके लिए जवाबदेही तय होना भी आवश्यक है।
राजस्व सेवाओं को और पारदर्शी बनाने पर जोर
बैठक में राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निवास प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र और अन्य राजस्व सेवाओं को अधिक पारदर्शी, सरल और समयबद्ध बनाया जाए। उन्होंने कहा कि आम जनता को छोटे-छोटे कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना चाहिए। तकनीक का उपयोग बढ़ाकर सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाया जाए।
बिजली व्यवस्था को लेकर भी दिए अहम निर्देश
विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने कहा कि जिले में निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए प्रस्तावों और शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि औद्योगिक और शहरी क्षेत्र होने के कारण गौतमबुद्ध नगर में बिजली व्यवस्था का मजबूत होना बेहद आवश्यक है।
उद्योग और निवेश को मिलेगी नई रफ्तार
उद्योग विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने निवेश से जुड़े एमओयू को शीघ्र धरातल पर उतारने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिन निवेश परियोजनाओं की घोषणा हो चुकी है, उन्हें तेजी से क्रियान्वित किया जाए ताकि रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकें। उन्होंने बैंकर्स समिति की बैठकों में जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, जिससे निवेश और उद्योग से जुड़े मामलों का त्वरित समाधान किया जा सके।
महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर विशेष फोकस
कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखा जाए। उन्होंने विशेष रूप से महिला सुरक्षा को और मजबूत करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि लोगों के भीतर सुरक्षा की भावना मजबूत होना आवश्यक है और इसके लिए पुलिस को संवेदनशील तथा सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
विकास की रफ्तार के साथ गुणवत्ता का भी होगा परीक्षण
बैठक से स्पष्ट संकेत मिला है कि गौतमबुद्ध नगर में अब विकास कार्यों की गति के साथ-साथ उनकी गुणवत्ता पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। सरकार चाहती है कि योजनाएं केवल फाइलों तक सीमित न रहें, बल्कि उनका लाभ सीधे जनता तक पहुंचे और जिले का विकास मॉडल पूरे प्रदेश के लिए उदाहरण बने।
वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में सांसद डॉ. महेश शर्मा, दादरी विधायक तेजपाल सिंह नागर, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, दादरी नगर पालिका परिषद अध्यक्ष गीता पंडित, पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह, जिलाधिकारी मेधा रूपम, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुनील कुमार सिंह, नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ वंदना त्रिपाठी, ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर राजीव नारायण मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



