IIA Industry News : ग्रेटर नोएडा में IIA की 35वीं सेंट्रल AGM, 1000 से अधिक MSME उद्यमियों ने लिया हिस्सा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बोले- युवा नौकरी लेने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बनें; MSME सेक्टर पूरा करेगा 2047 तक विकसित भारत का सपना
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में MSME सेक्टर की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवा उद्यमियों से आह्वान किया कि वे नौकरी तलाशने के बजाय नौकरी देने वाले बनने की सोच विकसित करें। उन्होंने कहा कि देश के कारोबारी और युवा उद्यमी आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा ने भी शिरकत की। उन्होंने IIA के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जब उन्होंने वर्ष 1980 में नोएडा में कदम रखा था, उस समय औद्योगिक क्षेत्र आज की तरह विकसित नहीं था। IIA के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल ने अतिथियों एवं देशभर से पहुंचे उद्यमियों का स्वागत किया। उन्होंने MSME सेक्टर के हितों के लिए संगठन की प्रतिबद्धता दोहराई। वहीं आलोक अग्रवाल ने IIA की आगामी योजनाओं और संगठन की प्राथमिकताओं की जानकारी दी।

ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (IIA) की 35वीं सेंट्रल एनुअल जनरल मीटिंग (AGM) का भव्य आयोजन ग्रेटर नोएडा के 130 मीटर रोड स्थित Wedding Dots में किया गया। कार्यक्रम में देशभर के विभिन्न IIA चैप्टरों से जुड़े 1000 से अधिक MSME उद्यमियों और उद्योग प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में भारत सरकार के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शिरकत की और उद्यमियों का उत्साह बढ़ाया।
अपने संबोधन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में MSME सेक्टर की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवा उद्यमियों से आह्वान किया कि वे नौकरी तलाशने के बजाय नौकरी देने वाले बनने की सोच विकसित करें। उन्होंने कहा कि देश के कारोबारी और युवा उद्यमी आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में देश का MSME क्षेत्र महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने उद्यमियों की मेहनत, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सरकार MSME क्षेत्र को आगे बढ़ाने और उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि उन्हें उत्तर भारतीय होने पर गर्व है और उत्तर भारत के उद्यमियों ने देश के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने IIA की गतिविधियों और MSME उद्यमियों को एक साझा मंच उपलब्ध कराने के प्रयासों की भी सराहना की।
MSME को आत्मनिर्भर भारत की रीढ़ बताया
रक्षा मंत्री ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत केवल सरकारी प्रयासों से नहीं बन सकता, बल्कि इसमें देश के उद्यमियों, उद्योगों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। MSME क्षेत्र रोजगार सृजन, उत्पादन, निर्यात और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने उद्यमियों से बदलती वैश्विक परिस्थितियों के अनुरूप तकनीक, नवाचार और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को बढ़ाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले MSME उद्यमियों को पुरस्कार एवं सम्मान भी प्रदान किए गए।

डॉ. महेश शर्मा ने IIA के कार्यों की सराहना की
कार्यक्रम में सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा ने भी शिरकत की। उन्होंने IIA के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जब उन्होंने वर्ष 1980 में नोएडा में कदम रखा था, उस समय औद्योगिक क्षेत्र आज की तरह विकसित नहीं था। बाद में IIA जैसे संगठनों ने उद्योग जगत को एकजुट करने और उद्यमियों की समस्याओं को प्रभावी तरीके से उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि उद्योग और उद्यमी किसी भी क्षेत्र की आर्थिक प्रगति के प्रमुख आधार होते हैं। MSME क्षेत्र को मजबूत करना देश की आर्थिक व्यवस्था को मजबूत करने के समान है।
IIA ने पेश किया आगामी योजनाओं का रोडमैप
IIA के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल ने अतिथियों एवं देशभर से पहुंचे उद्यमियों का स्वागत किया। उन्होंने MSME सेक्टर के हितों के लिए संगठन की प्रतिबद्धता दोहराई। वहीं आलोक अग्रवाल ने IIA की आगामी योजनाओं और संगठन की प्राथमिकताओं की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन IIA के जनरल सेक्रेटरी दीपक बजाज ने राष्ट्रीय अध्यक्ष की अनुमति से निर्धारित कार्यसूची के अनुसार किया। AGM में IIA के कोषाध्यक्ष ने पिछले वर्ष का लेखा-जोखा एवं वित्तीय विवरण सदस्यों के समक्ष रखा, जिसे उपस्थित सदस्यों ने ध्वनिमत से मंजूरी प्रदान की।

पहली बार ग्रेटर नोएडा में हुई सेंट्रल AGM
35वीं सेंट्रल AGM में IIA ग्रेटर नोएडा चैप्टर की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही। चैप्टर से बड़ी संख्या में उद्यमियों ने कार्यक्रम में पहुंचकर अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई। IIA ग्रेटर नोएडा चैप्टर के चेयरमैन सरबजीत सिंह ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रेटर नोएडा में पहली बार IIA की सेंट्रल AGM का आयोजन होना पूरे चैप्टर के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि संगठन की ताकत उसके सदस्यों की सक्रिय भागीदारी से बढ़ती है और MSME से जुड़े मुद्दों को प्रभावी मंच पर उठाने में उद्यमियों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
बदलते कारोबारी माहौल और चुनौतियों पर भी हुई चर्चा
AGM में भविष्य की औद्योगिक चुनौतियों, बदलते कारोबारी माहौल और उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता पर भी विस्तार से चर्चा हुई। राहुल जैन ने उद्यमियों को संबोधित करते हुए बदलती औद्योगिक परिस्थितियों, कारोबारी चुनौतियों और profitability को बनाए रखने के उपायों पर उपयोगी एवं प्रेरणादायक विचार साझा किए। उन्होंने उद्यमियों को बदलते बाजार के अनुरूप रणनीति तैयार करने, लागत नियंत्रण, नवाचार और व्यवसाय को टिकाऊ बनाने पर जोर दिया। उनके संबोधन को उपस्थित उद्यमियों ने काफी महत्वपूर्ण बताया।
ये प्रमुख पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, भाजपा जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष विकास चौधरी, अर्पित तिवारी, पूर्व BJYM में अध्यक्ष राज नागर, जिला मंत्री चंद्रमणि भारद्वाज, IIA डिवीजनल चेयरमैन राकेश बंसल, दीपक कुमार बजाज, आलोक कुमार बजाज, कोषाध्यक्ष अवधेश अग्रवाल, IIA ग्रेटर नोएडा के पूर्व अध्यक्ष अवधेश पांडे, सदस्य विजय गोयल, आर.के. सिरोही सहित IIA के राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय पदाधिकारी, विभिन्न चैप्टरों के चेयरमैन और बड़ी संख्या में MSME उद्यमी मौजूद रहे। 35वीं सेंट्रल AGM ने ग्रेटर नोएडा में MSME सेक्टर की मजबूत उपस्थिति को प्रदर्शित करने के साथ ही उद्यमियों को उद्योग जगत की चुनौतियों, संभावनाओं और भविष्य की रणनीतियों पर विचार-विमर्श के लिए एक प्रभावी मंच प्रदान किया। कार्यक्रम में यह संदेश भी प्रमुखता से सामने आया कि आत्मनिर्भर भारत और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में MSME क्षेत्र निर्णायक भूमिका निभाएगा।



