आम मुद्दे

डी पी एस में ‘स्पिक मैके – 2022’ का आयोजन, श्रीमान रजत कपूर के संग – गांधी के विचारों से ओतप्रोत हुआ डी पी एस प्रांगण

रफ्तार टुडे, ग्रेटर नोएडा। दिल्ली पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा में शास्त्रीय कलाओं को समर्पित संस्था ‘स्पिक मैके’ के संयुक्त तत्वावधान में ‘स्पिक मैके-2022’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त अनेक राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित अभिनेता श्रीमान रजत कपूर जी विद्यालय में उपस्थित रहे। उनकी उपस्थिति में गाँधी जी का स्मरण करते हुए ‘वैष्णव जन ते तेने कहिये जे’ से वातावरण गांधीमय बन गया।
आज के आयोजन में श्री रजत कपूर जी ने ‘द मेकिंग ऑफ़ महात्मा’ की स्क्रीनिंग पर विस्तार से चर्चा की। अपने वक्तव्य में उन्होंने अभिनय कला के सूक्ष्म तथ्यों से छात्रों को अवगत करवाया। इस अवसर पर संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अभिनय कला एक उत्कृष्ट अभ्यास है, जो आपको और आपके व्यक्तित्व को निखार कर चमकदार बनाता है। श्री रजत कपूर ने समझाया कि आज का समय बहुमुखी प्रतिभा संपन्न लोगों का है। अत: हम थियेटर, फ़िल्म, मीडिया आदि से जुड़कर अपने जीवन को सफल बना सकते हैं।
अपने संबोधन में विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती संध्या अवस्थी जी ने गांधी दर्शन पर अपने विचार प्रकट करते हुए इसे अपने जीवन में उतारने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गांधी केवल व्यक्ति नहीं, बल्कि एक संस्था थे, एक दर्शन थे, उनकी दी गई सीखों को अपनाकर आज बहुत सारी समस्याओं से छुटकारा पाया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि बापू स्वच्छता और सत्य के पुजारी थे। अत: हमें भी इसे अपने व्यावहारिक जीवन में उतारना चाहिए। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया ।
कार्यक्रम में स्पिक मैके की को-ऑर्डिनेटर श्रीमती सुमिता दत्ता और श्रीमती चारु सेनन के साथ विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

gaurav singh
Gaurav Singh

Related Articles

Back to top button