उत्तर प्रदेशपुलिसप्रशासन

UP Police News : यूपी पुलिस में बड़ा फेरबदल, योगी सरकार का सख्त प्रशासनिक एक्शन, 24 IPS अफसरों के तबादले से हिला सिस्टमगोरखपुर से लेकर गौतमबुद्धनगर तक बदले SSP-SP, प्रोन्नति के साथ नई तैनाती, प्रोन्नति के साथ बड़ी जिम्मेदारी, प्रवीण कुमार बने लखनऊ जोन के ADG, ASP अनृकृति शर्मा की एंट्री से गौतमबुद्धनगर पर नजर

लखनऊ, रफ़्तार टूडे। उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने की दिशा में योगी आदित्यनाथ सरकार ने एक बार फिर बड़ा और निर्णायक कदम उठाया है। बुधवार देर रात पुलिस विभाग में व्यापक स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 24 आईपीएस अधिकारियों का तबादला और प्रमोशन किया गया। इस बदलाव में 11 जिलों के SSP-SP, कई जोनल और कमिश्नरेट स्तर के वरिष्ठ अधिकारी, तथा प्रोन्नति प्राप्त IPS अफसरों की नई जिम्मेदारियां शामिल हैं।
यह तबादला सूची न केवल पुलिस महकमे में हलचल का कारण बनी है, बल्कि इसे 2026 के प्रशासनिक रोडमैप और कानून-व्यवस्था की नई रणनीति से जोड़कर भी देखा जा रहा है।


प्रोन्नति के साथ बड़ी जिम्मेदारी: प्रवीण कुमार बने लखनऊ जोन के ADG
इस बड़े फेरबदल का सबसे अहम चेहरा रहे IPS अधिकारी प्रवीण कुमार, जिन्हें प्रोन्नति के बाद लखनऊ जोन का अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) बनाया गया है। प्रवीण कुमार इससे पहले अयोध्या रेंज के IG के रूप में कार्यरत थे और रामनगरी जैसे संवेदनशील क्षेत्र में उनकी कार्यशैली को सराहा गया था।
वहीं, हाल ही में ADG पद पर प्रोन्नत हुए सुजीत पांडेय को अग्निशमन एवं आपात सेवाओं का DG नियुक्त किया गया है। इससे पहले वे लखनऊ जोन के ADG थे। माना जा रहा है कि आपदा प्रबंधन और फायर सर्विस को आधुनिक बनाने की दिशा में यह नियुक्ति अहम साबित होगी।

11 जिलों में SSP-SP बदले, फील्ड लेवल पर बड़ा बदलाव
योगी सरकार ने इस तबादले में 11 जिलों के पुलिस कप्तानों को बदलकर साफ संदेश दिया है कि फील्ड लेवल पर परफॉर्मेंस और जवाबदेही सर्वोपरि है। जिन जिलों में नए SSP-SP तैनात किए गए हैं, उनमें शामिल हैं—
जौनपुर, खीरी, बस्ती, सुलतानपुर, सहारनपुर, गोरखपुर, मेरठ, मिर्जापुर, रायबरेली, पीलीभीत और अमेठी।
इन जिलों में अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, माफिया कार्रवाई और जनसुनवाई को और प्रभावी बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।

कमिश्नरेट सिस्टम को मजबूती: अनृकृति शर्मा की एंट्री से गौतमबुद्धनगर पर नजर
इस तबादला सूची में गौतमबुद्धनगर के लिए भी अहम फैसला लिया गया है। सम्भल की ASP अनृकृति शर्मा को गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट का अपर पुलिस उपायुक्त (DCP) नियुक्त किया गया है।
तेजी से बढ़ते शहरीकरण, औद्योगिक गतिविधियों और नोएडा-ग्रेटर नोएडा जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था को संभालने के लिए यह नियुक्ति बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

प्रमोशन के साथ नई पोस्टिंग: पुलिस महकमे में नई ऊर्जा
इस फेरबदल में कई IPS अधिकारियों को प्रमोशन के साथ नई तैनाती दी गई है के.एस. इमैन्यूअल (IG, EOW) को DGP का GSO
विनोद कुमार सिंह को IG, भीमराव अंबेडकर अकादमी मुरादाबाद
आलोक प्रियदर्शी को वाराणसी का अपर पुलिस आयुक्त
राजकरन नैय्यर (SSP गोरखपुर) को प्रोन्नति के बाद गाजियाबाद का अपर पुलिस आयुक्त
इसके अलावा सोमेन वर्मा बने अयोध्या परिक्षेत्र के DIG
संकल्प शर्मा और विपिन टाडा बने कानपुर नगर के संयुक्त पुलिस आयुक्त
अभिषेक यादव बने ATS के DIG
आशीष तिवारी को तकनीकी सेवाओं का DIG
प्रताप गोपेंद्र यादव बने DIG, पुलिस मुख्यालय

इन जिलों को मिले नए पुलिस कप्तान
सरकार ने कई युवा और अनुभवी अफसरों को नई जिलों की कमान सौंपी है—
कुंवर अनुपम सिंह – जौनपुर SSP
ख्याति गर्ग – खीरी SP
यशवीर सिंह – बस्ती SP
चारू निगम – सुलतानपुर SP
अभिनंदन – सहारनपुर SP
डॉ. कौस्तुभ – गोरखपुर SSP
अविनाश पांडेय – मेरठ SSP
रवि कुमार – रायबरेली SP
सुकीर्ति माधव – अमेठी SP

प्रशासनिक संदेश साफ: परफॉर्मेंस नहीं तो बदलाव तय
राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में इस फेरबदल को परफॉर्मेंस आधारित ट्रांसफर नीति का हिस्सा माना जा रहा है। योगी सरकार पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होगा, और इसी नीति के तहत लगातार प्रशासनिक समीक्षा की जा रही है।

पुलिस को 2026 के लिए किया गया तैयार
24 IPS अधिकारियों के इस बड़े फेरबदल से साफ है कि योगी सरकार 2026 को ध्यान में रखते हुए पुलिस तंत्र को और अधिक मजबूत, जवाबदेह और आधुनिक बनाना चाहती है। आने वाले समय में इसका असर अपराध नियंत्रण, त्वरित कार्रवाई और जनविश्वास पर साफ नजर आएगा।

रफ़्तार टूडे की न्यूज
Raftar Today
Raftar Today

Related Articles

Back to top button