Greater Noida News : “सुबह योग, शाम इलाज… ग्रेटर नोएडा में 6 दिन तक लगेगा सेहत का महाकुंभ!”, योगऋषि स्वामी कर्मवीर जी महाराज के सानिध्य में होगा विशाल नि:शुल्क योग शिविर, प्राणायाम से लेकर प्राकृतिक चिकित्सा तक मिलेगा स्वास्थ्य का संपूर्ण मार्गदर्शन, मॉर्डन स्कूल डेल्टा-1 बनेगा “योगधाम”, सुबह 5 बजे से गूंजेगा ओम और प्राणायाम

ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। भागदौड़ भरी जिंदगी, बढ़ता तनाव, गलत खानपान और मोबाइल-लैपटॉप की दुनिया में उलझते लोग… इन सबके बीच अब ग्रेटर नोएडा में स्वास्थ्य, योग और प्राकृतिक जीवनशैली का एक ऐसा “महाअभियान” शुरू होने जा रहा है, जो हजारों लोगों के जीवन में नई ऊर्जा भर सकता है।
महर्षि पतंजलि इंटरनेशनल योग विद्यापीठ के तत्वावधान में 26 मई से 31 मई 2026 तक ग्रेटर नोएडा में एक विशाल नि:शुल्क योग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस छह दिवसीय विशेष शिविर में देश के प्रसिद्ध योगाचार्य और पतंजलि योग विद्यापीठ से जुड़े योगऋषि स्वामी कर्मवीर जी महाराज लोगों को योग, प्राणायाम, प्राकृतिक चिकित्सा और स्वस्थ जीवनशैली का मार्गदर्शन देंगे। इस योग शिविर को लेकर ग्रेटर नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजकों का दावा है कि यह केवल एक योग शिविर नहीं, बल्कि “स्वस्थ भारत, जागरूक समाज” की दिशा में एक बड़ा जनजागरण अभियान होगा।
मॉर्डन स्कूल डेल्टा-1 बनेगा “योगधाम”, सुबह 5 बजे से गूंजेगा ओम और प्राणायाम
आयोजन समिति द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में जानकारी दी गई कि यह नि:शुल्क योग शिविर प्रतिदिन सुबह 5 बजे से 7 बजे तक मॉर्डन स्कूल, डेल्टा-1, ग्रेटर नोएडा में आयोजित होगा। यह स्थान मेट्रो स्टेशन के बेहद करीब होने के कारण लोगों के लिए आसानी से पहुंचने योग्य रहेगा।
सुबह के सत्रों में योगासन, प्राणायाम, ध्यान, कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भस्त्रिका, सूक्ष्म व्यायाम और प्राकृतिक स्वास्थ्य पद्धति से जुड़ी विशेष जानकारियां दी जाएंगी। साथ ही लोगों को यह भी बताया जाएगा कि कैसे नियमित योग और संयमित जीवनशैली से बिना दवाओं के भी कई बीमारियों को नियंत्रित किया जा सकता है।
“योग सिर्फ व्यायाम नहीं, जीवन जीने की कला है” — आयोजक
प्रेस वार्ता के दौरान बिजेंद्र सिंह आर्य ने कहा कि वर्तमान समय में लोग तनाव, ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, मोटापा, अनिद्रा और मानसिक परेशानियों से जूझ रहे हैं। ऐसे समय में योग केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने कहा—“योग व्यक्ति को शारीरिक ही नहीं, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से भी मजबूत बनाता है। आज के समय में यदि कोई व्यक्ति स्वस्थ और तनावमुक्त जीवन चाहता है, तो उसे योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना ही होगा।” उन्होंने लोगों से अपील की कि वे परिवार सहित इस शिविर में शामिल हों और योग को जीवन का हिस्सा बनाएं।
शाम को लगेगा नि:शुल्क चिकित्सा परामर्श शिविर
इस आयोजन की सबसे खास बात यह है कि योग शिविर के साथ-साथ लोगों को नि:शुल्क चिकित्सा परामर्श की सुविधा भी मिलेगी। आयोजकों के अनुसार, योगऋषि स्वामी कर्मवीर जी महाराज प्रतिदिन शाम 4 बजे से 7 बजे तक गामा-2 स्थित आर्य दीप पब्लिक School में रोगियों को नि:शुल्क परामर्श देंगे। इस दौरान विभिन्न प्रकार की पुरानी बीमारियों, जीवनशैली संबंधी समस्याओं और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे लोगों को प्राकृतिक चिकित्सा और योग आधारित समाधान बताए जाएंगे। बड़ी संख्या में लोग पहले से ही इस स्वास्थ्य शिविर को लेकर उत्साहित नजर आ रहे हैं।
वैदिक यज्ञ और पूर्णाहुति के साथ होगा समापन
छह दिनों तक चलने वाले इस विशाल योग महोत्सव का समापन 31 मई को वैदिक परंपरा के अनुसार यज्ञ और पूर्णाहुति के साथ किया जाएगा। आयोजन समिति का कहना है कि समापन दिवस पर विशेष आध्यात्मिक और वैदिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और योग प्रेमियों के शामिल होने की संभावना है।
युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक… सभी के लिए खास होगा शिविर
आयोजकों के अनुसार इस शिविर में बच्चे, युवा, महिलाएं, बुजुर्ग और नौकरीपेशा लोग सभी भाग ले सकते हैं। योग विशेषज्ञ हर आयु वर्ग के अनुसार विशेष अभ्यास करवाएंगे।
खासतौर पर विद्यार्थियों और युवाओं के लिए तनाव नियंत्रण, एकाग्रता और फिटनेस पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे।
ग्रेटर नोएडा में योग का बढ़ता क्रेज
पिछले कुछ वर्षों में ग्रेटर नोएडा और नोएडा क्षेत्र में योग और फिटनेस को लेकर लोगों में तेजी से जागरूकता बढ़ी है। मॉर्निंग वॉक ग्रुप, योग क्लब और फिटनेस कैंप लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में स्वामी कर्मवीर जी महाराज के सानिध्य में होने वाला यह शिविर लोगों के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है।
समाज के कई गणमान्य लोग पहुंचे, योग अभियान को बताया समय की जरूरत
प्रेस वार्ता में क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। इनमें मुख्य रूप से सरदार मंजीत सिंह, प्रधान धर्मवीर सिंह, वीरेश भाटी, श्यामवीर भाटी, रणवीर प्रिंसिपल, कमल सिंह आर्य, मांगेराम प्रधान, ओमवीर एडवोकेट और हरवीर पहलवान सहित कई सामाजिक और धार्मिक हस्तियां शामिल रहीं।



