गाजियाबाद नगर निगम की कूड़ा निस्तारण व्यवस्था धराशायी, वातावरण को दूषित कर रहा गुलमोहर एनक्लेव सोसाइटी के बाहर लगा कूड़े का ढेर, दो वार्डों के पार्षद भी नहीं सुलझा पा रहे समस्या

गाजियाबाद, रफ़्तार टुडे। नगर निगम की कूड़ा निस्तारण व्यवस्था सफेद हाथी साबित हो रही है। राकेश मार्ग पर गुलमोहर एन्क्लेव के बाहर कई वार्डों का कूड़ा डलने के कारण स्थानीय निवासी बेहद परेशान हैं। कूड़े की समस्या का निस्तारण न होने के कारण सोयायटी के लोग दुर्गन्धपूर्ण वातावरण में जीने को मजबूर हैं। यह इलाका दो वार्डों के पार्षदों के अंतर्गत आता है लेकिन इसके बावजूद भी कूड़े का ढेर और उस पर भिनभिनाती मक्खियां सोसायटी के लोगों को परेशान कर रही हैं। गुलमोहर आरडब्लूए ने अपने वार्ड पार्षद को लिखित शिकायती पत्र देकर कूड़ा निस्तारण की मांग की है।
वार्ड 22 ,वार्ड 39 एवं अन्य कई वार्डो का कूड़ा पिछले काफी समय से गुलमोहर एन्क्लेव के बाहर गेट पर पड़ रहा है। जिसको लेकर पहले भी गुलमोहर एन्क्लेव के लोगों ने ऐतराज उठाया था और कूड़ाघर के स्थानांतरण की मांग की थी। तब नगर निगम ने कूड़ा डालने की जगह पर व्यवस्था में सुधार कर दिया था।
लेकिन पिछले कुछ समय से यह समस्या पहले दे ज्यादा विकराल रूप में सामने आ खड़ी हुई है। कूड़ाघर पर कई वार्डों का कूड़ा डंप किया जा रहा है। कूड़ा उठाने में भी नगर निगम द्वारा लापरवाही बरती जा रही है। आरडब्लूए उपाध्यक्ष विनम्र जैन ने वार्ड 22 के पार्षद विनील दत्त को शिकायती पत्र सौंपकर शीघ्रता से कूड़ा निस्तारण करवाने की मांग की है। सरकार के स्वच्छता अभियान को भी नगर निगम की लापरवाही मुंह चिढ़ाती नजर आ रही है।
स्थानीय लोग नगर निगम के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की लचर कार्यशैली से काफी नाराज है। आरडब्लूए उपाध्यक्ष ने कहा कि कूड़े के कारण सोसायटी में रहने वाले बुजुर्गों और बच्चों के बीमार होने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने बताया कि आरडब्लूए मीडिया प्रभारी गौरव बंसल की पत्नी का स्वास्थ्य भी इस कूड़े के कारण फैल रहे प्रदूषण के कारण प्रभावित हुआ है। उन्होने कहा कि जल्द ही कूड़े की समस्या का निस्तारण न हुआ तो गुलमोहरवासी नगर निगम के खिलाफ आंदोलन करने पर मजबूर होंगे।



