ग्रेटर नोएडागौतमबुद्ध नगरताजातरीन

Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा में भक्तिमय माहौल के बीच धूमधाम से मनाई गई श्री महाराजा अग्रसेन जयंती, माता की चौकी में गूंजे भजनों के स्वर, माल्यार्पण और आरती से हुई शुरुआत, दिल्ली से आए कलाकारों ने भजनों से बांधा समां

ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टुडे। श्री महाराजा अग्रसेन वैश्य सेवा समिति, ग्रेटर नोएडा द्वारा आयोजित श्री महाराजा अग्रसेन जयंती का पर्व इस बार भव्य माता की चौकी के आयोजन के साथ स्वर्ण नगरी स्थित समिति भवन में बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा भाव से मनाया गया। इस अवसर पर पूरा वातावरण भक्तिरस में डूबा रहा और श्रद्धालुओं ने माता रानी और महाराजा अग्रसेन जी के जयकारों से आयोजन स्थल को गूंजायमान कर दिया। श्री महाराजा अग्रसेन जयंती का यह आयोजन न केवल श्रद्धालुओं के लिए भक्ति और आनंद का अवसर बना, बल्कि इसने समाज में एकता, सहयोग और संगठन की शक्ति का भी संदेश दिया। भक्तिमय वातावरण में सम्पन्न हुआ यह आयोजन ग्रेटर नोएडा की धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों का एक यादगार अध्याय बन गया।

माल्यार्पण और आरती से हुई शुरुआत

कार्यक्रम की शुरुआत महाराजा अग्रसेन जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और आरती के साथ की गई। समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने महाराज अग्रसेन जी को नमन किया और समाज में उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।

दिल्ली से आए कलाकारों ने भजनों से बांधा समां

माता की चौकी में भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें दिल्ली से आए प्रख्यात गायक हैप्पी वैष्णव और पूनम साई ने अपनी मधुर आवाज़ में माता रानी के सुंदर-सुंदर भजन प्रस्तुत किए। भजनों की धुन और भक्ति रस से सराबोर माहौल ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
भक्तगण भजनों पर झूमते और माता रानी की महिमा का गुणगान करते दिखाई दिए।

भक्तों के लिए विशेष प्रसाद और भोजन की व्यवस्था

कार्यक्रम के उपरांत माता रानी के आशीर्वाद स्वरूप चौकी में आए सभी श्रद्धालुओं के लिए व्रत और अन्न के भोजन (प्रसाद) की विशेष व्यवस्था की गई। भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर अपनी आस्था को व्यक्त किया।

समिति पदाधिकारियों और सदस्यों की रही अहम भूमिका

कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने अहम भूमिका निभाई। आयोजन में मुख्य रूप से उपस्थित रहे सौरभ बंसल (अध्यक्ष), मनोज गर्ग (संरक्षक), ओमप्रकाश अग्रवाल (संरक्षक), नवीन जिंदल, अरुण गुप्ता, मुकुल गोयल, अमित गोयल, राजेश गुप्ता, गिरीश जिंदल, कपिल गुप्ता, विजय अग्रवाल, अंकुर गर्ग, रविंद गर्ग, पवन गोयल, पंकज अग्रवाल, पुष्पेंद्र गोयल, ऋषि गोयल, नितिन बंसल
सभी ने एकजुट होकर आयोजन की सफलता सुनिश्चित की।

आस्था और संगठन का अनूठा संगम

इस बार श्री महाराजा अग्रसेन जयंती का आयोजन नवरात्र के प्रथम दिन होने के कारण और भी खास बन गया। माता रानी की चौकी और महाराजा अग्रसेन जी की जयंती ने कार्यक्रम को एक विशेष आध्यात्मिक और सांस्कृतिक स्वरूप प्रदान किया।

रफ़्तार टुडे की न्यूज़

Raftar Today
Raftar Today

Related Articles

Back to top button