UPITS 2025 News : इंटरनेशनल ट्रेड शो 2025 में ‘स्वच्छ सुजल गांव’ ने लहराया परचम, जल जीवन मिशन को मिला बेस्ट डिस्प्ले अवॉर्ड – हज़ारों आगंतुकों ने जाना जल संरक्षण का महत्व, 2400 प्रदर्शनी में 70 को सम्मान – JJM सबसे खास, 2019 से लेकर अब तक का परिवर्तन – बुंदेलखंड की तस्वीर, सर्वश्रेष्ठ स्टॉल के लिए यमुना प्राधिकरण को सम्मानित किया गया

ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टुडे। ग्रेटर नोएडा में आयोजित इंटरनेशनल ट्रेड शो 2025 देश और दुनिया के लिए तकनीक, संस्कृति और विकास का एक विशाल मंच साबित हुआ। लेकिन इस पूरे आयोजन में जो प्रदर्शनी सबसे ज़्यादा चर्चा में रही, वह थी जल जीवन मिशन (JJM) की ‘स्वच्छ सुजल गांव’ प्रदर्शनी, जिसे बेस्ट डिस्प्ले अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। यह केवल एक पुरस्कार नहीं बल्कि जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के लिए चल रहे प्रयासों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना है।, कैबिनेट मंत्री राकेश सचान व कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल नंदी ने सर्वश्रेष्ठ स्टॉल के लिए यमुना प्राधिकरण को सम्मानित किया गया।
ग्रेटर नोएडा इंटरनेशनल ट्रेड शो 2025 में ‘स्वच्छ सुजल गांव’ प्रदर्शनी को मिला बेस्ट डिस्प्ले अवॉर्ड सिर्फ उत्तर प्रदेश के लिए ही नहीं बल्कि पूरे भारत के लिए गर्व की बात है। यह सम्मान बताता है कि भारत अब जल संरक्षण की वैश्विक राह पर अग्रसर है और आने वाली पीढ़ियों को एक सुरक्षित भविष्य देने की तैयारी कर रहा है।
हॉल नंबर-7 में स्वच्छ सुजल गांव बना आकर्षण का केन्द्र
ट्रेड शो के हॉल नंबर-7 में 496 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनाई गई इस प्रदर्शनी ने लोगों को पानी बचाने और गांवों में हुए बदलाव की अनोखी झलक दिखाई। रविवार को आयोजित अवॉर्ड समारोह में जल जीवन मिशन यूपी के वरिष्ठ मीडिया सलाहकार राधाकृष्ण त्रिपाठी ने विभाग की ओर से यह सम्मान ग्रहण किया।
2019 से लेकर अब तक का परिवर्तन – बुंदेलखंड की तस्वीर
प्रदर्शनी का सबसे महत्वपूर्ण पहलू रहा पुराने और नए बुंदेलखंड का प्रोटोटाइप। दर्शकों ने प्रत्यक्ष रूप से देखा कि 2019 से पहले जहां पानी की बूंद-बूंद के लिए लोग तरसते थे, वहीं जल जीवन मिशन के बाद गांव-गांव में नल कनेक्शन पहुंच गया। इसने ग्रामीण जीवन की तस्वीर पूरी तरह बदल दी।
फोटो गैलरी ने सुनाई जल जीवन मिशन की कहानी
प्रदर्शनी की फोटो गैलरी ने JJM की यात्रा को बेहद रोचक और सरल तरीके से पेश किया। लोग तस्वीरों और मॉडलों के जरिए यह समझ पाए कि कैसे कुछ ही वर्षों में उत्तर प्रदेश में घर-घर जल पहुंचाने का सपना हकीकत में बदला।

2400 प्रदर्शनी में 70 को सम्मान – JJM सबसे खास
इस बार ट्रेड शो में कुल 2400 प्रदर्शनी लगीं। इनमें से 70 बेहतरीन प्रदर्शनी को अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित किया गया। लेकिन ‘स्वच्छ सुजल गांव’ प्रदर्शनी को सबसे शानदार और प्रभावशाली डिस्प्ले करार दिया गया।
हजारों बच्चों और कारोबारियों ने ली जल शपथ
25 सितंबर से शुरू हुए इस आयोजन में अब तक हजारों स्कूली बच्चों और कारोबारियों ने जल संरक्षण की शपथ ली। यहां आने वाले बच्चों को इंटरैक्टिव गेम्स और मॉडलों के जरिए पानी बचाने के तरीके सिखाए गए। वहीं कारोबारियों ने भी माना कि जल जीवन मिशन आने वाले समय में टिकाऊ विकास की नींव है।
विदेशी मेहमानों ने भी की सराहना
यह प्रदर्शनी सिर्फ भारतवासियों को ही नहीं, बल्कि विदेश से आए मेहमानों को भी प्रभावित कर गई। साउथ अफ्रीका से आए प्रतिनिधिमंडल के सदस्य ने कहा
“जल के बिना जीवन असंभव है। हमने जल संकट झेला है, इसलिए जानते हैं कि यह कितना गंभीर है। भारत का जल जीवन मिशन दुनिया के लिए एक प्रेरणादायक मॉडल है।”
2.5 करोड़ से अधिक ग्रामीण परिवारों तक नल कनेक्शन पहुंचाने की उपलब्धि को विदेशी मेहमानों ने विशेष रूप से सराहा।
बुंदेलखंडवासियों की आंखों में खुशी
प्रदर्शनी देखने पहुंचे बुंदेलखंड निवासी हरिहर प्रसाद भावुक हो गए। उन्होंने कहा “जल जीवन मिशन ने हमारे जैसे प्यासे बुंदेलखंड की प्यास बुझाई है। अब हमें रोज़ पानी के लिए भटकना नहीं पड़ता। यह योजना हमारे जीवन में उम्मीद की किरण बनी है।”
युवाओं को भाया सेल्फी प्वाइंट और गेमिंग ज़ोन
इस प्रदर्शनी में बने सेल्फी प्वाइंट और गेमिंग जोन युवाओं के बीच बेहद लोकप्रिय रहे। गेम्स के जरिए उन्हें पानी बचाने का महत्व सिखाया गया, जबकि सेल्फी प्वाइंट पर तस्वीरें खींचकर उन्होंने सोशल मीडिया पर जल संरक्षण का संदेश फैलाया।
सिर्फ प्रदर्शनी नहीं, बल्कि समाज को संदेश
यह प्रदर्शनी केवल जल जीवन मिशन की उपलब्धियों का प्रदर्शन नहीं थी, बल्कि समाज को एक गहरा संदेश भी दे गई। यह दिखाया गया कि “पानी बचाना ही भविष्य बचाना है।” इसने साबित किया कि जब सरकार और समाज साथ आएं, तो बदलाव असंभव नहीं।



