DPS School News : डीपीएस ग्रेटर नोएडा में झलकी प्रतिभा की अनूठी चमक, दो दिवसीय वार्षिक समारोह में 1,000 से अधिक बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ, स्केटिंग रिंक व पिकलबॉल कोर्ट का भी हुआ उद्घाटन

ग्रेटर नोएड, रफ़्तार टूडे। दिल्ली पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक समारोह का शनिवार को भव्य समापन हुआ। 23 नवंबर 2025 को हुए प्रातःकालीन सत्र में यूकेजी और कक्षा 1 के लगभग 360 नन्हे बच्चों ने अपनी अद्भुत प्रस्तुतियों से समारोह को अविस्मरणीय बना दिया। प्रातःकालीन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ऋषिकेश सिंह (आईआरएस) सहित अन्य अतिथिगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण “सिंफनी ऑफ हार्ट्स” रहा, जिसमें बच्चों ने नृत्य, नाटक और संगीत के माध्यम से एकता, सौहार्द और खुशियों का संदेश दिया। दर्शकों ने नन्हे कलाकारों की प्रतिभा को खूब सराहा।
शाम के सत्र में दीप प्रज्वलन के साथ माहौल और अधिक ऊर्जा से भर गया। कक्षा 3 से 5 तक के लगभग 700 विद्यार्थियों ने सामूहिक गान, ऑर्केस्ट्रा और विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। सायंकालीन कार्यक्रम में डीपीएस ग्रेटर नोएडा के चेयरमैन कौशिक दत्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
समारोह की मुख्य प्रस्तुति “फाइंडिंग नेवरलैंड” रही, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट अभिनय, नृत्य और मंचन कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। आकर्षक मंच-सज्जा और प्रकाश व्यवस्था ने प्रस्तुति को और भव्य बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की स्केटिंग रिंक का उद्घाटन डीपीएस सोसायटी के वाइस चेयरमैन वी. के. शुंगलू ने किया, वहीं पिकलबॉल कोर्ट का लोकार्पण चेयरमैन कौशिक दत्ता द्वारा किया गया।
प्रधानाचार्या सीमा रॉय ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता और उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय नवाचार एवं मूल्य-आधारित शिक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।समारोह में उपस्थित अतिथियों ने विद्यालय परिवार की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का समापन मुख्याध्यापिका नायरा रिज़वी और उप-प्रधानाचार्या तनुश्री सेन के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।



