Greater Noida West News : लिफ़्ट में फंसी बुजुर्ग महिला की सांसें टूटी रहीं 20 मिनट तक!, डंडे और रॉड से खोली गई लिफ्ट, लोगों में फूटा गुस्सा, ग्रेटर नोएडा वेस्ट की इस सोसायटी में मेंटेनेंस की लापरवाही फिर आई सामने, बुजुर्ग महिला को झेलनी पड़ी जानलेवा स्थिति

ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टुडे।
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-फाई-2 स्थित आनंद आश्रय सोसाइटी में लिफ्ट में अचानक खराबी आ जाने के कारण एक बुजुर्ग महिला करीब 20 मिनट तक लिफ्ट में फंसी रहीं, जिससे उनकी सांसें अटकने लगीं। लिफ्ट दूसरी और तीसरी मंजिल के बीच फंस गई थी, जहां से महिला खुद को न तो बाहर निकाल सकीं और न ही मदद पहुंच सकी। ब्लड प्रेशर की मरीज होने के कारण उनकी हालत बिगड़ती चली गई।
दरवाजा पीटकर मचाई चीख-पुकार, रॉड और डंडे से तोड़ा गया गेट
घटना के दौरान लिफ्ट में फंसी बुजुर्ग महिला ने लगातार एलार्म बजाया और दरवाजा पीटकर मदद की गुहार लगाई। शोर सुनकर आसपास के फ्लैटों से लोग बाहर निकले और मदद में जुट गए। पहले लोगों ने चाबी से लिफ्ट का दरवाज़ा खोलने की कोशिश की, लेकिन जब बात नहीं बनी तो लोहे की रॉड और डंडे की मदद से जबरन दरवाज़ा खोला गया।
सांस फूलने लगी, महिला की हालत बिगड़ी
करीब 20 मिनट तक लिफ्ट में बंद रहने के कारण महिला का ब्लड प्रेशर बढ़ गया और सांसें तेज हो गईं। उन्हें बाहर निकालते ही तुरंत सोसायटी के लोग घर ले गए और प्राथमिक उपचार दिया। इस पूरे घटनाक्रम ने सोसायटी की लापरवाह मेंटेनेंस व्यवस्था की पोल खोल दी।
“लिफ्ट की हालत खराब है, फिर भी कोई सुनवाई नहीं” – निवासियों का आरोप
सोसायटी के निवासियों ने कहा कि लिफ्ट की हालत कई दिनों से खराब चल रही है, इसके बावजूद मेंटेनेंस विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती। ये पहला मौका नहीं है जब लिफ्ट अचानक बीच में रुक गई हो। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते महिला को नहीं निकाला जाता तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी।
मेंटेनेंस एजेंसी पर उठे सवाल
रिहायशियों ने मांग की है कि सोसायटी में कार्यरत मेंटेनेंस एजेंसी को तत्काल हटाया जाए और एक जवाबदेह एजेंसी नियुक्त की जाए, जो लिफ्टों की नियमित जांच और सर्विसिंग सुनिश्चित करे।
बड़ा हादसा टला, लेकिन खतरा अब भी बरकरार
इस घटना ने सोसायटी में सुरक्षा मानकों और आपात स्थितियों में प्रतिक्रिया तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अगर यह स्थिति बच्चों या किसी और गंभीर मरीज के साथ होती, तो इसके नतीजे और भी भयावह हो सकते थे।
मांगें उठीं:
- ✅ लिफ्टों का तत्काल ऑडिट कराया जाए
- ✅ जिम्मेदार मेंटेनेंस टीम पर हो सख्त कार्रवाई
- ✅ सोसायटी में आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र को बनाया जाए प्रभावी
- ✅ लिफ्टों में लगाई जाए सीसीटीवी और इमरजेंसी अलार्म मॉनिटरिंग सिस्टम
रफ़्तार टुडे की विशेष रिपोर्ट:
ग्रेटर नोएडा की हाउसिंग सोसाइटियों में लगातार लिफ्ट हादसों की बढ़ती घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं। अब समय आ गया है कि प्राधिकरण और बिल्डर दोनों मिलकर लापरवाही पर लगाम लगाएं, ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
#LiftAccident #GreaterNoida #SocietyNegligence #SeniorCitizenSafety #LiftMalfunction #RaftarToday #LiftHorror #SocietySafety #MaintenanceFailure #GreaterNoidaNews



