Noida International Airport News : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर आईटी नेटवर्क और साइबर सुरक्षा की कमान संभालेगी टेक महिंद्रा, यापल और टेक महिंद्रा के बीच अहम समझौता ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट को मिलेगी शुरुआत से ही डिजिटल मजबूती, 24 घंटे निगरानी और मजबूत साइबर सुरक्षा ढांचा

ग्नोएडा, रफ़्तार टूडे। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) को तकनीकी रूप से अत्याधुनिक और साइबर सुरक्षा के लिहाज़ से सुरक्षित बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (YIAPL) और टेक महिंद्रा के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता हुआ है, जिसके तहत एयरपोर्ट के आईटी नेटवर्क, साइबर सुरक्षा और एकीकृत सिक्योरिटी ऑपरेशंस सेंटर की स्थापना, संचालन और निगरानी की जिम्मेदारी टेक महिंद्रा संभालेगी।
इस समझौते के बाद नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश के सबसे सुरक्षित और तकनीकी रूप से मजबूत एयरपोर्ट्स की श्रेणी में शामिल होने की दिशा में आगे बढ़ गया है।
24 घंटे निगरानी और मजबूत साइबर सुरक्षा ढांचा
समझौते के अनुसार टेक महिंद्रा एयरपोर्ट के आईटी एप्लिकेशन, डेटाबेस, नेटवर्क, सर्वर, स्टोरेज सिस्टम और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म की 24×7 निगरानी करेगी। इसके साथ ही एयरपोर्ट पर किसी भी प्रकार के साइबर हमले, नेटवर्क गड़बड़ी या डिजिटल खतरे की पहचान, विश्लेषण और त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जाएगी, ताकि एयरपोर्ट का संचालन निर्बाध रूप से जारी रह सके।
डिजिटल इकोसिस्टम को मिलेगा वैश्विक स्तर का सुरक्षा कवच
यापल (YIAPL) के अधिकारियों ने बताया कि इस साझेदारी से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए सुरक्षित, मजबूत और भविष्य के लिए तैयार डिजिटल इकोसिस्टम का निर्माण संभव होगा। टेक महिंद्रा की विशेषज्ञता के जरिए नेटवर्क सुरक्षा और साइबर डिफेंस को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा।
एयरपोर्ट जैसे जटिल डिजिटल सिस्टम के लिए जरूरी है मजबूत सुरक्षा
टेक महिंद्रा इंडिया के प्रमुख साहिल धवन ने कहा कि आज के समय में एयरपोर्ट अत्यंत जटिल डिजिटल इकोसिस्टम पर आधारित होते हैं, जहां नेटवर्क की मजबूती और साइबर सुरक्षा बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए यह साझेदारी एकीकृत नेटवर्क और सिक्योरिटी ऑपरेशंस सेंटर के माध्यम से आईटी और डिजिटल प्लेटफॉर्म की चौबीसों घंटे निगरानी सुनिश्चित करेगी।
ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट को मिलेगी शुरुआत से ही डिजिटल मजबूती
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट एक ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट है, जिसे पहले दिन से ही डिजिटल रूप से सक्षम, सुरक्षित और आधुनिक बनाया जा रहा है। एयरपोर्ट के निर्माण कार्य को लगभग पूरा कर लिया गया है और अब नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) से एयरोड्रम लाइसेंस मिलने का इंतजार है।
नए साल में उद्घाटन और उड़ान सेवाओं की तैयारी
अधिकारियों के अनुसार, लाइसेंस प्रक्रिया पूरी होने के बाद नए साल में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन और विमान सेवाओं की शुरुआत किए जाने की योजना है। ऐसे में टेक महिंद्रा के साथ हुआ यह समझौता एयरपोर्ट की डिजिटल सुरक्षा और संचालन के लिहाज़ से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
देश के सबसे आधुनिक एयरपोर्ट्स में शामिल होने की तैयारी
इस साझेदारी के जरिए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट न केवल उत्तर भारत बल्कि पूरे देश में तकनीक, सुरक्षा और डिजिटल मैनेजमेंट के क्षेत्र में एक नया मानक स्थापित करने की ओर अग्रसर है।
आईटी नेटवर्क और साइबर सुरक्षा की मजबूत व्यवस्था एयरपोर्ट को यात्रियों, एयरलाइंस और अन्य हितधारकों के लिए सुरक्षित, भरोसेमंद और विश्वस्तरीय बनाएगी।



