New Year Breaking News : नए साल की रात ‘सुरक्षा कवच’ में नोएडा, जश्न भी होगा और सख्ती भीतीन सुपर जोन में बंटा गौतम बुद्ध नगर, 3000 से ज्यादा पुलिसकर्मी सड़कों पर तैनात, ज्वाइंट सीपी राजीव नारायण मिश्र बोले पुलिस की अपील जश्न मनाएं, लेकिन कानून के दायरे में

गौतम बुद्ध नगर, रफ़्तार टूडे। नए साल के स्वागत को लेकर जहां नोएडा और ग्रेटर नोएडा के मॉल, बाजार, होटल और पार्टी जोन रोशनी से जगमगाने को तैयार हैं, वहीं कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद नजर आ रही है। 31 दिसंबर की रात और 1 जनवरी के जश्न को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित बनाने के लिए नोएडा कमिश्नरेट पुलिस ने पूरे गौतम बुद्ध नगर को हाई अलर्ट पर रखा है। जिले को सुरक्षा की दृष्टि से 3 सुपर जोन, 10 जोन और 119 सब-सेक्टर में बांटते हुए 3000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
दिल्ली से सटे इस जिले में हर साल नए साल पर लाखों
लोगों की आवाजाही होती है। बड़ी संख्या में लोग मॉल, क्लब, रेस्टोरेंट और ओपन पार्टी स्पॉट्स का रुख करते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने इस बार सुरक्षा व्यवस्था को पहले से कहीं ज्यादा मजबूत और बहुस्तरीय बनाया है।
तीन सुपर जोन में बंटा जिला, हर गतिविधि पर पैनी नजर
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूरे जिले को तीन सुपर जोन में विभाजित कर प्रत्येक सुपर जोन की जिम्मेदारी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को सौंपी गई है। इनके अंतर्गत 10 जोन बनाए गए हैं, जहां जोनल अधिकारियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा 27 सेक्टर और 119 सब-सेक्टर स्तर पर बीट पुलिस, क्यूआरटी और पीसीआर टीमें सक्रिय रहेंगी।
हर इलाके में पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित की गई है ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था, हुड़दंग या आपराधिक गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।
3000 से ज्यादा पुलिसकर्मी, महिला पुलिस और विशेष टीमें तैनात
नए साल की रात जिलेभर में 3000 से अधिक पुलिसकर्मी दिन-रात ड्यूटी पर रहेंगे। इसमें स्थानीय पुलिस के साथ-साथ पीएसी, क्यूआरटी, ट्रैफिक पुलिस, महिला पुलिस और सादी वर्दी में विशेष टीमें शामिल हैं।
महिला सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता दी गई है। मॉल, बाजार और पार्टी स्थलों पर महिला पुलिस की पर्याप्त तैनाती की गई है ताकि किसी भी तरह की छेड़छाड़ या असुरक्षा की स्थिति पैदा न हो।
मॉल और भीड़भाड़ वाले इलाकों पर कड़ा पहरा
नए साल पर नोएडा-ग्रेटर नोएडा के कई मॉल और मनोरंजन स्थलों पर भारी भीड़ जुटने की संभावना रहती है। डीएलएफ मॉल ऑफ इंडिया, जीआईपी मॉल, गार्डन गैलेरिया, एडवांट, ग्रांड वेनिस मॉल, गौर सिटी मॉल और स्पेक्ट्रम मॉल जैसे स्थानों को हाई-सेंसिटिव जोन घोषित किया गया है।
इन इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल, पीएसी और सादी वर्दी में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की लगातार जांच की जा रही है। ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी कैमरों की मदद से भीड़ पर नजर रखी जा रही है। पुलिस अधिकारी खुद मैदान में उतरकर पैदल मार्च और चेकिंग अभियान चला रहे हैं।
शराब पीकर उत्पात पर ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति
नोएडा पुलिस ने साफ कर दिया है कि शराब पीकर वाहन चलाने, हुड़दंग मचाने या सार्वजनिक शांति भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। प्रमुख चौराहों और सड़कों पर बैरियर लगाकर ब्रेथ एनालाइजर से जांच की जा रही है।
ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमें यह सुनिश्चित करेंगी कि कोई भी नशे में वाहन न चलाए। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ चालान, वाहन सीज और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डायल 112 और कंट्रोल रूम अलर्ट मोड में
नए साल की रात किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए डायल 112 सेवा और पुलिस कंट्रोल रूम पूरी तरह अलर्ट मोड में रखे गए हैं। पीसीआर वाहनों की संख्या बढ़ा दी गई है ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत मौके पर पहुंचा जा सके। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, झगड़े या परेशानी की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
पुलिस की अपील: जश्न मनाएं, लेकिन कानून के दायरे में
जॉइंट सीपी राजीव नारायण मिश्र ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि नए साल का जश्न खुशी और जिम्मेदारी के साथ मनाएं। बिना अनुमति सार्वजनिक स्थानों पर कार्यक्रम न करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं और कानून-व्यवस्था का पूरा पालन करें।
उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य जश्न में बाधा डालना नहीं, बल्कि हर नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
नए साल की रात नोएडा पूरी तरह सुरक्षा घेरे में रहेगा। पुलिस की सख्ती और सतर्कता के बीच उम्मीद है कि लोग नए साल का स्वागत खुशी, शांति और सुरक्षित माहौल में करेंगे।



