BJP Greno News : आईआईएमटी कॉलेज में आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान—युवा सम्मेलन में युवाओं ने लिया राष्ट्र निर्माण का संकल्प, सम्मेलन के मुख्य अतिथि गोविंद नारायण शुक्ल एवं विशिष्ट अतिथि तेजपाल नागर रहे

ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टुडे। भारतीय जनता पार्टी, ग्रेटर मंडल द्वारा आज आईआईएमटी कॉलेज, ग्रेटर नोएडा में “आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान – युवा सम्मेलन” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों युवा, छात्र-छात्राएँ, सामाजिक कार्यकर्ता और पार्टी पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि गोविंद नारायण शुक्ल ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा, “आत्मनिर्भर भारत केवल एक नारा नहीं, बल्कि यह देश के पुनर्निर्माण का मार्ग है। जब भारत का युवा अपने कौशल, परिश्रम और नवाचार से आगे बढ़ेगा, तभी सशक्त भारत का निर्माण संभव होगा।” उन्होंने ‘वोकल फॉर लोकल’ के मंत्र को अपनाने और रोजगार देने वाले बनने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि विधायक तेजपाल नगर ने कहा कि “युवा हमारे समाज की सबसे बड़ी ताकत हैं।
आत्मनिर्भर भारत का सपना तभी साकार होगा जब वे आत्मविश्वास के साथ अपने कौशल को राष्ट्र सेवा में लगाएंगे।” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए नवाचार, रोजगार और विकास के ऐतिहासिक प्रयासों को रेखांकित किया। भाजपा जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने कहा कि “स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया और स्किल इंडिया जैसे अभियानों ने युवा उद्यमिता को नया आयाम दिया है। ग्रेटर नोएडा जैसे शिक्षा और उद्योग के संगम क्षेत्र में युवाओं को नेतृत्व की भूमिका निभानी चाहिए।”
आईआईएमटी कॉलेज समूह के प्रबंध निदेशक मयंक अग्रवाल ने समापन संबोधन में कहा कि “आत्मनिर्भर भारत का विचार केवल सरकारी नीति नहीं, बल्कि हर नागरिक का व्यक्तिगत संकल्प होना चाहिए। कॉलेज नवाचार, शोध और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।”
जिला उपाध्यक्ष सतेन्द्र नागर और युवा मोर्चा अध्यक्ष राज नागर ने युवाओं से ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को अपनाने और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को जीवन में उतारने का आग्रह किया।
कार्यक्रम का समापन वंदे मातरम् के गान और युवाओं द्वारा आत्मनिर्भर भारत के प्रति संकल्प के साथ हुआ। इस अवसर पर मयंक अग्रवाल, सतेन्द्र नागर, राज नागर, वीरेन्द्र भाटी, कर्मवीर आर्य, अर्पित तिवारी, शक्ति रावल, बालेश्वर त्यागी, भगवत शर्मा, वसुंधरा झा, अशोक रावल, बृजेश ठाकुर, आकाश सिंघल, हरिदत्त शर्मा सहित सैकड़ों युवा उपस्थित रहे।
यह सम्मेलन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनकर उभरा, जिसमें राष्ट्र निर्माण और स्वावलंबन की दिशा में उनके योगदान को रेखांकित किया गया।



