Noida Authority News : नोएडा में सफाई व्यवस्था पर नोएडा प्राधिकरण का एक्शन मोड, नालियां, सड़कों और सीवर लाइनों की होगी बड़ी मरम्मत, गांव मसहूरा में चला निरीक्षण अभियान, नोएडा प्राधिकरण के अफसरों ने किया गांव मसहूरा का दौरा, सफाई और सीवर कार्यों की गहन समीक्षा, 2 JCB और 1 हिल्टी मशीन से बड़े पैमाने पर सफाई अभियान शुरू

नोएडा, रफ़्तार टुडे। नवीन ओखला औद्योगिक विकास प्राधिकरण (नोएडा अथॉरिटी) ने सोमवार को सफाई व्यवस्था और नालियों की समस्या पर बड़ा कदम उठाया।
दिनांक 6 नवंबर 2025 को अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री कृष्णा करुणेश, अपर महाप्रबंधक श्री सतीश पाल और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने ग्राम मसहूरा का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान महाप्रबंधक (सिविल/जन स्वास्थ्य) श्री ए.के. अरोड़ा, महाप्रबंधक (जल/विद्युत) श्री आर.एन. गोयल, वरिष्ठ परियोजना अभियंता श्री तिलकराज, सहायक परियोजना अभियंता श्री हितेश समेत AG Enviro Infra Projects Pvt. Ltd. की टीम, स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्राम विकास समिति के सदस्य मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सफाई, नालियों और सड़कों से जुड़ी कई खामियों पर असंतोष जताया और मौके पर ही मरम्मत और सुधार के निर्देश जारी किए।
नीचे बैठी सड़कों और टूटी नालियों की होगी मरम्मत, सीमेंट-कंक्रीट से बनेगा नया आवरण
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि गांव की कई गलियों का लेवल नीचा हो गया है और जगह-जगह कंक्रीट क्षतिग्रस्त हो चुकी है। अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी क्षतिग्रस्त सड़कों पर सीमेंट-कंक्रीट का नया आवरण तैयार किया जाए ताकि वर्षा जल और गंदगी जमा न हो।
साथ ही, जिन नालियों का लेवल नीचे चला गया है या टूट-फूट हो चुकी है, उनकी तत्काल मरम्मत कराकर जल निकासी प्रणाली को सुचारु करने के आदेश दिए गए।
गांव की गहराई में पड़ी नालियां उठेंगी ऊंची, जलभराव की समस्या होगी खत्म
निरीक्षण दल ने पाया कि कई जगहों पर नालियां बहुत नीची पड़ी हैं जिससे पानी का प्रवाह रुक जाता है।
अधिकारियों ने निर्देश दिया कि इन नालियों को चौड़ा और ऊंचा किया जाए ताकि जलभराव की समस्या खत्म हो सके और मानसून के दौरान गांव में पानी न भरे।
क्षतिग्रस्त जाल और गंदगी की सफाई के आदेश
गांव की कई नालियों पर जमे क्षतिग्रस्त जाल और अवशेषों को तुरंत साफ करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा, कुछ ग्रामीणों द्वारा नालियों में लंबे रेप (रैम्प) बनाकर जल प्रवाह को बाधित किया गया था।
अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लेते हुए आदेश दिया कि ऐसे सभी रैम्प्स को हटाया जाए और नालियों को पुनः चालू स्थिति में लाया जाए।
2 JCB और 1 हिल्टी मशीन से बड़े पैमाने पर सफाई अभियान शुरू
गांव में अगले एक महीने तक विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
इस अभियान के तहत 2 JCB मशीनें और 1 हिल्टी मशीन का प्रयोग करते हुए नालियों की सफाई और रुकावटों को हटाया जाएगा।
अधिकारियों ने कहा कि यह कार्रवाई नियमित रूप से जारी रहेगी जब तक कि पूरे गांव की नालियां पूर्ण रूप से साफ नहीं हो जातीं।
ग्रामीणों द्वारा सीवर ब्लॉकेज करने वालों पर होगी कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि कुछ ग्रामीण गोबर और ठोस कचरा नालियों एवं सीवर लाइनों में बहा रहे हैं, जिससे ब्लॉकेज हो रहा है।
अधिकारियों ने कहा कि यह कृत्य अवैध और दंडनीय अपराध है।बऐसे व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें नोटिस जारी किए जाएंगे, और ट्रैक्टर ट्रॉली व लेबर की मदद से गोबर की सफाई कराई जाएगी।
सफाई वाहनों की संख्या बढ़ेगी, डोर-टू-डोर सेवा होगी मजबूत
गांव में वर्तमान में 5 डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहन तैनात हैं। अधिकारियों ने निर्णय लिया कि इनकी संख्या बढ़ाकर 10 वाहन की जाएगी ताकि प्रत्येक गली तक रोजाना कचरा संग्रहण सुनिश्चित हो सके।
इससे गांव की स्वच्छता व्यवस्था में और तेजी आने की उम्मीद है।
सौंदर्यीकरण और जलाशय निर्माण पर भी जोर
प्राधिकरण अधिकारियों ने ग्राम तालाबों के सौंदर्यीकरण, अतिरिक्त ट्यूबवेल्स और जलाशयों के निर्माण के भी निर्देश दिए।
इससे न केवल गांव में पानी की उपलब्धता बढ़ेगी बल्कि यह स्थानीय पर्यावरण और सौंदर्य को भी बेहतर करेगा।
नई सीवर लाइन और जलापूर्ति व्यवस्था का विस्तार
निरीक्षण में यह भी पाया गया कि कुछ पुरानी गलियों में सीवर लाइनें जाम या टूट चुकी हैं।
अधिकारियों ने निर्देश दिया कि जहां पुरानी लाइनें बेकार हैं, वहां नई और बड़ी सीवर लाइनें बिछाई जाएं।
इसके साथ ही, जिन गलियों में अभी तक पानी की लाइन नहीं है, वहां नई पाइपलाइन डाली जाएगी ताकि हर घर को स्वच्छ जल उपलब्ध हो सके।
साफ-सुथरा और विकसित नोएडा बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम
ग्राम मसहूरा में हुआ यह निरीक्षण नोएडा प्राधिकरण की उस नीति का हिस्सा है, जिसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों में भी शहरी स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।
अधिकारियों ने कहा कि यह अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि सीवर, सड़कों, पानी और पर्यावरणीय संतुलन के हर पहलू को कवर करेगा।
अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश ने कहा “हमारा लक्ष्य है कि नोएडा के हर गांव को साफ, स्वस्थ और पर्यावरण-अनुकूल बनाया जाए।
नालियों, सीवर और सड़कों की हर समस्या को प्राथमिकता से निपटाया जाएगा।”



