अथॉरिटीआम मुद्देगौतमबुद्ध नगरजेवरजेवर एयरपोर्टटॉप न्यूजताजातरीन

YEIDA BIC News : भारत में रफ्तार का नया अध्याय!, बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट पर सुपर फॉर्मूला रेसिंग की गूंज, YEIDA में हुई अहम बैठक, जापान रेस प्रमोशन कॉरपोरेशन (JRC) के शीर्ष प्रतिनिधिमंडल ने यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) का दौरा किया

जेवर, ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टुडे। 6 नवंबर 2025 भारतीय मोटरस्पोर्ट प्रेमियों के लिए बड़ी खबर! दुनिया की दूसरी सबसे तेज़ रेसिंग सीरीज़ जापान की सुपर फॉर्मूला (Super Formula) अब भारत में एंट्री की तैयारी कर रही है। इस दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए जापान रेस प्रमोशन कॉरपोरेशन (JRC) के शीर्ष प्रतिनिधिमंडल ने यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) का दौरा किया और यहां सुपर फॉर्मूला इवेंट आयोजित करने में गहरी रुचि जताई।

प्रतिनिधिमंडल में योशिहिसा उएनो (प्रेसिडेंट), ताकुया होरी (टेक्निकल डायरेक्टर), ताकाशी मात्सुई (जनरल मैनेजर, कॉर्पोरेट स्ट्रैटेजी डिपार्टमेंट) और गेंकी मियूरा (असिस्टेंट मैनेजर, इंटरनेशनल सेल्स एंड मार्केटिंग) शामिल रहे। इनकी मुलाकात YEIDA के सीईओ राकेश कुमार सिंह, एसीईओ नागेंद्र प्रताप सिंह और ओएसडी शैलेन्द्र भाटिया से हुई।

बैठक के बाद शैलेन्द्र भाटिया के साथ प्रतिनिधिमंडल ने सेक्टर-25 स्थित बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट (BIC) का दौरा किया और यहां सुपर फॉर्मूला रेस आयोजित करने की संभावनाओं का जायजा लिया। सूत्रों के अनुसार, यह दौरा भारत को सुपर फॉर्मूला रेसिंग कैलेंडर में शामिल किए जाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

साल 1973 में शुरू हुई सुपर फॉर्मूला रेसिंग आज दुनिया की सबसे तेज़ और तकनीकी रूप से उन्नत रेस सीरीज़ में गिनी जाती है। 2023 में इसने अपनी 50वीं वर्षगांठ मनाई। इस प्रतिष्ठित रेस में दुनिया के शीर्ष ड्राइवर हिस्सा लेते हैं। इस वर्ष 17 वर्षीय जूजू नोडा ने इतिहास रचते हुए सुपर फॉर्मूला में भाग लेने वाली पहली जापानी महिला ड्राइवर बनीं।

डिजिटल प्लेटफॉर्म SFGo के जरिए सुपर फॉर्मूला की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। यह प्लेटफॉर्म रियल-टाइम ड्राइवर डेटा प्रदान करता है और इसके 50,000 से अधिक वैश्विक यूजर्स हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) और YouTube पर भी इसके दर्शकों की संख्या रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच चुकी है।

भारत में सुपर फॉर्मूला के आयोजन से देश के मोटरस्पोर्ट सेक्टर को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलने की उम्मीद है। इससे युवा रेसर्स को वैश्विक मंच पर प्रतिस्पर्धा का अवसर मिलेगा, साथ ही स्पोर्ट्स टूरिज्म और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई रफ्तार मिल सकती है।

बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट पर सुपर फॉर्मूला की संभावित गूंज भारत के रेसिंग इकोसिस्टम के लिए एक नए युग की शुरुआत साबित हो सकती है — जहाँ रफ्तार, तकनीक और रोमांच एक साथ मिलकर देश को अंतरराष्ट्रीय मोटरस्पोर्ट मानचित्र पर स्थापित करेंगे।

रफ़्तार टुडे की न्यूज़
Raftar Today
Raftar Today

Related Articles

Back to top button