Corruption Free India News : अगस्त क्रांति दिवस पर करप्शन फ्री इंडिया संगठन का प्रदर्शन, भूजल दोहन और नकली खाद्य सामग्री के खिलाफ उठाई आवाज, प्रदर्शन के बाद संगठन के पदाधिकारियों ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन सौंपा
संगठन के संस्थापक चौधरी प्रवीण भारतीय और आलोक नागर ने कहा कि गौतमबुद्ध नगर में निजी बिल्डरों द्वारा नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध रूप से भूजल का दोहन किया जा रहा है। इससे प्राकृतिक जल स्रोत लगातार समाप्त हो रहे हैं और भविष्य में जल संकट की आशंका गहराती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद जिला प्रशासन और भूजल विभाग द्वारा इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। अगस्त क्रांति दिवस 2026 के अवसर पर करप्शन फ्री इंडिया संगठन ने गौतमबुद्ध नगर में तेजी से बढ़ रहे भूजल दोहन और नकली एवं मिलावटी खाद्य सामग्री की बिक्री के विरोध में जिला मुख्यालय पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद संगठन के पदाधिकारियों ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन उप जिलाधिकारी अरुण कुमार को सौंपते हुए दोनों गंभीर समस्याओं पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
संगठन के संस्थापक चौधरी प्रवीण भारतीय और आलोक नागर ने कहा कि गौतमबुद्ध नगर में निजी बिल्डरों द्वारा नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध रूप से भूजल का दोहन किया जा रहा है। इससे प्राकृतिक जल स्रोत लगातार समाप्त हो रहे हैं और भविष्य में जल संकट की आशंका गहराती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद जिला प्रशासन और भूजल विभाग द्वारा इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
चौधरी प्रवीण भारतीय ने कहा कि यदि समय रहते भूजल संरक्षण के लिए सख्त कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले वर्षों में जनपद को गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने अवैध बोरिंग और भूजल दोहन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान संगठन ने जिले में खुलेआम बिक रही नकली दूध, घी, पनीर, खोया, मिठाइयों तथा अन्य मिलावटी खाद्य पदार्थों के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया। संगठन का कहना है कि मिलावटी खाद्य सामग्री लोगों के स्वास्थ्य के लिए बड़ा खतरा बन चुकी है और इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग प्रभावी कार्रवाई करने में विफल साबित हो रहे हैं।
मास्टर दिनेश नागर ने बताया कि दादरी, सूरजपुर, बिलासपुर, दनकौर, रबूपुरा, जेवर, नोएडा के विभिन्न सेक्टरों, ग्रेटर नोएडा, तुगलपुर, कासना, जगत फार्म सहित जनपद के कई क्षेत्रों में धड़ल्ले से मिलावटी खाद्य सामग्री बेची जा रही है। उन्होंने कहा कि इन खाद्य पदार्थों का सबसे अधिक दुष्प्रभाव बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों पर पड़ रहा है, जिससे गंभीर बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है।
संगठन ने ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री से मांग की कि जिले में विशेष अभियान चलाकर नकली और मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर तत्काल रोक लगाई जाए, नियमित सैंपलिंग कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए तथा आम जनता को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाए।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि अगस्त क्रांति दिवस हमें अन्याय और शोषण के खिलाफ आवाज उठाने की प्रेरणा देता है। इसी भावना के तहत यह आंदोलन जनहित के मुद्दों को लेकर किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की तो संगठन व्यापक जनआंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगा।
इस अवसर पर बलराज हूण, मास्टर दिनेश नागर, शिवकुमार कसाना, प्रेमराज भाटी, दुलीचंद नागर, पवन यादव, लखमी पंडित, आकाश नागर (जग्गू प्रमुख), कमल नागर, राजे नागर, नवाब सिंह नागर, सुशील नागर, नितिन नागर, मोहित नागर, महेश नागर, निशांत तिवारी, तेजवीर चौहान, विजय प्रताप, मलखान यादव, वरुण नागर, शेखर नागर, शादीराम, हुकुम सिंह, पुष्पेंद्र पंडित, राजपाल भाटी सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



