नई दिल्ली10 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
- भाजपा का अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने का दावा, कांग्रेस ने धूल झोंकना बताया
प्रदेश भाजपा ने शुक्रवार को कीर्ति नगर इंडस्ट्रीयल एरिया से झुग्गी सम्मान यात्रा का आयोजन किया। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कीर्ति नगर के जवाहर कैम्प से प्रारम्भ कर संजय एवं इन्दिरा झुग्गी कैम्पों में जनसंपर्क करते हुये चूना भट्टी झुग्गी कैम्प में क्षेत्रीय झुग्गीवासियों तक केन्द्रीय योजनाओं का लाभ बताकर अभियान समाप्त किया। इस दौरान कई जगहों पर झुग्गीवासियों ने आदेश गुप्ता की यात्रा का स्वागत किया।
आज की झुग्गी सम्मान यात्रा एवं सम्मान समारोह में दिल्ली भाजपा के वरिष्ठ नेता, विधानसभा मे नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी, सांसद रमेश बिधूड़ी, पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद उपाध्यक्ष सतीश उपाध्याय, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक गोयल देवराहा, सुनील यादव सहित कई नेता उपस्थित थे।
पहले दिन 67 परिवारों को उज्ज्वला और 77 परिवारों को सुकन्या योजना का लाभ पहुंचाया
यात्रा का शुभारंभ करवाने से पूर्व अपने सम्बोधन में बैजयंत जय पांडा ने कहा कि भाजपा एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने को समाज के अंतिम व्यक्ति के प्रति जवाबदेह मानते हैं और इसी जवाबदेही को सुनिश्चित करने के लिये मोदी सरकार के कार्यकाल के मध्य में हमने दिल्ली के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने के लिये इस झुग्गी सम्मान यात्रा का आयोजन किया है। इस यात्रा के माध्यम से हम दिल्ली के अंतिम व्यक्ति तक केन्द्रीय योजनाओं विशेषकर उज्ज्वला योजना एवं सुकन्या योजना की जानकारी एवं लाभ पहुंचाएंगे। यात्रा के पहले दिन 67 परिवारों को उज्ज्वला योजना का तो 77 परिवारों को सुकन्या योजना का लाभ पहुंचाया गया।
भाजपा की ‘झुग्गी सम्मान यात्रा‘ झुग्गीवासियों की आंखों में धूल झोंकना है: कांग्रेस
प्रदेश कांग्रेस ने प्रदेश भाजपा के ‘झुग्गी सम्मान यात्रा‘ को ढकोसला बताते हुए विरोध किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा की ‘झुग्गी सम्मान यात्रा‘ झुग्गीवासियों की आँखों में धूल झोंकना बताया हैं। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चौ. अनिल कुमार ने कहा कि यह बड़ी ही आश्चर्य की बात है कि जिस भाजपा पार्टी का एजेंडा हमेशा राष्ट्रीय राजधानी में 650 से अधिक जे जे क्लस्टर में रहने वाले गरीब लोगों को बाहर निकालना रहा है वो आज दिल्ली में होने वाले निगम चुनाव को ध्यान में रखते हुए ‘झुग्गी सम्मान यात्रा‘ निकाल रही है, जो की झुग्गीवासियों को मूर्ख बनाकर उन्हें लुभाने का प्रयास कर रहे है। चौ. अनिल कुमार ने कहा कि जब से दिल्ली के नगर निगमों में भाजपा और आम आदमी पार्टी दिल्ली में सत्ता में आए है, तब से इन कॉलोनियों में रहने वाले 35 लाख से अधिक लोग तमाम मूलभूत सुविधाएं के लिए परेशानियों का सामना कर रहे है।