CM Yogi Noida Visit News : पांच साल की लंबी प्रतीक्षा के बाद आखिरकार खुलेगी राहत की राह, 25 को करेंगे सीएम योगी करेंगे नोएडा की बहुप्रतीक्षित भंगेल एलिवेटेड रोड और अनोखे वेस्ट-टू-वंडर पार्क का शुभारंभ, ट्रैफिक की समस्या होगी कम और जनता को मिलेगा नया मनोरंजन स्थल, कचरे से बनी कला का शानदार उदाहरण

नोएडा, रफ़्तार टुडे। नोएडा के लोगों के लिए 25 सितंबर 2025 का दिन ऐतिहासिक साबित होने जा रहा है। पांच वर्षों तक निर्माण कार्य और कई बार समय सीमा बढ़ने के बाद आखिरकार भंगेल एलिवेटेड रोड का उद्घाटन होने जा रहा है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस एलिवेटेड रोड को जनता को समर्पित करेंगे। इसके साथ ही वह नोएडा का पहला वेस्ट-टू-वंडर पार्क भी लॉन्च करेंगे। यह दिन न केवल सड़क यातायात के लिहाज़ से बल्कि पर्यावरणीय और मनोरंजन दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण रहेगा।
5.5 किलोमीटर लंबी सड़क से जाम का संकट होगा दूर
नोएडा के भीड़भाड़ वाले दादरी-सूरजपुर-छलेरा (डीएससी) मार्ग पर जाम लंबे समय से स्थानीय लोगों के लिए सिरदर्द बना हुआ था। 5.5 किलोमीटर लंबी भंगेल एलिवेटेड रोड इस समस्या का स्थायी समाधान साबित होगी।
जून 2020 में शुरू हुई इस परियोजना को दिसंबर 2022 तक पूरा करने का लक्ष्य था, मगर कई तकनीकी और निर्माण संबंधी चुनौतियों के चलते इसे तैयार होने में पांच साल से ज्यादा का समय लग गया। अब यह परियोजना पूरी तरह तैयार है और सीएम योगी के हाथों उद्घाटन के बाद यात्री इसका लाभ उठा सकेंगे।
रोड कनेक्टिविटी होगी और मजबूत
नोएडा अथॉरिटी के CEO लोकेश एम के अनुसार, यह एलिवेटेड रोड न केवल ट्रैफिक दबाव कम करेगी बल्कि नोएडा के भीतरी और बाहरी सेक्टरों से कनेक्टिविटी को भी सुगम बनाएगी।
हर रोज हजारों ऑफिस जाने वाले कर्मचारी, कारोबारी और स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्रों के लिए यह रोड एक सुरक्षित, तेज़ और सुविधाजनक मार्ग साबित होगी।
p
सीएम योगी के दौरे का दूसरा बड़ा आकर्षण होगा नोएडा का पहला वेस्ट-टू-वंडर पार्क, जो सेक्टर-94 में 18 एकड़ भूमि पर करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है।
इस पार्क की सबसे बड़ी खासियत है कि यहां 800 से अधिक मूर्तियाँ लोहे के स्क्रैप और प्लास्टिक कचरे से बनाई गई हैं। यह पार्क एक तरफ जहां बच्चों और परिवारों के लिए मनोरंजन का नया गंतव्य बनेगा, वहीं दूसरी तरफ यह जनता को संदेश देगा कि कचरे का सही उपयोग कर पर्यावरणीय संरक्षण और कला दोनों को साधा जा सकता है।
तीन हिस्सों में बंटा पार्क, हर कोना देगा नया अनुभव
पार्क को खासतौर पर तीन हिस्सों में बांटा गया है –
1. पहला भाग – एम्फीथिएटर, फूड कोर्ट, बच्चों का खेल क्षेत्र, पिकनिक स्पॉट और प्रदर्शनी स्थल। इसकी एंट्री फीस मात्र 100 रुपये होगी।
2. दूसरा भाग – इसमें वर्षावन, रेगिस्तान, घास के मैदान और वेटलैंड बनाए गए हैं, जिनमें जानवरों की मूर्तियाँ आकर्षण का केंद्र होंगी।
3. तीसरा भाग – समुद्री, समशीतोष्ण और ध्रुवीय पारिस्थितिक तंत्र की झलक यहाँ देखने को मिलेगी।
पार्किंग, जिप-लाइनिंग और नाइट सफारी जैसी आधुनिक सुविधाएँ
पार्क की खासियत यह भी है कि इसमें आधुनिक मनोरंजन और एडवेंचर की पूरी व्यवस्था की गई है। पार्क में दो एंट्री गेट होंगे – एक दलित प्रेरणा स्थल से और दूसरा सेक्टर-94 मेट्रो स्टेशन से।
महामाया फ्लाईओवर के पास 500 वाहनों की पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराई गई है। यहाँ जिप-लाइनिंग, रॉक क्लाइम्बिंग जैसी एडवेंचर गतिविधियाँ होंगी।
जल्द ही बैटरी चलित ई-कार्ट पर नाइट सफारी भी शुरू की जाएगी, जो NCR में अपनी तरह की पहली सुविधा होगी।
सीएम योगी का दौरा – विकास की नई रफ्तार का संकेत
हालांकि सीएम योगी के इस दौरे का आधिकारिक कार्यक्रम अभी घोषित नहीं किया गया है, लेकिन यह निश्चित है कि 25 सितंबर का दिन नोएडा के लिए डबल तोहफे वाला दिन होगा। एक तरफ जहां भंगेल एलिवेटेड रोड ट्रैफिक की समस्या को कम करेगी,
वहीं दूसरी ओर वेस्ट-टू-वंडर पार्क पर्यावरण, मनोरंजन और शिक्षा का नया केंद्र बनेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि इन दोनों परियोजनाओं से नोएडा की रियल एस्टेट, बिजनेस, टूरिज्म और लाइफस्टाइल को नई दिशा मिलेगी।
पर्यावरण और विकास का संगम
नोएडा अथॉरिटी ने बताया कि इस पार्क की देखभाल करने वाली कंपनी टिकट से होने वाली आय का एक हिस्सा अथॉरिटी के साथ साझा करेगी।
यह प्रोजेक्ट न केवल सस्टेनेबल अर्बन डेवलपमेंट का प्रतीक है बल्कि यह भी दर्शाता है कि वेस्ट मैनेजमेंट और कला का संगम कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।



