BJP Breaking News : “सेवा पखवाड़ा” में भाजपा का बड़ा दांव, पीएम मोदी के जन्मदिवस से गांधी जयंती तक जनसेवा, योजनाओं का प्रचार और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने की होगी पहल, GST में बदलाव को बताया जनता के लिए फायदेमंद, लोकल फॉर वोकल और स्वदेशी का संदेश

नोएडा, रफ़्तार टुडे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में एक भव्य और व्यापक अभियान चलाने का ऐलान किया है। इस अभियान को नाम दिया गया है – “सेवा पखवाड़ा”। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से शुरू होकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती तक चलने वाले इस विशेष कार्यक्रम का उद्देश्य न सिर्फ जनसेवा करना है, बल्कि सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुँचाना और समाज के हर वर्ग को जोड़ना भी है।
नोएडा से शुरू हुआ यह संदेश पूरे प्रदेश और देशभर में गूँजेगा। भाजपा का दावा है कि यह सेवा अभियान एक ओर जहाँ समाज में सकारात्मक ऊर्जा पैदा करेगा, वहीं दूसरी ओर सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार भी सुनिश्चित करेगा। विपक्ष इसे राजनीति से जोड़कर देखे या आलोचना करे, लेकिन भाजपा इसे जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए पूरी तरह तैयार है।
समाज और सेवा को जोड़ने की कवायद
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने नोएडा के सेक्टर-116 स्थित पार्टी कार्यालय में प्रेस वार्ता कर बताया कि “सेवा पखवाड़ा” के दौरान भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देंगे। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ राजनीतिक अभियान नहीं, बल्कि समाज के साथ गहरा जुड़ाव बनाने की प्रक्रिया है। कार्यकर्ताओं को यह निर्देश दिया गया है कि वे जनता तक प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, पीएम आवास योजना जैसी उपलब्धियों का संदेश पहुँचाएँ।
स्वास्थ्य शिविर से लेकर वृक्षारोपण तक
इस दौरान भाजपा रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, स्वच्छता अभियान और वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित करेगी।
इन सभी आयोजनों का उद्देश्य समाज को यह अहसास कराना है कि भाजपा केवल चुनावी समय पर ही नहीं, बल्कि हर वक्त जनता की सेवा के लिए खड़ी रहती है।
लोकल फॉर वोकल और स्वदेशी का संदेश
भाजपा इस अभियान को ‘लोकल फॉर वोकल’ से भी जोड़ रही है। भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान को आगे बढ़ाते हुए खादी और स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने का विशेष अभियान चलाया जाएगा।
2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर लोगों को खादी, देसी कपड़े और भारतीय उत्पादों का इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक सांकेतिक कदम नहीं होगा, बल्कि स्वदेशी आंदोलन को आधुनिक स्वरूप देने का प्रयास है।

विपक्ष पर जमकर वार
प्रेस वार्ता के दौरान भूपेंद्र चौधरी विपक्ष पर भी खूब गरजे। उन्होंने कहा कि विपक्ष किसानों को खाद की कमी का झूठा डर दिखा रहा है, जबकि हकीकत यह है कि देशभर में खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और किसान बिना किसी समस्या के इसे प्राप्त कर रहे हैं।
उन्होंने विपक्ष को सिर्फ राजनीतिक भ्रम फैलाने वाला दल बताया।
गालीकांड पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस और विपक्ष की हताशा को दर्शाता है। जनता अब समझ चुकी है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही भारत की स्थिरता और विकास की गारंटी हैं, इसीलिए एनडीए सरकार लगातार तीसरी बार सत्ता में आई है।
GST में बदलाव को बताया जनता के लिए फायदेमंद
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा किए गए GST स्लैब बदलावों पर भी अपनी राय रखी।
उन्होंने कहा – “ये बदलाव जनहितकारी हैं। इससे प्रणाली और सरल होगी, पारदर्शिता बढ़ेगी और सबसे बड़ी बात यह कि आम उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा।”
उनके मुताबिक सरकार का उद्देश्य ‘ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस’ के साथ-साथ ‘ईज़ ऑफ लिविंग’ भी सुनिश्चित करना है।
जनता की भागीदारी पर जोर
“सेवा पखवाड़ा” के दौरान भाजपा कार्यकर्ता सिर्फ प्रचार तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर देंगे।
भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि हर कार्यकर्ता को अपने क्षेत्र में कम से कम 100 परिवारों तक पहुँचने का लक्ष्य दिया गया है।
इसके अलावा स्थानीय स्तर पर महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष कार्यक्रम भी रखे जाएंगे।
गांधी और शास्त्री की सीख से प्रेरणा
यह अभियान केवल योजनाओं का प्रचार नहीं, बल्कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की विचारधारा से प्रेरणा लेने का भी प्रयास है।
भाजपा चाहती है कि स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और सत्य-अहिंसा के सिद्धांतों को आधुनिक भारत में भी प्रासंगिक बनाया जाए।
इसीलिए 2 अक्टूबर के दिन विशेष रूप से स्वच्छता अभियान और खादी प्रोत्साहन कार्यक्रम रखे जाएंगे।
भाजपा का संदेश – “सेवा ही संगठन”
भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि भाजपा का मूल मंत्र है “सेवा ही संगठन”।
इसलिए “सेवा पखवाड़ा” पार्टी की संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ जनता के बीच एक भरोसा पैदा करने का जरिया भी है।



