GD Goenka School News : जी.डी. गोयंका पब्लिक स्कूल में “IGNITE – The Inter School Sports Fest” का भव्य आगाज़

ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टुडे। स्वर्ण नगरी स्थित जी.डी. गोयंका पब्लिक स्कूल में दो दिवसीय अंतर्विद्यालयी खेल उत्सव “IGNITE – The Inter School Sports Fest” का शुभारंभ उत्साह और उमंग के साथ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. रेणु सहगल ने आकाश में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़कर किया, जिसने पूरे वातावरण को ऊर्जा और जोश से भर दिया।
इस खेल महोत्सव में अंडर-19 वर्ग के 45 विद्यालयों की टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, एरोबिक्स, टेबल टेनिस, टेनिस, योगा, हाई जंप, लॉन्ग जंप, खो-खो, फुटबॉल, कैरम, चेस, वॉलीबॉल और बास्केटबॉल (बॉयज़ एवं गर्ल्स कैटेगरी) जैसे रोमांचक खेलों का आयोजन किया गया।
खिलाड़ियों का उत्साह और जोश देखने लायक रहा। मैदान में छात्रों की ऊर्जा, टीम भावना और प्रतिस्पर्धा का जज़्बा स्पष्ट रूप से झलक रहा था। उपस्थित शिक्षकों और अभिभावकों ने विद्यालय के इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल विद्यार्थियों में खेल भावना और अनुशासन का विकास करते हैं, बल्कि उनके शारीरिक और मानसिक संतुलन को भी सुदृढ़ बनाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विजयी प्रतिभागियों को पदक और प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
विद्यालय प्रबंधन ने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि “IGNITE” जैसे आयोजन विद्यार्थियों को जीवन के हर क्षेत्र में उत्कृष्टता की प्रेरणा देते हैं।



