शिक्षागौतमबुद्ध नगरग्रेटर नोएडा

GNIOT College News : जीएनआईओटी में “अभिनंदनम् 2025” का भव्य आयोजन नवाचार, प्रेरणा और सांस्कृतिक रंगों से सजा ओरिएंटेशन कार्यक्रम, छात्रों ने सीखी नई दिशा और भविष्य की उड़ान, “मनन क्लब” की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टुडे।
ज्ञान और संस्कृति का संगम, नवाचार और प्रेरणा का अनूठा मेल तथा युवाओं के सपनों को पंख देने वाला माहौल—यही नज़ारा था जीएनआईओटी (GNIOT) इंजीनियरिंग संस्थान में आयोजित “अभिनंदनम् 2025” ओरिएंटेशन कार्यक्रम का। कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग – आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं डाटा साइंस (CSE–AI&DS) विभाग ने गुरुवार, 11 सितम्बर 2025 को अपने द्वितीय वर्ष के छात्रों के लिए इस विशेष आयोजन को आयोजित किया।
ग्रेटर नोएडा स्थित जीएनआईओटी का यह आयोजन युवाओं के लिए एक मील का पत्थर साबित हुआ। यहां शिक्षा के साथ संस्कृति का संगम, तकनीकी दृष्टिकोण और राष्ट्रीय भावना का ऐसा संतुलन देखने को मिला जो आने वाले कल में इन छात्रों को भारत के टेक्नो-नेशन बिल्डर बनाएगा।

मुख्य अतिथि ने दिया नवाचार और साहस का मंत्र

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि रहे डाॅ. राजेश कुमार त्रिपाठी, वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अतिरिक्त निदेशक, रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO), रक्षा मंत्रालय, दिल्ली।

अपने प्रेरक संबोधन में डॉ. त्रिपाठी ने कहा कि “आज की युवा पीढ़ी यदि नवाचार, साहस और उद्देश्यपूर्ण शिक्षा अपनाती है तो आने वाले दशक में भारत को विश्वगुरु बनाने में कोई संदेह नहीं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डाटा साइंस न केवल तकनीक बल्कि देश की प्रगति की धुरी बनने जा रहे हैं।” उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे सिर्फ नौकरी के लिए नहीं बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण के लिए पढ़ाई करें।

“मनन क्लब” की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण रहा विभाग की छात्र इकाई “मनन क्लब” द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम। रंगारंग नृत्य प्रस्तुतियों ने ऊर्जा और उत्साह से वातावरण को जीवंत कर दिया। छात्रों द्वारा प्रस्तुत नाटिका ने समाज में शिक्षा और तकनीक के महत्व को रेखांकित किया।

काव्य-पाठ में युवा कवियों ने नवभारत के सपनों और चुनौतियों पर भावपूर्ण अभिव्यक्ति दी। संगीतमय प्रस्तुतियों ने पूरे सभागार को तालियों से गूंजा दिया। इन सभी कार्यक्रमों ने न केवल छात्रों की रचनात्मकता और प्रतिभा को उजागर किया बल्कि उनकी टीम भावना और अनुशासन को भी सामने रखा।

विभागाध्यक्ष ने बताया कार्यक्रम का उद्देश्य

सीएसई–एआई एंड डीएस विभागाध्यक्ष डा. विजय शुक्ला ने कहा कि इस ओरिएंटेशन का मकसद द्वितीय वर्ष के छात्रों को दिशा देना, उन्हें आने वाली चुनौतियों और अवसरों से अवगत कराना और आत्मविश्वास से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि “तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ अनुशासन, टीमवर्क और नवाचार की भावना ही सफलता का असली सूत्र है।”

संस्थान प्रबंधन की शुभकामनाएँ

डायरेक्टर डॉ. धीरज गुप्ता ने छात्रों की प्रस्तुतियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह आयोजन छात्रों के लिए करियर और जीवन के नए पड़ाव की शुरुआत है। ग्रुप चेयरमैन डॉ. राजेश गुप्ता ने छात्रों और शिक्षकों की मेहनत को सराहते हुए विश्वास जताया कि यह विभाग आने वाले वर्षों में तकनीकी शोध और नवाचार का केंद्र बनेगा।

भविष्य की ओर बढ़ते कदम

“अभिनंदनम् 2025” सिर्फ एक ओरिएंटेशन नहीं था, बल्कि यह छात्रों को आत्मविश्वास, प्रेरणा और राष्ट्रीय योगदान की दिशा दिखाने वाला मंच बन गया।
इस कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि शिक्षा केवल कक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज, संस्कृति और देश के विकास से गहराई से जुड़ी हुई है।

रफ़्तार टुडे की न्यूज़


Raftar Today
Raftar Today

Related Articles

Back to top button