Authority Breaking News : "ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ करप्शन फ्री इंडिया का हल्ला बोल, गांवों की समस्याओं पर गरजा जनसमूह, शहीदों की धरती जुनेदपुर से उठी बदलाव की पुकार", गांवों में अंधियारा – टूटी सड़कें और जलभराव से नारकीय हालात

ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टुडे। ग्रेटर नोएडा के गांवों की दुर्दशा और मूलभूत सुविधाओं की घोर अनदेखी को लेकर आज करप्शन फ्री इंडिया संगठन ने जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन के प्रदेश महासचिव मास्टर दिनेश नागर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का घेराव किया और गांव जुनेदपुर, रोशनपुर, डाढा और मांयचा समेत कई इलाकों की समस्याओं को सामने लाया। ग्रामीणों की पीड़ा और गुस्से से गूंजे इस प्रदर्शन के दौरान संगठन ने सीईओ रवि एनजी को संबोधित ज्ञापन वरिष्ठ प्रबंधक अजीत पटेल को सौंपा।
गांवों में अंधियारा – टूटी सड़कें और जलभराव से नारकीय हालात
प्रदर्शन के दौरान संगठन के संस्थापक चौधरी प्रवीण भारतीय और आलोक नागर ने कहा कि प्राधिकरण की लापरवाही के कारण गांव आज भी अंधेरे में डूबे हैं। जगह-जगह टूटी नालियां, तालाबों का ओवरफ्लो और मुख्य रास्तों पर जलभराव ग्रामीणों के जीवन को नरक बना रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब शहर की कॉलोनियों में हाई-टेक लाइटिंग, सुंदर सड़कें और पार्क बन रहे हैं, तो गांव क्यों अंधेरे और बदहाली में सड़ रहे हैं?
जुनेदपुर: शहीदों की धरती, फिर भी बदहाल
इस प्रदर्शन में खास तौर पर जुनेदपुर गांव का मुद्दा सबसे ज्यादा गूंजा। चौधरी प्रवीण भारतीय ने बताया कि यह गांव शहीदों की धरती है। यहां 1857 की क्रांति के नायक शहीद गुर्जर दरियाव सिंह नागर ने अंग्रेजी हुकूमत को लोहे के चने चबवाए थे। लेकिन अफसोस कि आज इसी शहीद की धरती पर अंधकार और लापरवाही का राज है। संगठन ने मांग रखी कि शहीद गुर्जर दरियाव सिंह चौक और हीस बाबा व सिद्ध बाबा मंदिर पर तुरंत हाई मास्क लाइट लगाई जाए।
ज्ञापन में रखी गईं ये बड़ी मांगें
1. जुनेदपुर, मांयचा और डाढा गांवों के मुख्य मार्गों पर टूटी स्ट्रीट लाइटें ठीक की जाएं और नई लाइटें लगाई जाएं।
2. शहीद दरियाव सिंह नागर चौक और धार्मिक स्थलों पर हाई मास्क लाइटें लगाई जाएं।
3. जलभराव और तालाब ओवरफ्लो की समस्या का तुरंत निपटारा किया जाए।
4. टूटी नालियों की मरम्मत की जाए और गांवों में नियमित सफाई की व्यवस्था की जाए।

प्राधिकरण को अल्टीमेटम – नहीं सुधरे हालात तो होगा बड़ा आंदोलन
प्रदेश महासचिव मास्टर दिनेश नागर ने साफ कहा कि संगठन अब गांवों की बदहाली बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर प्राधिकरण ने जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया तो करप्शन फ्री इंडिया संगठन को बड़ा जनांदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
गांवों की आवाज अब गूंजेगी और तेज
ग्रेटर नोएडा की चमक-दमक और हाई-टेक शहर की छवि के पीछे गांवों की हकीकत आज भी अंधेरे और बदहाली से भरी हुई है। करप्शन फ्री इंडिया संगठन का यह आंदोलन इस सच्चाई को उजागर करता है कि विकास का दावा अधूरा है। गांवों की समस्याओं का हल अब टल नहीं सकता। अगर प्राधिकरण ने इन्हें नजरअंदाज किया, तो यह आवाज अब आंदोलन की आंधी बनकर उठेगी।
प्रदर्शन में गूंजे नारे – ग्रामीण एकजुट
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण और संगठन के कार्यकर्ता शामिल हुए। इस मौके पर मुन्नीलाल नागर, कुलबीर भाटी, गौरव भाटी, हरीश भाटी, पिंटू, नवीन भाटी, लखमी पंडित, मोहित नागर, ब्रह्म प्रधान, कमल, इंद्रजीत भगत, केशराम नागर, अभिषेक नागर, सौरभ, रत्नपाल, देवेंद्र प्रधान, जग्गू सिंह, जितेंद्र, नरेश, रमेश नागर, दीपक, केशव, कल्लू, संदीप नागर, अनुज नागर, योगी नागर, सोनू, वरुण, आकाश, सुंदर नागर, मन्नर समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।
नारेबाजी के बीच कार्यकर्ताओं ने प्राधिकरण को याद दिलाया कि अगर गांवों की समस्याएं जल्द नहीं सुलझीं तो यह गुस्सा आने वाले समय में बड़ा आंदोलन बनकर सामने आएगा।ग्रामीणों की पीड़ा और गुस्से से गूंजे इस प्रदर्शन के दौरान संगठन ने सीईओ रवि एनजी को संबोधित ज्ञापन वरिष्ठ प्रबंधक अजीत पटेल को सौंपा



