Trading Newsगौतमबुद्ध नगरग्रेटर नोएडाटॉप न्यूजताजातरीनदादरीनोएडामेट्रो

Metro News : ग्रेटर नोएडा वेस्ट की किस्मत बदलने वाली है!, मेट्रो का बड़ा धमाका, बोड़ाकी से बॉटेनिकल तक दौड़ेगी विकास की रफ्तार, नोएडा एयरपोर्ट तक सफर होगा आसान, 13 एजेंसियों ने दिखाई रुचि, पहली बार अपनाया जाएगा नया मॉडल, आईटी कंपनियों और निवेशकों के लिए बनेगा नया आकर्षण

ग्रेटर नोएडा वेस्ट, रफ़्तार टूडे। ग्रेटर नोएडा वेस्ट, नोएडा और आसपास के लाखों लोगों के लिए सार्वजनिक परिवहन को लेकर बड़ी खुशखबरी सामने आई है। लंबे समय से जिस मेट्रो विस्तार का इंतजार किया जा रहा था, अब वह धीरे-धीरे जमीन पर उतरता दिखाई दे रहा है। नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (NMRC) ने प्रस्तावित नए मेट्रो कॉरिडोरों के विकास की दिशा में अहम कदम बढ़ा दिया है। सेक्टर-142 से बॉटेनिकल गार्डन और ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़ाकी तक प्रस्तावित मेट्रो विस्तार परियोजना के लिए 13 एजेंसियों ने रुचि दिखाई है। इससे यह साफ संकेत मिल रहे हैं कि आने वाले समय में ग्रेटर नोएडा वेस्ट की कनेक्टिविटी में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। यह परियोजना केवल मेट्रो विस्तार तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे आधुनिक शहरी विकास, व्यावसायिक निवेश, रोजगार सृजन और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक बेहतर पहुंच के साथ जोड़कर देखा जा रहा है। यदि सभी प्रक्रियाएं तय समय पर पूरी होती हैं तो आने वाले वर्षों में एनसीआर का यह इलाका देश के सबसे आधुनिक ट्रांजिट नेटवर्क वाले क्षेत्रों में शामिल हो सकता है।

13 एजेंसियों ने दिखाई रुचि, पहली बार अपनाया जाएगा नया मॉडल

एनएमआरसी ने हाल ही में प्रस्तावित स्टेशनों के विकास के लिए एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (EOI) जारी किया था। इसके जवाब में कुल 13 एजेंसियों ने भागीदारी की इच्छा जताई है। अब इन एजेंसियों के साथ विस्तृत बैठक कर उनके सुझाव लिए जाएंगे और उसके बाद आगे की प्रक्रिया तय होगी। इस बार एनएमआरसी पारंपरिक मॉडल से हटकर नई रणनीति पर काम कर रहा है। चयनित एजेंसी न केवल स्टेशन निर्माण में भागीदारी करेगी, बल्कि स्टेशन के साथ अपनी कंपनी या ब्रांड का नाम जोड़ सकेगी। इसके अतिरिक्त स्टेशन परिसर में व्यावसायिक गतिविधियां विकसित कर राजस्व भी अर्जित कर सकेगी। इस मॉडल को उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर में अपनी तरह की पहली पहल माना जा रहा है।

नोएडा एक्सप्रेसवे के लाखों लोगों को मिलेगा सीधा फायदा

सेक्टर-142 से बॉटेनिकल गार्डन तक प्रस्तावित लगभग 11.56 किलोमीटर लंबे नए कॉरिडोर पर आठ आधुनिक मेट्रो स्टेशन विकसित किए जाएंगे। इनमें बॉटेनिकल गार्डन, सेक्टर-44, सेक्टर-94, सेक्टर-97, सेक्टर-105, सेक्टर-108, सेक्टर-93 और पंचशील बालक इंटर कॉलेज स्टेशन शामिल हैं। यह रूट विशेष रूप से नोएडा एक्सप्रेसवे के आसपास रहने वाले लाखों लोगों के लिए बड़ी राहत लेकर आएगा। वर्तमान में इन क्षेत्रों से दिल्ली या नोएडा के अन्य हिस्सों तक पहुंचने में काफी समय लगता है, लेकिन नए कॉरिडोर के शुरू होने के बाद यात्रा अधिक तेज, आसान और सुविधाजनक हो जाएगी।

Raftar Today banner 1 13
Advertishment

बोड़ाकी बनेगा भविष्य का ट्रांसपोर्ट हब

एनएमआरसी की एक्वा लाइन को मौजूदा डिपो से लगभग 2.6 किलोमीटर आगे बढ़ाकर बोड़ाकी तक ले जाने की योजना भी तेजी से आगे बढ़ रही है। इस विस्तार में जुनपत गांव और बोड़ाकी में दो नए स्टेशन बनाए जाएंगे। बोड़ाकी को भविष्य में मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित किया जाना प्रस्तावित है, जहां रेलवे, मेट्रो और अन्य सार्वजनिक परिवहन सेवाओं का एकीकरण होगा। इससे ग्रेटर नोएडा, दादरी और आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी कई गुना बेहतर होने की संभावना है।

आईटी कंपनियों और निवेशकों के लिए बनेगा नया आकर्षण

एनएमआरसी का मानना है कि प्रस्तावित मेट्रो कॉरिडोर के आसपास पहले से ही बड़ी संख्या में आईटी कंपनियां, बहुराष्ट्रीय संस्थान, विश्वविद्यालय और कमर्शियल प्रोजेक्ट मौजूद हैं। बेहतर मेट्रो कनेक्टिविटी मिलने के बाद इन क्षेत्रों में निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। स्टेशन परिसर में व्यावसायिक गतिविधियों की अनुमति मिलने से निजी निवेश भी बढ़ेगा, जिससे एनएमआरसी को अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होगा और यात्रियों को भी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक नमो भारत कॉरिडोर बनेगा गेम चेंजर

मेट्रो विस्तार के साथ-साथ नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को देश के प्रमुख शहरों से जोड़ने की दिशा में नमो भारत परियोजना पर भी काम जारी है। प्रस्तावित 72.44 किलोमीटर लंबा गाजियाबाद-जेवर कॉरिडोर वर्तमान में डीपीआर चरण में है। इस कॉरिडोर में कुल 12 स्टेशन प्रस्तावित हैं, जिनमें गाजियाबाद, गाजियाबाद साउथ, ग्रेटर नोएडा वेस्ट सेक्टर-4, सेक्टर-2, नॉलेज पार्क-5, सूरजपुर, परी चौक, इकोटेक-6, दनकौर, यीडा सेक्टर-18, यीडा सेक्टर-21 और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट शामिल हैं। लगभग 20,640 करोड़ रुपये की लागत वाली यह परियोजना 180 किलोमीटर प्रति घंटे की डिज़ाइन स्पीड पर आधारित होगी। इसके शुरू होने के बाद गाजियाबाद से जेवर एयरपोर्ट तक का सफर केवल 40 से 50 मिनट में पूरा किया जा सकेगा।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के विकास को मिलेगी नई उड़ान

विशेषज्ञों का मानना है कि मेट्रो और नमो भारत जैसी परियोजनाएं केवल परिवहन सुविधा नहीं बढ़ातीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति देती हैं। बेहतर कनेक्टिविटी से रियल एस्टेट, शिक्षा, उद्योग, व्यापार और पर्यटन क्षेत्र को भी बड़ा लाभ मिलता है।।ग्रेटर नोएडा वेस्ट, जो पिछले कुछ वर्षों में तेजी से विकसित हुआ है, अब आधुनिक सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क मिलने के बाद एनसीआर के सबसे महत्वपूर्ण आवासीय और व्यावसायिक केंद्रों में अपनी मजबूत पहचान बना सकता है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि परियोजनाओं की स्वीकृति और निर्माण कार्य में तेजी आएगी ताकि वर्षों से लंबित मेट्रो विस्तार का सपना जल्द साकार हो सके। यदि यह परियोजनाएं समय पर पूरी होती हैं तो आने वाले वर्षों में नोएडा, ग्रेटर नोएडा, ग्रेटर नोएडा वेस्ट और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बीच यात्रा पहले से कहीं अधिक आसान, तेज और विश्वस्तरीय हो जाएगी।

रफ़्तार टूडे की न्यूज

Raftar Today
Raftar Today

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button