UP International Trade Show News : यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2025 ग्लोबल बिजनेस हब में तब्दील होगा, ग्रेटर नोएडा, DM और ACEO सौम्या श्रीवास्तव ने की तैयारियों की कड़ी समीक्षा, सुरक्षा-ट्रैफिक से लेकर स्टॉल प्रबंधन तक सभी पहलुओं पर दिए सख्त निर्देश, वीवीआईपी मूवमेंट और सुरक्षा व्यवस्था पर फोकस

गौतमबुद्धनगर, रफ़्तार टुडे।
उत्तर प्रदेश अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी औद्योगिक और सांस्कृतिक ताकत दिखाने के लिए तैयार है। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में 25 से 29 सितंबर 2025 तक आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2025 की तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है। जिलाधिकारी मेधा रूपम ने आज संबंधित विभागों और अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की, जिसमें आयोजन की सभी तैयारियों का बारीकी से जायज़ा लिया गया।
डीएम ने बैठक में साफ शब्दों में कहा कि यह आयोजन सिर्फ उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश की साख से जुड़ा है। इसलिए सुरक्षा व्यवस्था से लेकर स्टॉल प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई और वीवीआईपी मूवमेंट तक हर पहलू पर उच्चतम मानक अपनाए जाएंगे।
वीवीआईपी मूवमेंट और सुरक्षा व्यवस्था पर फोकस
बैठक में जिलाधिकारी ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को चेतावनी दी कि सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक अस्वीकार्य होगी। चूंकि आयोजन में देश-विदेश से आने वाले व्यापारी, निवेशक, राजनयिक और वीवीआईपी शिरकत करेंगे, ऐसे में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने जरूरी हैं।
सीसीटीवी कैमरे हर कोने में लगाए जाएंगे।
प्रवेश और निकास द्वारों पर सख्त चेकिंग होगी।
वीवीआईपी रूट को पहले से ही सुरक्षित और व्यवस्थित किया जाएगा।
ट्रैफिक और पार्किंग के लिए विशेष योजना
इंडिया एक्सपो मार्ट जैसे बड़े आयोजनों में अक्सर ट्रैफिक जाम और पार्किंग की समस्या सबसे बड़ी चुनौती बनती है। इसे ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने ट्रैफिक पुलिस को विस्तृत प्लान बनाने के निर्देश दिए। अलग-अलग श्रेणी के वाहनों के लिए अलग पार्किंग स्थल तय किए जाएंगे।मुख्य मार्गों पर साइन बोर्ड और गाइडिंग डिस्प्ले लगाए जाएंगे।इमरजेंसी स्थिति में एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड के लिए ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था की जाएगी।
स्वच्छता और स्वास्थ्य सुविधाएं रहेंगी प्राथमिकता
जिलाधिकारी ने कहा कि इस आयोजन से पूरे प्रदेश की छवि जुड़ी है, ऐसे में साफ-सफाई और स्वास्थ्य सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। आयोजन स्थल और उसके आसपास की सड़कें और पार्किंग क्षेत्र पूरी तरह साफ रखे जाएंगे।
पेयजल आपूर्ति और विद्युत व्यवस्था लगातार सुचारू रखी जाएगी।
आयोजन स्थल पर हेल्थ कैंप, डॉक्टरों की टीम और एंबुलेंस तैनात रहेंगे।
फायर सेफ्टी उपकरण और टीम भी मौके पर मौजूद रहेगी।

स्टॉल प्रबंधन और प्रतिभागियों की सुविधा
इंटरनेशनल ट्रेड शो में देश-विदेश के हजारों व्यापारी और कंपनियां अपने उत्पाद और सेवाएं प्रदर्शित करेंगी। इसके लिए स्टॉल प्रबंधन बेहद व्यवस्थित और आकर्षक बनाने पर जोर दिया गया। प्रत्येक प्रतिभागी को हेल्प डेस्क और सूचना केंद्र से मार्गदर्शन मिलेगा। प्रतिभागियों और आगंतुकों की सुविधा के लिए वॉलंटियर टीम तैनात की जाएगी।
डिजिटल सिस्टम के जरिए आगंतुकों को स्टॉल लोकेशन और इवेंट शेड्यूल की जानकारी दी जाएगी।
विभागों के बीच समन्वय अनिवार्य
जिलाधिकारी मेधा रूपम ने कहा कि इस आयोजन की सफलता के लिए सभी विभागों का सामूहिक प्रयास और तालमेल जरूरी है। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी विभाग को अपनी जिम्मेदारी से पीछे नहीं हटना चाहिए और समयबद्ध तरीके से काम पूरा करना होगा।
यूपी की ब्रांडिंग का सुनहरा अवसर
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2025 सिर्फ एक व्यापारिक मेला नहीं बल्कि यह प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, सांस्कृतिक विविधता और निवेश संभावनाओं का भव्य प्रदर्शन होगा। सरकार की कोशिश है कि इस आयोजन के जरिए उत्तर प्रदेश को ग्लोबल बिजनेस डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित किया जाए।
इस आयोजन से न केवल विदेशी निवेश आकर्षित होगा बल्कि स्थानीय उद्योगों, स्टार्टअप्स और MSME सेक्टर को भी एक बड़ा मंच मिलेगा।
बैठक में मौजूद अधिकारी और प्रतिनिधि
समीक्षा बैठक में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ग्रेटर नोएडा सौम्य श्रीवास्तव, चैयरमैन आईईएमएल डॉ. राकेश कुमार, डीसीपी ट्रैफिक मनीषा सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, ओएसडी यमुना प्राधिकरण शैलेंद्र कुमार भाटिया, डिप्टी कलेक्टर दुर्गेश सिंह, उपायुक्त उद्योग अनिल कुमार, सीईओ आईईएमएल सुदीप सरकार समेत पुलिस और प्रशासनिक विभागों के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



