Fortis Hospital News : फोर्टिस ग्रेटर नोएडा में बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए ऐतिहासिक कदम, क्रिकेटर भुवनेश्वर कुमार ने किया अत्याधुनिक पीआईसीयू का शुभारंभ, अब गंभीर बीमारियों से जूझते मासूमों को मिलेगा जीवनदान

ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टुडे।
स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए फोर्टिस ग्रेटर नोएडा अस्पताल ने अपने कैंपस में अत्याधुनिक पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट (PICU) की शुरुआत की है। इस नई सुविधा का उद्घाटन भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज तेज़ गेंदबाज़ भुवनेश्वर कुमार ने किया।
इस ऐतिहासिक अवसर ने न केवल शहर बल्कि पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए स्वास्थ्य सेवाओं की तस्वीर बदल दी है।
क्या है नया पीआईसीयू और क्यों है खास?
फोर्टिस का नया पीआईसीयू पश्चिमी यूपी का सबसे बड़ा और सबसे आधुनिक यूनिट बताया जा रहा है। इसमें 10 बेड्स के साथ ही विशेष आइसोलेशन यूनिट की भी सुविधा दी गई है। यहां 18 साल तक के बच्चों का इलाज किया जाएगा।
यह यूनिट सिर्फ बेड्स तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें बच्चों के इलाज के लिए विश्वस्तरीय तकनीक उपलब्ध कराई गई है।
अत्याधुनिक उपकरणों में शामिल हैं –
- पीडियाट्रिक वेंटिलेटर
- कार्डियक एवं न्यूरोलॉजिकल मॉनिटरिंग सिस्टम
- हाई-फ्रीक्वेंसी वेंटिलेटर
- ईसीएमओ (Extracorporeal Membrane Oxygenation) तकनीक
इन सभी सुविधाओं की मदद से अब गंभीर बीमारियों से जूझते बच्चों को समय रहते बेहतर इलाज मिलेगा।
भुवनेश्वर कुमार का भावुक संबोधन
उद्घाटन के मौके पर भुवनेश्वर कुमार ने कहा –
“फोर्टिस ग्रेटर नोएडा का यह पीआईसीयू बच्चों की जिंदगी बचाने में मील का पत्थर साबित होगा। गंभीर बीमारियों में समय पर इलाज मिलने से मृत्यु दर में कमी आएगी और यह पूरे क्षेत्र के लिए बड़ी राहत की बात है।”
भुवनेश्वर कुमार ने यह भी कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं में निवेश समाज की सबसे बड़ी सेवा है और बच्चों की मुस्कान ही सबसे बड़ी प्रेरणा है।
डॉक्टरों की टीम ने बताया महत्व
फोर्टिस ग्रेटर नोएडा के कंसल्टेंट पीडियाट्रिक्स डॉ. कुशाग्र गुप्ता ने बताया कि बच्चों की बीमारियां बेहद तेजी से बिगड़ सकती हैं। ऐसे में पीआईसीयू जैसी सुविधाएं जीवन रक्षक साबित होती हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और अनुभवी चिकित्सक टीम की मौजूदगी से यहां के बच्चों को वह सुविधा मिलेगी जो अब तक केवल बड़े मेट्रो शहरों में उपलब्ध थी।
अस्पताल प्रबंधन का संकल्प
फोर्टिस हेल्थकेयर के जोनल डायरेक्टर मोहित सिंह ने कहा –
“यह नई यूनिट हमारे संकल्प का प्रमाण है। हमारा लक्ष्य है कि हर मरीज को बेहतर जीवन दिया जाए। फोर्टिस की यह पहल पूरे क्षेत्र के परिवारों को सुरक्षा और भरोसा प्रदान करेगी।”
फोर्टिस ग्रेटर नोएडा के फैसिलिटी डायरेक्टर सिद्धार्थ निगम ने बताया कि 24 घंटे उपलब्ध चिकित्सक टीम और हाई-टेक उपकरण इलाज को और अधिक सटीक बनाएंगे। उन्होंने कहा कि अस्पताल की यह पहल निश्चित रूप से स्थानीय लोगों की ज़रूरतों को पूरा करेगी।
स्थानीय लोगों की उम्मीदों को मिला पंख
स्थानीय परिवारों और अभिभावकों ने इस पहल का स्वागत किया है। उनका कहना है कि अब उन्हें अपने बच्चों के गंभीर इलाज के लिए दिल्ली या अन्य बड़े शहरों की ओर भागना नहीं पड़ेगा। ग्रेटर नोएडा और आसपास के जिलों जैसे बुलंदशहर, अलीगढ़, गाजियाबाद और हापुड़ से आने वाले मरीजों को अब यहीं विश्वस्तरीय सुविधा मिलेगी।
फोर्टिस ग्रेटर नोएडा का यह अत्याधुनिक पीआईसीयू क्षेत्र के बच्चों के लिए सचमुच जीवनदायिनी साबित होगा।
यह सिर्फ एक अस्पताल का विस्तार नहीं बल्कि बच्चों की सुरक्षा, परिवारों की उम्मीद और आधुनिक चिकित्सा सेवाओं का संगम है।
🛑 Raftar Today व्हाट्सएप चैनल से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को टच करें।
Follow the Raftar Today channel on WhatsApp
Twitter (X): Raftar Today (@raftartoday)



