Breaking News : “ब्राह्मणों पर टिप्पणी से मचा सियासी भूचाल!”, सोशल मीडिया पर घिरे सपा नेता राजकुमार भाटी, माफी की मांग तेज, ब्राह्मण समाज में भारी आक्रोश, अखिलेश यादव से कार्रवाई की उठी मांग, राजनीतिक गलियारों में बढ़ी हलचल

गौतमबुद्ध नगर, रफ़्तार टूडे। गौतमबुद्ध नगर की राजनीति में उस समय बड़ा विवाद खड़ा हो गया, जब समाजवादी पार्टी से जुड़े नेता राजकुमार भाटी का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। वीडियो में वह ब्राह्मण समाज को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करते दिखाई दे रहे हैं। वायरल वीडियो में उनके द्वारा कथित रूप से कहा गया कि “एक वेश्या से नीचे ब्राह्मण की औकात है” और “वेश्या भली हो सकती है लेकिन ब्राह्मण भला नहीं हो सकता।”
वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Facebook और X (Twitter) पर तीखी प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया। ब्राह्मण समाज के लोगों ने इसे समाज का अपमान बताते हुए कड़ी नाराजगी जाहिर की है। कई सामाजिक संगठनों और यूजर्स ने राजकुमार भाटी से सार्वजनिक माफी की मांग की है, जबकि कुछ लोगों ने समाजवादी पार्टी नेतृत्व से उनके खिलाफ कार्रवाई करने की अपील भी की है।
सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा, यूजर्स ने किए तीखे कमेंट
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कई यूजर्स ने इस बयान को “अभद्र”, “अशोभनीय” और “समाज को बांटने वाला” करार दिया।
एक फेसबुक यूजर रोहित कुमार ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि “राजकुमार भाटी पहले अपना तो पता कर लें कि वो कौन हैं? ब्राह्मण समाज अपनी पर आ गया तो मिट्टी में मिला देगा।”
वहीं फेसबुक यूजर चिराग पंडित ने लिखा—“ऐसे घटिया लोगों को पार्टी से बाहर निकाल देना ही बेहतर है। मैं राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से अनुरोध करता हूं कि ऐसे व्यक्ति को जल्द पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया जाए।”
वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन ने जताई नाराजगी
वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन (WBF) के पश्चिम क्षेत्र के कार्यकारी क्षेत्रीय अध्यक्ष चंद्रमणि भारद्वाज ने भी इस बयान की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि— “ब्राह्मण समाज केवल ज्ञान और संस्कार का प्रतीक नहीं, बल्कि धर्म और आत्मसम्मान का भी प्रतीक है। इस प्रकार की टिप्पणियां समाज में विभाजन पैदा करने का प्रयास हैं।”
उन्होंने यह भी कहा कि यदि सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी गई, तो ब्राह्मण समाज लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके से विरोध दर्ज कराएगा। साथ ही उन्होंने पुरोहित और पुजारी वर्ग से अपील की कि ऐसे समाज विरोधी लोगों के धार्मिक आयोजनों का बहिष्कार करने पर विचार किया जाए।
“ब्राह्मण और गुर्जर समाज हमेशा साथ रहे”
चंद्रमणि भारद्वाज ने अपने बयान में यह भी कहा कि गौतमबुद्ध नगर में ब्राह्मण और गुर्जर समाज हमेशा सौहार्दपूर्ण तरीके से साथ रहे हैं और ऐसे बयान सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले हैं। उन्होंने कहा कि समाज पहले भी इस तरह की राजनीति का जवाब देता आया है और आगे भी देगा।
नकुल भारद्वाज ने भी साधा निशाना
सोशल मीडिया पर नकुल भारद्वाज नामक यूजर ने भी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा— “राजकुमार भाटी का वेश्याओं से पुराना नाता नजर आता है, इसलिए उनकी चिंता कर रहे हैं। लेकिन ब्राह्मण समाज पर टिप्पणी बहुत भारी पड़ेगी।”
उन्होंने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि ब्राह्मण समाज इस बयान को भूलेगा नहीं।
अखिलेश यादव के पुराने बयान से तुलना
इस विवाद के बीच सोशल मीडिया पर समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव का एक पुराना वीडियो भी वायरल किया जा रहा है, जिसमें वे कथित रूप से कहते दिखाई दे रहे हैं— “मैं पंडित जी/ब्राह्मण की मर्जी के एक कदम भी आगे नहीं चल सकता।”
इसी को लेकर एडवोकेट श्याम शर्मा देवटा ने सवाल उठाते हुए कहा कि एक तरफ पार्टी नेतृत्व ब्राह्मण समाज के सम्मान की बात करता है और दूसरी तरफ पार्टी के नेता ऐसे बयान देते हैं। उन्होंने पूछा— “आखिर कौन सही है और कौन गलत? इसका जवाब समाजवादी पार्टी नेतृत्व को देना चाहिए।”
महिलाओं के सम्मान का मुद्दा भी उठा
श्याम शर्मा देवटा ने अपने बयान में यह भी कहा कि किसी महिला को अपमानजनक तरीके से संदर्भित करना भी गलत है। उन्होंने कहा— “वेश्या भी हमारे समाज की ही बेटी, बहन और महिला होती है। किसी भी महिला के लिए अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल उचित नहीं है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि इस बयान से महिलाओं के प्रति सोच भी उजागर होती है और राजनीतिक दलों को इस विषय पर स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए।
राजनीतिक गलियारों में बढ़ी हलचल
वीडियो वायरल होने के बाद गौतमबुद्ध नगर की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह मामला आने वाले समय में और तूल पकड़ सकता है, खासकर तब जब प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल धीरे-धीरे गर्म होने लगा है।
ब्राह्मण समाज से जुड़े कई संगठनों और लोगों ने मांग की है कि यदि वीडियो सही पाया जाता है तो संबंधित नेता के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं अभी तक समाजवादी पार्टी की ओर से इस पूरे विवाद पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील
स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने अपील की है कि राजनीतिक बयानबाजी के दौरान किसी भी समाज, जाति या वर्ग के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली भाषा से बचा जाना चाहिए। लोगों का कहना है कि गौतमबुद्ध नगर हमेशा सामाजिक सौहार्द और भाईचारे के लिए जाना जाता रहा है और ऐसे विवाद समाज में अनावश्यक तनाव पैदा करते हैं।



