Authority Breaking News : मासूम अव्यान की मौत पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का बड़ा एक्शन! , ठेकेदार पर एफआईआर, दो कर्मचारी बर्खास्त, सीईओ एनजी रवि कुमार बोले– सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को नहीं बख्शेंगे, ठेकेदार की कंपनी होगी ब्लैकलिस्ट, सभी वर्क सर्किलों को जारी हुए सख्त निर्देश
प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एनजी रवि कुमार ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर भेजा और पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। सीईओ के निर्देश पर महाप्रबंधक ए.के. सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक विनोद कुमार शर्मा, सहायक प्रबंधक मनोज चौधरी सहित अन्य अधिकारियों की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची, ACEO सुनील कुमार सिंह ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा "मासूम बच्चे की असमय मृत्यु अत्यंत पीड़ादायक और दुर्भाग्यपूर्ण है। प्राधिकरण इस घटना को बेहद गंभीरता से ले रहा है

ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-2 स्थित कलाधाम सोसाइटी में छह वर्षीय मासूम अव्यान सूर्या की बोरवेल (नलकूप) के गड्ढे में भरे पानी में डूबने से हुई दर्दनाक मौत के मामले में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। घटना को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए प्राधिकरण ने संबंधित ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही लापरवाही के दोषी पाए गए जल विभाग के सुपरवाइजर और तकनीकी सुपरवाइजर की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं। दोनों अधिकारियों के खिलाफ भी पुलिस में एफआईआर दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है।
प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एनजी रवि कुमार ने घटना की उच्चस्तरीय जांच के निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले किसी भी अधिकारी, कर्मचारी या ठेकेदार को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
निर्माण कार्य में बरती गई लापरवाही बनी मासूम की मौत की वजह
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कलाधाम सोसाइटी में जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगभग तीन दिन पहले नलकूप निर्माण का कार्य शुरू किया गया था। आरोप है कि संबंधित ठेकेदार ने कार्य शुरू करने से पहले जल विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को नियमानुसार सूचना नहीं दी। निर्माण स्थल पर गहरा गड्ढा खोदने के बाद उसमें पानी भर गया, लेकिन न तो उसकी उचित बैरिकेडिंग की गई और न ही सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम किए गए। शनिवार शाम कलाधाम सोसाइटी निवासी केंद्रीय विद्यालय के उपप्रधानाचार्य सीवान यादव का छह वर्षीय पुत्र अव्यान सूर्या खेलते-खेलते उस गड्ढे में गिर गया। गड्ढे में पानी भरा होने के कारण मासूम की डूबने से मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
सीईओ एनजी रवि कुमार ने दिखाई सख्ती, दोषियों पर होगी कठोर कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एनजी रवि कुमार ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर भेजा और पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। सीईओ के निर्देश पर महाप्रबंधक ए.के. सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक विनोद कुमार शर्मा, सहायक प्रबंधक मनोज चौधरी सहित अन्य अधिकारियों की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। जांच में प्रथम दृष्टया ठेकेदार की गंभीर लापरवाही सामने आने पर तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी गई।
ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर, कंपनी होगी ब्लैकलिस्ट
प्राधिकरण की ओर से वरिष्ठ प्रबंधक विनोद कुमार शर्मा ने नॉलेज पार्क कोतवाली में ठेकेदार की फर्म सुप्रीम इंडस्ट्रियल कॉरपोरेशन के प्रोपराइटर मनोज कुमार जैन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। इसके साथ ही प्राधिकरण ने संबंधित कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है, ताकि भविष्य में उसे किसी भी सरकारी कार्य का ठेका न मिल सके।
दो कर्मचारियों की नौकरी गई, उनके खिलाफ भी होगी एफआईआर
जांच में यह भी सामने आया कि प्राधिकरण के जल विभाग के तकनीकी सुपरवाइजर आकाश कुमार और सुपरवाइजर जॉनी कुमार ने अपने दायित्वों का सही तरीके से निर्वहन नहीं किया। सुरक्षा मानकों की निगरानी में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर दोनों कर्मचारियों की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गईं। इतना ही नहीं, उनके खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर भेजी गई है।
सभी वर्क सर्किलों को जारी हुए सख्त निर्देश
घटना के बाद सीईओ एनजी रवि कुमार ने प्राधिकरण के सभी वर्क सर्किलों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि किसी भी निर्माण कार्य की शुरुआत बिना मजबूत बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड, सुरक्षा घेराबंदी और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपायों के नहीं की जाएगी। यदि भविष्य में किसी निर्माण स्थल पर सुरक्षा में लापरवाही पाई गई तो संबंधित ठेकेदार के साथ-साथ जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी के खिलाफ भी कठोर विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसीईओ सुनील कुमार सिंह ने जताया गहरा शोक
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा “मासूम बच्चे की असमय मृत्यु अत्यंत पीड़ादायक और दुर्भाग्यपूर्ण है। प्राधिकरण इस घटना को बेहद गंभीरता से ले रहा है। जिन लोगों की लापरवाही सामने आई है, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है। भविष्य में किसी भी निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों से समझौता नहीं होने दिया जाएगा और प्रत्येक परियोजना की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।”
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर निर्माण स्थलों पर सुरक्षा प्रबंधन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि समय रहते गड्ढे की बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई होती तो एक मासूम की जान बचाई जा सकती थी। लोगों ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी निर्माण स्थलों पर सख्त सुरक्षा मानकों को लागू करने की मांग की है।



