Uncategorizedगौतमबुद्ध नगरटॉप न्यूजताजातरीनदादरीप्रशासनशुभकामनाएं

Dadri SDM News : दादरी के नए SDM अभिनेंद्र सिंह से मिले किसान नेता, सरकारी जमीन, तहसील में भ्रष्टाचार और स्कूल की बदहाली के मुद्दे उठाए, गुलदस्ता और स्मृति चिन्ह भेंट कर शुभकामनाएं दीं

दादरी, रफ़्तार टूडे। दादरी तहसील के नवनियुक्त उपजिलाधिकारी (SDM) अभिनेंद्र सिंह से भारतीय किसान यूनियन मंच की कोर कमेटी ने शिष्टाचार भेंट कर उनका स्वागत एवं सम्मान किया। संगठन के पदाधिकारियों ने उन्हें गुलदस्ता और स्मृति चिन्ह भेंट कर शुभकामनाएं दीं तथा क्षेत्र के किसानों और आम जनता से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उनके समक्ष रखा। किसान नेताओं ने सरकारी भूमि के संरक्षण, तहसील में भ्रष्टाचार, अवैध कब्जों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई की मांग की।

भारतीय किसान यूनियन मंच के राष्ट्रीय महासचिव मास्टर मनमिंदर भाटी ने कहा कि दादरी तहसील क्षेत्र के अनेक गांवों में एलएमसी (सरकारी भूमि) के अभिलेख स्पष्ट नहीं हैं और न ही उनके संरक्षण की समुचित व्यवस्था है। उन्होंने बताया कि जिन गांवों में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा सहमति के आधार पर भूमि अधिग्रहित की गई है, वहां बारातघर, खेल मैदान, विद्यालय, पार्क, ओपन जिम और वृक्षारोपण जैसी सार्वजनिक सुविधाओं के लिए सरकारी भूमि सुरक्षित रखी जानी चाहिए थी। उनका आरोप था कि कई स्थानों पर कथित मिलीभगत के चलते सरकारी जमीन पर अवैध कॉलोनियां विकसित कर कब्जा किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों के सार्वजनिक अधिकार प्रभावित हो रहे हैं।

युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष चिकू यादव ने सौरखा और पर्थला गांवों की सरकारी भूमि पर सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्य कराने की मांग को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि इन स्थानों को विकसित कर आम लोगों के उपयोग के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

वहीं प्रदेश प्रभारी विक्रांत भाटी ने दादरी तहसील में कार्यरत कुछ लेखपालों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि किसानों को नामांतरण, खतौनी, सीमांकन और अन्य राजस्व कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने प्रशासन से पारदर्शी व्यवस्था लागू करने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

अन्नू सरपंच ने कहा कि किसान लंबे समय से अपनी समस्याओं को लेकर तहसील प्रशासन को ज्ञापन देते रहे हैं, लेकिन पूर्व में कई मामलों का समाधान नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि नए एसडीएम अभिनेंद्र सिंह द्वारा सुबह से शाम लगभग सात बजे तक नियमित जनसुनवाई किए जाने से किसानों में नई उम्मीद जगी है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्तमान प्रशासन किसानों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करेगा।

बैठक के दौरान डॉ. मोहसिन ने कटहैड़ा रोड स्थित राजकीय इंटर कॉलेज की बदहाल स्थिति का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। स्कूल तक पहुंचने वाली सड़क लंबे समय से गड्ढों में तब्दील है, जिससे छात्रों और शिक्षकों को परेशानी होती है। इसके अलावा मिड-डे मील की अनियमित व्यवस्था और शिक्षकों की कमी जैसे मुद्दों को भी प्रशासन के समक्ष रखा गया।

किसान संगठन ने एसडीएम से मांग की कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया जाए, अवैध कब्जों की निष्पक्ष जांच कराई जाए, तहसील में भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतों पर सख्त कार्रवाई हो तथा राजकीय इंटर कॉलेज की मूलभूत समस्याओं का शीघ्र समाधान कराया जाए।

इस अवसर पर अजब सिंह भाटी, विकास कलशन, ज्ञानेंद्र यादव, आयुष शर्मा, गोविंद यादव, मनोज प्रधान सहित भारतीय किसान यूनियन मंच के अनेक पदाधिकारी एवं किसान मौजूद रहे।

रफ़्तार टूडे की न्यूज
Raftar Today
Raftar Today

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button