राजनीतिताजातरीनदिल्ली एनसीआरनोएडापुलिसप्रशासनब्रेकिंग न्यूज़

CM Yogi on Bhangel Elevated Road Inauguration : नोएडा में “भंगेल एलिवेटेड रोड” पर जल्द दौड़ेंगी गाड़ियां!, सीएम योगी करेंगे उद्घाटन, खत्म होगा इंतजार – अब नहीं लगेगा ट्रैफिक का जाम!, सवा पांच साल में पूरा हुआ प्रोजेक्ट, दो महीने से बनकर तैयार सड़क अब खुलने को तैयार

नोएडा, रफ़्तार टुडे। नोएडा वासियों के लंबे इंतजार का अंत अब बस कुछ ही दिनों में होने वाला है। बहुप्रतीक्षित भंगेल एलिवेटेड रोड (Bhangel Elevated Road) पर अब गाड़ियां फर्राटा भरने को तैयार हैं। सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 12 या 13 नवंबर को लखनऊ से वर्चुअल तरीके से इस परियोजना का उद्घाटन कर सकते हैं। अगर किसी कारणवश इन तारीखों पर उनका कार्यक्रम नहीं बन पाया, तो 15 नवंबर को उनके नोएडा आगमन पर इसका औपचारिक उद्घाटन संभव है।

यह एलिवेटेड रोड नोएडा की ट्रैफिक व्यवस्था में गेम चेंजर साबित होने जा रही है। लगभग दो महीने पहले ही निर्माण कार्य पूरा हो चुका था, लेकिन उद्घाटन न होने के कारण इसे जनता के लिए नहीं खोला जा सका था। अब प्राधिकरण ने तैयारी पूरी कर ली है और नोएडा के लाखों लोगों को राहत मिलने वाली है।

रफ्तार टुडे” की मुहिम से खुला रास्ता

भंगेल एलिवेटेड रोड के बनकर तैयार होने के बावजूद इसका शुभारंभ न होने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। रोजाना घंटों तक जाम में फंसे रहने वाले यात्रियों के सब्र का बांध टूट रहा था। इस मुद्दे को प्रमुखता से आपके अपने अखबार ‘रफ्तार टुडे’ एवं पोर्टल ने उठाया।

“खत्म करो इंतजार” अभियान के तहत एक सप्ताह तक लगातार इस मामले को उछाला गया, जिससे सरकार और प्राधिकरण हरकत में आए। सोशल मीडिया पर भी इस अभियान को भारी जनसमर्थन मिला। हजारों लोगों ने पोस्ट्स शेयर कर बताया कि इस रोड के खुलने से उनके जीवन में कितनी राहत मिलेगी। अंततः जनता की आवाज़ सरकार तक पहुंची और अब उद्घाटन की तारीख तय कर दी गई है।

एलिवेटेड रोड से मिलेगी जाम से मुक्ति

नोएडा के सेक्टर-41 आगाहपुर से लेकर फेज-2 स्थित नाले तक फैली यह एलिवेटेड रोड, शहर के सबसे भीड़भाड़ वाले मार्गों में से एक को जोड़ती है। इस परियोजना के शुरू हो जाने से बरौला, सलारपुर और भंगेल जैसे क्षेत्रों में रहने वालों को सबसे ज्यादा फायदा मिलेगा।

अब इन इलाकों में लंबे जाम से छुटकारा मिलेगा और लोगों की रोजमर्रा की यात्रा में समय की बड़ी बचत होगी। यह परियोजना न केवल ट्रैफिक को सुगम बनाएगी बल्कि आस-पास के क्षेत्रों में व्यापार और प्रॉपर्टी के दामों पर भी सकारात्मक असर डालेगी।

सवा पांच साल में पूरा हुआ प्रोजेक्ट

डीएससी रोड-दादरी-सूरजपुर-छलेरा मार्ग पर भंगेल एलिवेटेड रोड का काम जून 2020 में शुरू हुआ था। योजना के अनुसार इसे दिसंबर 2022 तक पूरा किया जाना था, लेकिन कोरोना और अन्य तकनीकी कारणों से परियोजना में देरी हुई। आखिरकार सवा पांच साल बाद यह सपना हकीकत में बदला और अब यह पूरी तरह तैयार है।

हालांकि एलिवेटेड रोड के नीचे नाले और सड़कों का निर्माण कार्य अभी कुछ महीनों तक जारी रहेगा। अधिकारियों के अनुसार, आने वाले पांच से छह महीने में नीचे के हिस्से की सभी सुविधाएं पूरी तरह तैयार हो जाएंगी।

लोगों की राहत के लिए “ट्रायल ओपनिंग” की भी तैयारी

यदि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम किसी वजह से 12 या 13 नवंबर को नहीं बन पाता है, तो नोएडा प्राधिकरण ने निर्णय लिया है कि एलिवेटेड रोड को ट्रायल बेसिस पर जनता के लिए खोल दिया जाएगा। बाद में मुख्यमंत्री औपचारिक रूप से इसका शुभारंभ करेंगे।

इससे लाखों दैनिक यात्रियों को तत्काल राहत मिलेगी, क्योंकि यह मार्ग नोएडा के दक्षिणी हिस्से को सीधे औद्योगिक क्षेत्रों से जोड़ता है।

नोएडा प्राधिकरण और जनप्रतिनिधियों ने दी जानकारी

डॉ. लोकेश एम, सीईओ, नोएडा प्राधिकरण ने बताया, “12 या 13 नवंबर में से किसी दिन भंगेल एलिवेटेड रोड के शुभारंभ की तैयारी की जा रही है। जल्द ही इस महत्वपूर्ण परियोजना की शुरुआत कर लोगों को बेहतर यातायात की सुविधा दी जाएगी।”

वहीं, नोएडा के विधायक पंकज सिंह ने कहा“भंगेल एलिवेटेड रोड शुरू होने से लाखों लोगों को फायदा होगा। इस परियोजना से नोएडा की ट्रैफिक व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा और शहर में विकास की गति और बढ़ेगी।”

शहर में विकास का नया अध्याय

भंगेल एलिवेटेड रोड केवल एक सड़क नहीं, बल्कि यह नोएडा के बढ़ते यातायात दबाव को संभालने वाली रीढ़ साबित होगी। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना सिटी जैसे क्षेत्रों में रोजाना बढ़ते वाहनों के दबाव के बीच यह प्रोजेक्ट शहर को नई दिशा देगा।

यह परियोजना भविष्य में सेक्टर-93, 100, 107, 110 जैसे रिहायशी इलाकों के लिए भी कनेक्टिविटी बढ़ाएगी और ट्रैफिक बोझ को मुख्य मार्गों से कम करेगी।

हरित तकनीक और सौंदर्यीकरण की भी योजना

नोएडा प्राधिकरण इस एलिवेटेड रोड के नीचे के हिस्से को हरित और सुंदर बनाने की दिशा में भी काम कर रहा है। यहां ग्रीन बेल्ट, फुटपाथ और साइकल ट्रैक विकसित करने की योजना है। नालों को ढककर उनके ऊपर वॉकवे और पार्किंग क्षेत्र बनाए जाएंगे, ताकि सड़क का उपयोग अधिकतम रूप से किया जा सके।

भंगेल एलिवेटेड रोड का उद्घाटन सिर्फ एक इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट का शुभारंभ नहीं है, बल्कि यह नोएडा के विकास और सुगम यातायात की नई कहानी की शुरुआत है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उद्घाटन के बाद नोएडा की सड़कों पर रफ्तार और राहत दोनों साथ चलेंगी।

मुख्य बिंदु:

उद्घाटन संभवतः 12 या 13 नवंबर को नहीं तो 15 नवंबर को जब CM Yogi नोएडा पहुंचेंगे जब उद्घाटन करेंगे

सीएम योगी लखनऊ से करेंगे वर्चुअल शुभारंभ

सवा पांच साल बाद पूरा हुआ प्रोजेक्ट

बरौला, भंगेल और सलारपुर क्षेत्र को मिलेगी राहत, “खत्म करो इंतजार” मुहिम से मिली परियोजना को गति

रफ़्तार टुडे की न्यूज़
Raftar Today
Raftar Today

Related Articles

Back to top button